AC में बैठते ही शुरू हो जाती है खांसी? जानें इसके पीछे की असली वजह और बचाव के आसान उपाय

AC Mai Baithne Se Khansi Kyu Hoti Hai: क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि ऑफिस, घर या कार के एसी में बैठने के कुछ मिनट बाद ही खांसी शुरू हो जाती है? आइए डॉक्टर से इसका कारण और उपाय जानें।

WrittenBy

Written By: Vidya Sharma | Updated : May 7, 2026 3:40 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Akshay Budhraja

Garmi Mai Khansi Hone Ka Karan: गर्मियों में तेज धूप और बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए हम अक्सर एयर कंडीशनर का सहारा लेते हैं। अब भला ठंडी हवा किसे पसंद नहीं आएगी। घर हों, ऑफिस हों, मेट्रो में हों या गाड़ी में- गर्मी से बचने के लिए हमारा हाथ सीधे एसी के बटन पर जाता है। लेकिन कई लोग को खांसी हो जाती है। मतलब कि कई लोगों को यह समस्या आती है कि लंबे समय तक एयर कंडीशनर में रहने से उन्हें खांसी, गले में खराश या सर्दी-जुकाम जैसी समस्या होने लगती है। 

तो क्या गर्मी में भी किसी के लिए एसी राहत देने वाली ठंडी हवा परेशानी का कारण बन सकती है? क्या एयर कंडीशनर सच में खांसी का कारण बन सकता है? यह सवाल हमने आकाश हेल्थकेयर के सीनियर कंसल्टेंट और रेस्पिरेटरी और स्लीप मेडिसिन डिपार्टमेंट के एचओडी डॉक्टर अक्षय बधुराज से पूछा। आइए जानते हैं उन्होंने क्या जानकारी साझा की।

एयर कंडीशनर में रहने से खांसी क्यों होती है?

एसी की हवा Photo Credit- ChatGPT

एक्सपर्ट के अनुसार, इसका जवाब हां भी है और नहीं भी यानी कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप एयर कंडीशनर का इस्तेमाल कैसे कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने खांसी होने के 5 कारण और उपायों के बारे में बताया- 

पहला कारण है सूखी हवा

एक्सपर्ट बताते हैं कि एयर कंडीशनर कमरे की नमी को कम कर देता है, जिससे हवा सूखी हो जाती है। यह सूखी हवा गले और श्वास नली को प्रभावित करती है, जिससे परेशानी और खांसी हो सकती है।

तापमान में अचानक बदलाव

देखें इसमें कोई दो राय नहीं है कि बाहर की गर्मी और अंदर एसी की ठंडी हवा के तापमान के बीच बहुत फर्क होता है। ऐसे में बार-बार आने-जाने से शरीर को समान टेम्प्रेचर में रहने में दिक्कत होती है। इससे गले में इंफेक्शन और खांसी का खतरा बढ़ जाता है।

एयर कंडीशनर फिल्टर में जमा धूल और एलर्जी

अगर एयर कंडीशनर की सफाई नियमित रूप से नहीं की जाती, तो इसके फिल्टर में धूल, फंगस और बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं। और जब हम एसी का उपयोग करते हैं तो यह हवा के जरिए हमारी नाक व गले में जाते हैं और एलर्जी व खांसी का कारण बनते हैं।

कम वेंटिलेशन होना

एयर कंडीशनर वाले कमरों में अक्सर खिड़कियां बंद रहती हैं, जिससे ताजी हवा नहीं आ पाती। इससे होता यह है कि हवा में मौजूद प्रदूषक तत्व बढ़ जाते हैं, जो सांस से जुड़ी समस्याओं को बढ़ावा दे सकते हैं।

पहले से मौजूद एलर्जी या अस्थमा

डॉक्टर बताते हैं कि जिन लोगों को पहले से एलर्जी या अस्थमा होता है, उनमें एयर कंडीशनर की ठंडी और सूखी हवा लक्षणों को और बढ़ा सकती है। इससे उन्हें लगातार खांसी हो सकती है।

क्या एयर कंडीशनर से इंफेक्शन हो सकता है?

इस सवाल का जवाब देते हुए डॉक्टर बताते हैं कि सीधे तौर पर एयर कंडीशनर इंफेक्शन नहीं करता, लेकिन गंदे फिल्टर और खराब मेंटेनेंस की वजह से बैक्टीरिया और फंगस फैल सकते हैं, जो श्वसन संक्रमण का कारण बन सकते हैं। आइए अब हम बचाव करने के तरीकों के बारे में जानें।

बचाव के तरीके

एयर कंडीशनर का तापमान संतुलित रखें- बहुत ज्यादा ठंडा तापमान रखने से बचें। 24–26°C का तापमान बेहतर माना जाता है।

नियमित सफाई और सर्विसिंग- एयर कंडीशनर के फिल्टर को हर 15–20 दिन में साफ करें और समय-समय पर सर्विसिंग कराएं।

हाइड्रेशन बनाए रखें- सूखी हवा के असर को कम करने के लिए पर्याप्त पानी पिएं।

नमी बनाए रखें- कमरे में ह्यूमिडिफायर या पानी से भरा बर्तन रखने से नमी बनी रहती है।

सीधे एयर कंडीशनर की हवा से बचें- एयर कंडीशनर की ठंडी हवा सीधे चेहरे या गले पर न लगने दें।

बाहर-भीतर के तापमान में संतुलन रखें- अचानक बहुत गर्म से बहुत ठंडे माहौल में जाने से बचें।

कब डॉक्टर से संपर्क करें?

डॉक्टर अक्षय बधुराज डॉक्टर अक्षय बधुराज

अगर खांसी लंबे समय तक बनी रहती है, या इसके साथ बुखार, सांस लेने में तकलीफ, या सीने में जकड़न हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

डिस्क्लेमर- एयर कंडीशनर गर्मियों में राहत जरूर देता है, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल आपकी सेहत पर असर डाल सकता है। खांसी जैसी समस्याओं से बचने के लिए जरूरी है कि आप एयर कंडीशनर का इस्तेमाल संतुलित तरीके से करें, साफ-सफाई का ध्यान रखें और अपने शरीर के संकेतों को नजरअंदाज न करें। साथ ही समस्या अधिक बढ़ने पर डॉक्टर के पास जाएं।

FAQs

क्या ए सी की हवा से सेहत को नुकसान होता है?

हां, लंबे समय तक या गलत तरीके से त्वचा में सूखापन, सिरदर्द, थकान, गले में खराश और मांसपेशियों में जकड़न की समस्याएं हो सकती हैं।

क्या एयर कंडीशनर से इंफेक्शन हो सकता है?

एयर कंडीशनर इंफेक्शन नहीं करता, लेकिन गंदे फिल्टर और खराब मेंटेनेंस की वजह से बैक्टीरिया और फंगस फैल सकते हैं, जो श्वसन संक्रमण का कारण बन सकते हैं।

गर्मी में AC कितने पर चलाना चाहिए?

गर्मी में एसी (AC) को 24°C से 26°C के बीच चलाना सबसे अच्छा माना जाता है।

ए सी में रहने से खांसी क्यों होती है?

एसी में रहने से खांसी मुख्य रूप से शुष्क हवा, गंदे फिल्टर से धूल-मिट्टी और तापमान के अचानक बदलाव के कारण होती है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source