देर से पकड़ में क्यों आता है गले का कैंसर? ज्यादातर मामलों में स्टेज 3 पर होता है इसका निदान

Throat Cancer in Hindi: ज्यादातर मामलों में गले का कैंसर बहुत देरी से पकड़ में आता है। जब यह स्टेज 3 में पहुंच जाता है, तब लोगों को पता चलता है कि उन्हें गले में कैंसर है।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : February 21, 2026 1:19 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Deepanshu Gurnani

Throat Cancer: कैंसर कई प्रकार के होते हैं, इसमें गले का कैंसर भी शामिल है। गले का कैंसर तब होता है, जब गले की कोशिकाओं में अनुवांशिक उत्परिवर्तन (Genetic Mutation) होता है और इसकी वजह से कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ती हैं और ट्यूमर का रूप लेना शुरू कर देती हैं। गले का कैंसर का एक जानलेवा बीमारी है। भारत में गले के कैंसर के मामलों में तेजी से वृद्धि देखने को मिल रही है। खासकर, जो लोग तंबाकू का सेवन करते हैं, उनमें गले के कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं। लगातार गले में दर्द, निगलने में तकलीफ और आवाज में बदलाव गले के कैंसर के आम लक्षण हैं। अगर गले के कैंसर का निदान स्टेज 1 या 2 में हो जाए, तो इसका इलाज संभव है। लेकिन, ज्यादातर मामलों में गले के कैंसर का निदान स्टेज 3 में होता है, इसलिए यह जानलेवा बन जाता है। आइए, नारायणा हॉस्पिटल, जयपर के सीनियर कंसल्टेंट-ईएनटी, हेड एंट नेक ऑन्कोलॉजी डॉ. दिपांशु गुरनानी (Dr. Deepanshu Gurnani, Sr. Consultant - ENT, Head & Neck Oncology, Narayana Hospital Jaipur) से जानते हैं गले का कैंसर देरी से पकड़ में क्यों आता है?

गले के कैंसर के लक्षण क्या हैं?

आपको बता दें कि गले के कैंसर के शुरुआत में मामूली लक्षण महसूस होते हैं। लेकिन, जब स्थिति बिगड़ती है तो व्यक्ति को लक्षण स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकते हैं। इसमें शामिल हैं-

  • लंबे समय तक गले में खराश होना
  • आवाज बैठना
  • निगलने में तकलीफ होना
  • कान में दर्द महसूस होना
  • गर्दन में गांठ बनना
  • बोलने में मुश्किल होना
  • इसके अलावा, सर्दी-जुकाम, एसिडिटी जैसे लक्षण भी महसूस होते हैं।

गले के कैंसर के मुख्य कारण

गले का कैंसर कई कारणों से हो सकता है। इसमें सबसे आम हैं-

तंबाकू और शराब का सेवन

गले के कैंसर के प्रमुख कारणों में तंबाकू का सेवन सबसे आम रहता है। जो लोग तंबाकू जैसे-सिगरेट, बीड़ी या गुटखा आदि का सेवन करते हैं, उनमें गले के कैंसर का जोखिम ज्यादा बना रहता है। तंबाकू, गले की कोशिकाओं को क्षतिग्रस्त करता है। वहीं, अगर तंबाकू और शराब दोनों का सेवन किया जाए, तो इससे गले के कैंसर का जोखिम कई गुना बढ़ सकता है।

एचपीवी संक्रमण

ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) भी गले के कैंसर का एक मुख्य कारण माना जाता है। जब संक्रमण ओरल सेक्स के जरिए फैलता है, तो गले के कुछ हिस्सों में कैंसर की संभावना बढ़ जाती है।

स्टेज 3 का मतलब क्या होता है?

जब गले का कैंसर स्टेज 3 में पहुंचता है, तो ट्यूमर काफी बड़ा हो चुका होता है। यह आसपास की लिम्फ नोड्स तक फैल चुका होता है।

स्टेज 3 में गले के कैंसर का इलाज करने के लिए सर्जरी, रेडिएशन और कीमोथेरेपी का सहारा लिया जाता है।

अगर बीमारी स्टेज 1 या स्टेज 2 में पकड़ में आती है, तो इलाज थोड़ा सरल रहता है और जल्दी रिकवरी में मदद मिलती है। इस स्थिति में व्यक्ति के जीवन को बचाने की संभावना ज्यादा रहती है।

देर से पकड़ में क्यों आता है गले का कैंसर?

  • गले के कैंसर का देरी से पकड़ में आने का सबसे मुख्य कारण है कि इसके शुरुआती लक्षण समझ नहीं आ पाते हैं। ज्यादातर लोग इन लक्षणों को सामान्य समझ लेते हैं और जांच कराना जरूरी नहीं समझते हैं।
  • कई बार लोगों को गले में खराश, सर्दी और एसिडिटी जैसी समस्याएं होती हैं, जिन्हें लोग नजरअंदाज कर देते हैं। बाद में जब बीमारी बढ़ती है, तो जांच में गले के कैंसर का निदान हो जाता है।

गले के कैंसर से बचाव कैसे करें?

  • अगर लगातार 2 से 3 हफ्ते तक गले में कोई असामान्य लक्षण दिखे, तो ईएनटी विशेषज्ञ से जरूर मिलें।
  • तंबाकू और शराब के सेवन से पूरी तरह परहेज करें।

आपको बता दें कि गले का कैंसर अचानक नहीं होता है। यह धीरे-धीरे विकसित होता है। इसलिए समय पर इसकी पहचान करना जरूरी है। बीमारी की असली चुनौती यही रहती है कि यह चुपचाप बढ़ती है। जागरूकता और सतर्कता से ही स्टेज 3 तक पहुंचने से रोका जा सकता है।

Highlights:

  • गले का कैंसर एक बेहद गंभीर बीमारी है, जो जल्दी पकड़ में नहीं आती है।
  • तंबाकू और शराब को गले के कैंसर का सबसे मुख्य कारण माना जाता है।
  • गले का कैंसर होने पर व्यक्ति को बोलने में मुश्किल हो सकती है।

Disclaimer : प्र‍िय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्‍य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source