गर्मियों में वजाइनल इंफेक्शन क्यों बढ़ता है? VIDEO में डॉक्टर बता रहे हैं इस स्थिति में क्या करें
गर्मियों में अक्सर महिलाओं को प्राइवेट पार्ट और उसके आसपास के क्षेत्र में खुजली और जलन की परेशानी होती है। इसे ही वजाइनल इंफेक्शन कहा जाता है। आखिरकार गर्मियों में ऐसा क्यों होता है और इस स्थिति में हमें क्या करना चाहिए? आइए जानते हैं इस बारे में डॉक्टर से
गर्मी का मौसम अपने साथ कई सारी हेल्थ प्रॉब्लम लेकर आता है। इन्हीं में से एक है फंगल इन्फेक्शन। गर्मियों में होने वाले फंगल इंफेक्शन को मेडिकल भाषा में कैंडिडेटिआसिस (Candidiasis) कहा जाता है। दरअसल, गर्मी में ज्यादा तापमान, लू और हीट वेव के कारण पसीना ज्यादा आता है। पसीने की सही तरीके से मैनेज न किया जाए तो इससे नमी और फंगस का खतरा ज्यादा होता है। यही नमी और फंगस, फंगल इंफेक्शन का कारण बनती है। गर्मियों में फंगल इंफेक्शन की परेशानी पुरुषों की तुलना में ज्यादा महिलाओं में देखी जाती है। दिल्ली के एलांटिक हेल्थकेयर के स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मनन गुप्ता कहते हैं-जैसे गर्मी में घर के बाहर रखी सब्जियां जल्दी खराब हो जाती हैं जबकि फ्रिज में सुरक्षित रहती हैं, उसी तरह शरीर के ऐसे हिस्से जहां नमी और डिस्चार्ज ज्यादा रहता है, वहां फंगल ग्रोथ तेजी से होने लगती है।
गर्मी में क्यों बढ़ती है फंगल इंफेक्शन की समस्या?
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ बताते हैं कि गर्मी के मौसम में पसीना ज्यादा आता है और शरीर में नमी बनी रहती है। अगर इंटिमेट एरिया की ठीक तरह से सफाई न हो तो वहां फंगल इन्फेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है। डॉक्टरों के अनुसार, डिस्चार्ज लंबे समय तक जमा रहने पर फंगस को बढ़ने का मौका मिलता है और संक्रमण तेजी से फैल सकता है।
फंगल इंफेक्शन होने पर डॉक्टर क्या सलाह देते हैं?
डॉक्टर का कहना है कि गर्मियों में इंटिमेट हाइजीन का विशेष ध्यान रखना बहुत जरूरी है। इसके लिए एंटीसेप्टिक इंटिमेट वॉश या स्प्रे का इस्तेमाल किया जा सकता है। इन्हें दिन में तीन से चार बार इस्तेमाल करने से उस हिस्से में जमा डिस्चार्ज और नमी को कम करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि सबसे जरूरी बात यह है कि डिस्चार्ज को वहां रुकने न दिया जाए। अगर लंबे समय तक नमी बनी रहती है तो फंगल ग्रोथ और तेजी से बढ़ सकती है।
फंगल इंफेक्शन से बचाव के लिए क्या करें?
- गुनगुने पानी में साफ कपड़ा डुबोकर दिन में तीन से चार बार उस हिस्से को साफ करना चाहिए।
- इंटिमेट एरिया को हमेशा साफ और सूखा रखना जरूरी है।
- जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से एंटीसेप्टिक जेल या वॉश का इस्तेमाल किया जा सकता है।
देखें VIDEO...
इलाज को लेकर डॉक्टर क्या कहते हैं?
डॉक्टरों के अनुसार, फंगल इन्फेक्शन के इलाज के लिए एंटीफंगल दवाओं और लोकल ट्रीटमेंट का इस्तेमाल किया जाता है। कई मामलों में कुछ दिनों तक दवाएं और विशेष ट्रीटमेंट दिए जाते हैं ताकि संक्रमण पूरी तरह खत्म हो सके। डॉ. मनन गुप्ता बताते हैं कि गर्मियों में थोड़ी सी सावधानी और साफ-सफाई का ध्यान रखकर फंगल इन्फेक्शन जैसी समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है।
Disclaimer: गर्मियों में फंगल इंफेक्शन होना एक गंभीर समस्या हो सकती है। अगर आपको भी गर्मी में फंगल इंफेक्शन की समस्या बार- बार हो रही है, तो ऐसे में घरेलू उपायों को अपनाने की बजाय इस बारे में डॉक्टर से बात करें।