
आशु कुमार दास
आशु कुमार दास एक अनुभवी हेल्थ कंटेंट स्पेशलिस्ट हैं। इन्हें हेल्थ कंटेंट राइटर के तौर पर काम करते हुए 6 ... Read More
Medically Verified By: Dr Prashant Sinha
सर्जरी से पहले कुछ खाने की मनाही का कनेक्शन एनेस्थीसिया से है।
सर्जरी की तारीख तय होते ही डॉक्टर की पहली हिदायत यही होती है- रात 12 बजे के बाद कुछ खाना-पीना नहीं है। पानी तक नहीं। चाय, च्यूइंग गम, टॉफी... कुछ भी नहीं। पहली बार सुनने पर ये अजीब लगता है। भूख लग रही है, प्यास लग रही है, फिर भी मना क्यों? क्या डॉक्टर जानबूझकर परेशान कर रहे हैं? सच ये है कि इसके पीछे एक बहुत बड़ी और जानलेवा वजह है। और उसका सीधा कनेक्शन है एनेस्थीसिया यानी बेहोशी की दवा से है। दिल्ली के पीएसआरआई हॉस्पिटल के डॉ. प्रशांत सिन्हा बता रहे हैं कि आखिरकार सर्जरी से पहले कुछ समय पहले तक कुछ खाने या पीने के लिए पूरी तरह क्यों मना किया जाता है।
डॉ. प्रशांत सिन्हा कहते हैं कि सर्जरी से 12 घंटे पहले कुछ भी खाने से मना करने का मुख्य कारण एनेस्थीसिया से है। जब आपकी किसी भी प्रकार की सर्जरी होती है तो सबसे पहले आपको बेहोशी की दवा यानी एनेस्थीसिया दी जाती है। एनेस्थीसिया का काम सिर्फ आपको सुलाना नहीं है। ये आपकी बॉडी के दर्द, हरकत और रिफ्लेक्स को भी सुन्न कर देता है। नॉर्मल हालत में जब हम खाते हैं तो खाने के बाद गले और पेट के बीच एक वाल्व अपने आप बंद हो जाता है। इसे लोअर ईसोफेगल स्फिंक्टर कहते हैं। ये दरवाजे की तरह है। एक बार खाना पेट में गया तो वापस नहीं आने देता। एनेस्थीसिया लगते ही ये दरवाजा ढीला पड़ जाता है। साथ में खांसी और उल्टी रोकने वाले रिफ्लेक्स भी काम करना बंद कर देते हैं।
सर्जरी से पहले खाने से पहले डॉक्टर से जरूर पूछें।
मान लीजिए आपने सर्जरी से 3 घंटे पहले चाय-बिस्किट खाया। वो खाना अभी पेट में है। एनेस्थीसिया देते ही आपकी बॉडी पूरी तरह रिलैक्स हो जाएगी। पेट का खाना और एसिड ऊपर आएगा और गले तक पहुंच जाएगा। क्योंकि निगलने और खांसने का रिफ्लेक्स बंद है, इसलिए वो खाना सांस की नली में चला जाएगा और सीधे फेफड़ों में पहुंच जाएगा।
डॉक्टर इसे एस्पिरेशन कहते हैं। फेफड़ों में खाना या पेट का एसिड जाने पर तेज इंफेक्शन होता है। इसे एस्पिरेशन निमोनिया कहते हैं। सांस लेने में बहुत दिक्कत होती है। कई बार ICU में वेंटिलेटर तक लगाना पड़ता है। कुछ केस में ये जानलेवा भी हो सकता है। यही कारण है कि सर्जरी से कुछ समय पहले तक दुनिया का हर डॉक्टर आपको कुछ भी खाने या पीने से मना करता है, ताकि पेट पूरी तरह से खाली रहे।
AIIMS और अमेरिकन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट के गाइडलाइन के अनुसार, किसी भी प्रकार की सर्जरी से 6 से 8 घंटे पहले ठोस खाना जैसे कि जैसे रोटी, चावल, मांस, तला हुआ खाना बिल्कुल भी नहीं खाना चाहिए। अगर आपने सर्जरी से 8 या 10 घंटे पहले कुछ खाया है तो वो पेट में रहेगा। सर्जरी से 6 घंटे पहले दूध, दही, जूस पानी, चाय, ब्लैक कॉफी बिना दूध के पी जा सकती है। लेकिन ठोस आहार से दूरी बनाकर ही रखना चाहिए।
सर्जरी से पहले पानी तक पीने के लिए मना किया जाता है।
डॉ. प्रशांत बताते हैं कि उनके पास कई मरीज आते हैं और कहते हैं कि सर्जरी से पहले उन्हें बहुत तेज प्यास लगी है और क्या वो पानी पी सकते हैं? लोग सोचते हैं कि एक घूंट पानी से क्या होगा। लेकिन एनेस्थीसिया में एक घूंट भी जानलेवा हो सकता है। पानी भी एस्पिरेट होकर फेफड़ों में निमोनिया कर सकता है। दूसरा, सर्जरी के दौरान खून की कमी होने पर अगर आपको IV के जरिए फ्लूड देना पड़े, तो खाली पेट होना जरूरी है ताकि दवा का असर सही हो।
सर्जरी खत्म होने और एनेस्थीसिया का असर उतरने के बाद ही डॉक्टर आपको पानी पिलाते हैं। पहले थोड़ा-थोड़ा। अगर उल्टी नहीं होती, तो धीरे-धीरे लिक्विड और फिर ठोस खाना शुरू होता है। आपकी किस तरह की सर्जरी हुई है और आप सर्जरी के बाद कब दोबारा खाना खा सकते हैं यह आपके डॉक्टर तय करते हैं।
डॉक्टर कहते हैं सर्जरी से कुछ घंटे पहले खाना पीना मना करना किसी प्रकार की सजा नहीं बल्कि सुरक्षा है। एनेस्थीसिया आधुनिक मेडिकल साइंस का चमत्कार है, लेकिन इसकी सफलता के लिए मरीज का साथ जरूरी है। कुछ घंटों की भूख-प्यास, आपकी जान से ज्यादा कीमती नहीं है। सर्जरी सफल हो, इसके लिए डॉक्टर अपना काम करेंगे। और आपको अपना काम करना है - खाली पेट रहना।
Disclaimer: ये जानकारी सामान्य जानकारी के लिए है। आपकी सर्जरी के प्रकार और हेल्थ के अनुसार नियम बदल सकते हैं। सर्जरी से पहले डॉक्टर खानपान के लिए मनाही कहते हैं या कोई एहतियात बरतने की सलाह देते हैं तो उसे जरूर अपनाएं।