
विद्या शर्मा
विद्या शर्मा को डिजिटल मीडिया में लगभग 3 साल का अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता ... Read More
Medically Verified By: Dr. Manav Manchanda
Lungs Ke Upar Dard Kyu Hota Hai: आजकल लंबे समय तक बैठकर काम करने की आदत के कारण छाती और फेफड़ों के आसपास दर्द की शिकायत तेजी से बढ़ रही है। कई लोग महसूस करते हैं कि बैठे-बैठे अचानक लंग्स के ऊपरी हिस्से में हल्का या चुभने जैसा दर्द होता है। अक्सर इसे लोग फेफड़ों की गंभीर बीमारी समझ कर घबरा जाते हैं, जबकि हर बार इसका कारण लंग्स से जुड़ा होना जरूरी नहीं होता।
एशियन अस्पताल, फरीदाबाद के रेस्पीरेटरी क्रिटिकल केयर और स्लीप मेडिसिन डिपार्टमेंट के डायरेक्टर और हेड डॉक्टर मानव मनचंदा के अनुसार यह दर्द मांसपेशियों, नसों, एसिडिटी या गलत पोश्चर से भी जुड़ा हो सकता है। हालांकि अगर दर्द बार-बार हो या सांस लेने में तकलीफ के साथ हो, तो जांच कराना जरूरी है। डॉक्टर बताते हैं कि
‘लंग्स के ऊपरी हिस्से में महसूस होने वाला दर्द कई कारणों से हो सकता है। लंबे समय तक झुक कर बैठना, मांसपेशियों में खिंचाव या हल्का संक्रमण भी इसकी वजह बन सकता है। लेकिन यदि दर्द लगातार बना रहे, सांस फूलने लगे या खांसी के साथ हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।’
लंबे समय तक लैपटॉप या मोबाइल पर झुक कर बैठने से छाती और ऊपरी पीठ की मांसपेशियों पर दबाव पड़ता है। इससे मसल्स स्ट्रेन हो सकता है, जो फेफड़ों के आसपास दर्द जैसा महसूस होता है। ऑफिस जॉब करने वाले लोगों में यह समस्या सबसे ज्यादा देखी जाती है।
पसलियों और छाती की हड्डी को जोड़ने वाले कार्टिलेज में सूजन को कॉस्टोकॉन्ड्राइटिस कहा जाता है। इसमें छाती के ऊपरी हिस्से में तेज या दबाव जैसा दर्द होता है, जो गहरी सांस लेने या शरीर मोड़ने पर बढ़ सकता है।
कई बार पेट में गैस या एसिडिटी होने पर दर्द छाती के ऊपरी हिस्से तक महसूस होता है। इसे लोग अक्सर फेफड़ों का दर्द समझ लेते हैं। भारी भोजन, देर रात खाना या लंबे समय तक खाली पेट रहने से यह समस्या बढ़ सकती है।डॉ. कहते हैं, 'एसिड रिफ्लक्स के कारण होने वाला दर्द कई बार छाती के ऊपरी हिस्से में महसूस होता है और मरीज इसे हार्ट या लंग्स की समस्यासमझ लेते हैं।'
यदि दर्द के साथ खांसी, बुखार या सांस लेते समय चुभन हो रही हो, तो यह फेफड़ों के संक्रमण या प्ल्यूरिसी (फेफड़ों की झिल्ली में सूजन) का संकेत हो सकता है। ऐसे मामलों में तुरंत डॉक्टर से जांच कराना जरूरी होता है।
मानसिक तनाव और एंग्जायटी भी छाती में दर्द का कारण बन सकते हैं। पैनिक अटैक के दौरान छाती में जकड़न और सांस लेने में असहजता महसूस होती है, जिसे कई लोग लंग्स की समस्या मान लेते हैं।
डॉक्टर सलाह देते हैं कि ‘अगर छाती या लंग्स के आसपास दर्द बार-बार हो रहा है, तो एक्स-रे या अन्य जांच कराकर कारण स्पष्ट करना जरूरी है। समय पर पहचान से गंभीर बीमारियों को रोका जा सकता है।’
विशेषज्ञों के अनुसार अधिकांश मामलों में यह दर्द गंभीर नहीं होता, लेकिन बार-बार होने पर जांच जरूर करानी चाहिए ताकि सही कारण का पता लगाकर समय पर इलाज किया जा सके।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।