शरीर में इस विटामिन की कमी होते ही दिमाग में आने लगते हैं Negative Thoughts, ऐसे में क्या खाना चाहिए

Vitamin for Mental Health: विटामिन सिर्फ हमारे शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं बल्कि हमारे मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरूरी है। इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ विटामिन के बारे में बताने वाले हैं, जिसकी कमी से मेंटल हेल्थ भी खराब हो सकती है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : September 3, 2025 12:33 PM IST

Important Vitamin for Mental Health: आज के समय में हर कोई मानसिक रूप से परेशान है, हर किसी को कोई न कोई मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या है। बच्चों से लेकर वयस्क और बुजुर्गों तक हर किसी में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी कोई न कोई समस्या है। हालांकि, जरूरी नहीं है कि कोई भी मानसिक समस्या किसी न किसी भावनात्मक स्थिति से ही जुड़ी हो क्योंकि यह पोषण से संबंधित भी हो सकती है। हमारा मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक पोषण पर निर्भर करता है और उसे भी स्वस्थ रूप से काम करने के लिए कुछ जरूरी पोषक तत्व चाहिए होते हैं। सरल शब्दों में कहें तो अगर शरीर में किसी खास पोषक तत्व की कमी है, जो हमारे मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, तो ऐसे में मेंटल हेल्त से जुड़े कुछ लक्षण होना जैसे डिप्रेशन, एंग्जायटी, ओवरथिंकिंग और इरिटेशन जैसी कुछ समस्याएं हो सकती हैं। हमारे मानसिक स्वास्थ्य के लिए कुछ विटामिन जरूरी होते हैं, जिनकी शरीर में कमी होना मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है।

नेगेटिव थॉट्स का कारण है ये विटामिन

अगर आपको बार-बार बुरे ख्याल आते हैं, तो इसके पीछे शरीर में विटामिन बी12 की कमी हो सकती है। दरअसल, विटामिन बी12 न्यूरोट्रांसमीटर (जैसे सेरोटोनिन और डोपामाइन) को बनाने में मदद करता है, जो मूड को स्थिर रखने और तनाव को कम करने के लिए जरूरी होते हैं। अगर शरीर में इस विटामिन बी12 की कमी होने लगती है, तो धीरे-धीरे दिमाग ठीक तरीके से काम करना बंद कर देता है और मानसिक स्वास्थ्य का संतुलन बिगड़ जाता है।

बी12 की कमी के अन्य नकारात्मक प्रभाव

हमारे शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं को बनाने के लिए, तंत्रिका कोशिकाओं को बनाने के लिए और डीएनए से जुड़ी कुछ प्रक्रियाओं के लिए भी विटामिन बी12 बहुत जरूरी है। यही कारण है कि अगर शरीर में विटामिन बी12 की कमी हो जाती है, तो इससे शरीर में थकान, कमजोरी और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं यह शारीरिक कमजोरी का कारण भी हो सकता है। इसके अन्य लक्षणों में याददाश्त कमजोर होना, लगातार एनर्जी की कमी महसूस होना, चक्कर आना, हाथ-पैर सुन्न होना या झनझनाहट और ठीक से नींद न आना आदि शामिल हैं।

बी12 की कमी कैसे पूरी करें?

सबसे पहले शरीर में विटामिन बी12 की कमी का पता लगाएं, अगर आपको नेगेटिव थॉट्स आ रहे हैं तो आपको अपने मानसिक स्वास्थ्य की जांच कराने के साथ-साथ एक बार शरीर में विटामिन बी12 लेवल का पता भी लगा लेना चाहिए। अगर आपके शरीर में विटामिन बी12 की कमी है, तो आपको अपनी डाइठ में दूध व अन्य डेयरी प्रोडक्ट, अंडा, मछली, चिकन, फोर्टिफाइड अनाज, सोया और टोफू शामिल करना चाहिए। साथ ही जो लोग वेजिटेरियन डाइट फॉलो करते हैं, उन्हें खासतौर पर ध्यान रखना चाहिए और वे चाहें तो डॉक्टर की सलाह से विटामिन बी12 सप्लीमेंट्स भी ले सकते हैं।

(और पढ़ें - दूध में क्या मिलाकर पीएं)

संपूर्ण सेहत के लिए जरूरी

इस बात का पता होना जरूरी है कि विटामिन बी12 शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। तंत्रिका तंत्र को स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए विटामि बी12 बहुत ज्यादा जरूरी है। इसके अलावा शरीर में एनर्जी बनाए रखने के लिए, स्किन व बालों के स्वस्थ रखने के लिए, और हार्ट को हेल्दी रखने के लिए भी यह विटामिन बेहद जरूरी है। इसके अलावा अच्छी इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखने के लिए भी शरीर में विटामिन बी12 का स्तर सही होना जरूरी है।

समय रहते डॉक्टर से सलाह लें

नेगेटिव थॉट्स या अन्य किसी मानसिक स्वास्थ्य से परेशान लोगों के लिए जरूरी है कि वे समय रहते किसी अच्छे साइकेट्रिस्ट से संपर्क करें। साथ ही साथ आप अपने शरीर में विटामिन बी12 लेवल पता लगान के लिए जरूरी ब्लड टेस्ट करा सकते हैं, ताकि अगर इसकी कमी के कारण मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं हो रही हैं, तो उसका जल्द से जल्द इलाज किया जा सके। हालांकि, डॉक्टर की सलाह के बिना खुद से विटामिन बी12 सप्लीमेंट्स लेना शुरु न करें।

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।