डायबिटीज रोगियों में क्यों रहता है किडनी खराब होने का खतरा? जानें क्या है कनेक्शन 

Kidney Damage: हाई ब्लड शुगर लेवल की वजह से किडनी का फिल्टर कमजोर पड़ जाता है। इसकी वजह से किडनी पर ज्यादा दबाव पड़ता है और किडनी खराब होने लगती है।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : February 3, 2026 6:23 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Monika Sharma

Diabetes and Kidney Damage: डायबिटीज देश में तेजी से बढ़ती एक बीमारी बन चुकी है, जिसके पीछे खराब लाइफस्टाइल सबसे ज्यादा जिम्मेदार है। डायबिटीज रोगियों में ब्लड शुगर लेवल बढ़ जाता है, लेकिन यह बीमारी सिर्फ यही तक सीमित नहीं है। यह शरीर के कई अहम अंगों को भी नुकसान पहुंचाता है, इसमें किडनी भी एक है। जी हां, डायबिटीज किडनी को बुरी तरह से प्रभावित कर सकती है। डायबिटीज की वजह से किडनी डैमेज होने का खतरा बढ़ जाता है और किडनी से जुड़े रोग विकसित होने लगते हैं। इस स्थिति को मेडिकल भाषा में डायबिटीज नेफ्रोपैथी कहा जाता है। आइए, आकाश हेल्थेकयर की सीनियर कंसल्टेंट-एंडोक्राइनोलॉजी डॉ. मोनिका शर्मा से जानते हैं डायबिटीज और किडनी खराब होने के बीच संबंध-

डायबिटीज, किडनी को कैसे खराब करता है?

किडनी का मुख्य काम खून को फिल्टर करना होता है। किडनी शरीर से टॉक्सिंस और अतिरिक्त पानी को बाहर निकालती है। लेकिन, जब लंबे समय तक ब्लड शुगर लेवल बढ़ा रहता है, तो इससे किडनी की छोटी-छोटी रक्त नलिकाओं को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचता है। इसकी वजह से किडनी का फिल्टर सिस्टम कमजोर होने लगता है और इसकी कार्यक्षमता घटने लगती है। हाई शुगर लेवल की वजह से किडनी पर दबाव भी बढ़ जाता है। अगर इस स्थिति का समय पर इलाज न किया जाए, तो किडनी फेलियर का खतरा भी बढ़ सकता है।

डॉ. मोनिका शर्मा बताती हैं, "डायबिटीज रोगियों में शरीर का इंसुलिन सिस्टम प्रभावित हो जाता है। इससे खून में ग्लूकोज का स्तर बढ़ता है। इसकी वजह से किडनी पर दबाव बढ़ जाता है और वह खून या अपशिष्ट पदार्थों को फिल्टर नहीं कर पाती है। यह हाई बीपी का कारण भी बन सकता है।"

किडनी खराब होने के शुरुआती संकेत

किडनी खराब होने पर आपको शुरुआत में कुछ लक्षण दिख सकते हैं। इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें।

  • पैरों पर सूजन
  • चेहरे पर सूजन
  • पेशाब में झाग आना
  • बार-बार पेशाब आना
  • थकान और कमजोरी
  • भूख कम लगना
  • उल्टी या मतली

डॉ. मोनिका बताती हैं, "डायबिटीज मरीजों को यह समझना बहुत जरूरी है कि किडनी डैमेज साइलेंट तरीके से होता है। जब किडनी खराब हो जाता है, तब शरीर संकेत दिखाता है। इसलिए समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच जरूर करवाते रहें और अपनी डाइट का खास ख्याल रखें।"

किडनी हेल्थ के लिए जरूरी टेस्ट

डायबिटीज रोगियों को कुछ टेस्ट जरूर कराने चाहिए। इससे किडनी की सेहत के बारे में पता लगाया जा सकता है।

  • सीरम क्रिएटिनिन (Serum Creatinine)
  • यूरिन एल्बुमिन (Urine Albumin)
  • प्रोटीन टेस्ट (Urine Albumin)
  • ईजीएफआर टेस्ट (eGFR Test)

किडनी खराब होने से कैसे बचाएं?

  • ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल में रखने की पूरी कोशिश करें।
  • ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में रखना जरूरी होता है।
  • किडनी को स्वस्थ रखने के लिए नमक और प्रोसेस्ड फूड्स का सेवन कम मात्रा में करें।
  • किडनी को हेल्दी रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी जरूर पिएं।
  • स्मोकिंग और शराब के सेवन से बचें।
  • रेगुलर एक्सरसाइज और योग जरूर करें।
  • आप वॉक की आदत भी डाल सकते हैं।
  • साल में एक बार किडनी फंक्शन टेस्ट (KFT) जरूर कराएं।

डायबिटीज और किडनी खराब होने का कनेक्शन बिल्कुल सीधा हैं और ये समस्याएं गंभीर रूप ले सकती हैं। इसलिए डायबिटीज या ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखना बहुत जरूरी है।

Disclaimer : प्र‍िय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्‍य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source