मोटापा कम करने की दवा छोड़ते ही वजन क्यों वापस बढ़ जाता है? जानें इसका कारण

कई बार लोग वजन कम करने के लिए दवाइयों का सहारा लेते हैं, लेकिन जब उन्हें लगता है कि फिगर सही है गया है तो वह दवा लेना बंद कर देते हैं। ऐसे में कुछ लोगों का फिर से वजन बढ़ना शुरू हो जाता है। आइए डॉक्टर से जानते हैं इसके पीछे क्या कारण है?

WrittenBy

Written By: Vidya Sharma | Published : August 5, 2026 12:15 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Anima Sharma

वजन कम करना आसान लगता है, लेकिन उसे लंबे समय तक बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है। कई लोग मोटापा कम करने की दवाओं का सेवन कर तेजी से वजन घटा लेते हैं, लेकिन जैसे ही दवा लेना बंद करते हैं, वजन फिर से बढ़ने लगता है। ऐसा किसी एक के साथ नहीं है, बल्कि बहुत से लोग इस समस्या का सामना करते हैं।

लेकिन ऐसा क्यों होता है? यह जानने के लिए हमने बात की नारायणा हॉस्पिटल की एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉक्टर अनीमा शर्मा से। उन्होंने हमें विस्तार से बताया कि मोटापा कम करने की दवाएं कैसे काम करती हैं? अगर दवा लेना बंद कर दें तो इसका असर कम क्यों होने लगता है? आइए जानते हैं डॉक्टर ने क्या-क्या बताया।

मोटापा कम करने की दवाएं कैसे काम करती हैं?

आजकल मोटापा कम करने के लिए जिन दवाओं का इस्तेमाल किया जाता है, ये दवाएं मुख्य रूप से भूख और तृप्ति को नियंत्रित करने वाले हार्मोन पर असर डालती हैं। इससे भूख कम लगती है और कम मात्रा में भोजन करने में मदद मिलती है। इन दवाओं के साथ जब व्यक्ति कम कैलोरी वाली डाइट और नियमित व्यायाम करता है, तो धीरे-धीरे वजन कम होने लगता है।

दवा छोड़ने पर वजन क्यों बढ़ जाता है?

डॉक्टर ने कई बिंदुओं के साथ समझाया है कि आखिर दवाएं छोड़ने पर वजन क्यों बढ़ने लगता है-

1. भूख दोबारा बढ़ने लगती है

डॉक्टर बताती हैं कि जब व्यक्ति दवा बंद कर देता है, तो इसके बाद शरीर पर उसका प्रभाव खत्म हो जाता है। पहले जो हार्मोन भूख को कंट्रोल करते थे, वह सामान्य स्थिति में लौट आते हैं। इससे भूख बढ़ जाती है और व्यक्ति पहले की तुलना में अधिक खाने लगता है।

2. शरीर का 'सेट पॉइंट' वजन वापस पाने की कोशिश करता है

हमारे शरीर में एक बायोलॉजिकल सिस्टम होता है जो एक निश्चित वजन बनाए रखने की कोशिश करता है। जब शरीर का वजन तेजी से कम होता है, तो शरीर इसे ऊर्जा की कमी मान सकता है। परिणामस्वरूप शरीर भूख बढ़ाता है और ऊर्जा की खपत कम करने लगता है, ताकि खोया हुआ वजन वापस आ सके।

3. मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है

डॉक्टर अनीमा शर्मा बताती हैं कि जब दवाइयों का सेवन बंद हो जाता है तो वजन कम होने के बाद शरीर को पहले की तुलना में कम कैलोरी की जरूरत होती है। अगर दवा बंद करने के बाद व्यक्ति फिर से पहले जैसी खानपान की आदतें अपना ले, तो अतिरिक्त कैलोरी शरीर में वसा के रूप में जमा होने लगती है और वजन तेजी से बढ़ सकता है।

4. पुरानी लाइफस्टाइल में लौटना

कई लोग दवा लेते समय खानपान और व्यायाम का पालन करते हैं, लेकिन दवा बंद होने के बाद धीरे-धीरे अपनी उन आदतों को छोड़कर पुरानी आदतों में लौट आते हैं। जैसे जंक फूड, मीठे पेय, शारीरिक निष्क्रियता और अनियमित दिनचर्या दोबारा वजन बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं।

क्या इसका मतलब है कि दवाएं बेकार हैं?

डॉ. अनीमा शर्मा के अनुसार, “बिल्कुल नहीं, मोटापे के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं सही मरीजों में काफी प्रभावी साबित हो सकती हैं। वह वजन घटाने की शुरुआत करने और मोटापे से जुड़ी बीमारियों जैसे टाइप-2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और फैटी लिवर के जोखिम को कम करने में मदद करती हैं। लेकिन इनका ज्यादातर लाभ तभी मिलता है जब इन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार हेल्दी लाइफस्टाइल के साथ अपनाया जाए।”

वजन दोबारा बढ़ने से कैसे बचें?

संतुलित आहार अपनाएं-दवा बंद करने के बाद भी प्रोटीन, फाइबर, फल, सब्जियां और साबुत अनाज को अपनी डाइट का हिस्सा बनाए रखें। अत्यधिक प्रोसेस्ड और मीठे खाद्य पदार्थों से बचें।

नियमित व्यायाम करें-जैसे हर हफ्ते कम से कम 150–300 मिनट की मध्यम तीव्रता वाली शारीरिक गतिविधि और हफ्ते में दो दिन स्ट्रेंथ ट्रेनिंग वजन बनाए रखने में मदद करती है।

नींद और तनाव पर ध्यान दें- अन्य चीजों के साथ-साथ कम नींद और लगातार तनाव भूख बढ़ाने वाले हार्मोन को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे वजन बढ़ने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए अपनी नींद पूरी करें और स्ट्रेस न लें।

नियमित फॉलो-अप लें-दवा बंद करने के बाद भी डॉक्टर या डायटीशियन के संपर्क में रहें। इससे आपको समय-समय पर होने वाले बदलावों को लेकर सही मार्गदर्शन मिलता रहेगा। जरूरत पड़ने पर वह आपकी डाइट, एक्सरसाइज या उपचार योजना में बदलाव कर सकते हैं।

धीरे-धीरे बदलाव करें- अगर डॉक्टर सलाह दे, तो कुछ मामलों में दवा को अचानक बंद करने के बजाय धीरे-धीरे कम किया जा सकता है।

दवा बंद करने या उसकी मात्रा में बदलाव का निर्णय हमेशा डॉक्टर की सलाह पर ही लेना चाहिए। मोटापा कम करने की दवा छोड़ने के बाद वजन वापस बढ़ना सिर्फ विलपॉवर की कमी का संकेत नहीं है, बल्कि इसके पीछे शरीर की प्राकृतिक जैविक प्रक्रियाएं, हार्मोनल बदलाव और जीवनशैली से जुड़े कई कारण होते हैं। 

इसलिए मोटापे का उपचार सिर्फ दवा तक सीमित नहीं होना चाहिए। स्वस्थ खानपान, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और लंबे समय तक डॉक्टर की निगरानी में रहकर ही वजन को स्थायी रूप से नियंत्रित रखा जा सकता है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसमें दी गई जानकारी विशेषज्ञ की सलाह पर आधारित है, लेकिन यह किसी चिकित्सीय परामर्श या उपचार का विकल्प नहीं है। अगर आपको वजन कम करने की दवा छोड़ने के बाद शरीर में वजन बढ़ने के साथ-साथ अन्य कोई लक्षण भी दिखते हैं तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।