किस विटामिन की कमी से सफेद होने लगते हैं बाल, जानिए बालों के लिए कौन-कौन से पोषक तत्व हैं जरूरी

जब हमारे बालों के रोम में मेलेनिन का उत्पादन कम होने लगता है तो बाल सफेद या ग्रे होने लगते हैं। मेलेनिन हमें कई पोषक तत्वों से प्राप्त होता है।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : February 2, 2024 4:21 PM IST

उम्र के साथ बालों का सफेद होना एक नेचुरल प्रक्रिया है। लेकिन अगर आपके बाल समय से पहले सफेद हो रहे हैं तो आपका चिंतित और परेशान होना जायज है। बालों में उम्र से पहले सफेदी हमारी खराब लाइफस्टाइल, गलत खानपान के साथ ही शरीर में पोषक तत्वों की कई कमियों की ओर भी इशारा करती है। दरअसल, जब हमारे बालों के रोम में मेलेनिन का उत्पादन कम होने लगता है तो बाल सफेद या ग्रे होने लगते हैं। मेलेनिन हमें कई पोषक तत्वों से प्राप्त होता है। ऐसे में अपने बालों को सेहतमंद और काला रखने के लिए आपको आहार में कई तत्वों का सेवन करना चाहिए।

बालों के लिए कौन-कौन से पोषक तत्व हैं जरूरी - Which nutrients are necessary for hair?

1. प्रोटीन है बालों की जरूरत

बाल मुख्य रूप से प्रोटीन से ही बने होते हैं। इसकी कमी के कारण न सिर्फ बाल असमय सफेद होने लगते हैं, बल्कि कमजोर होकर टूटने भी लगते हैं। वहीं खोपड़ी बालों तक पर्याप्त प्रोटीन पहुंचाकर उन्हें जीवित रखती है। ऐसे में बालों को हेल्दी रखने के लिए प्रोटीन का सेवन करना बहुत जरूरी है। खासतौर पर शाकाहारियों को प्रोटीन की आवश्यकता पूरी करने के लिए अमीनो एसिड का सेवन अधिक करना चाहिए। आपको अपने शरीर के वजन के अनुसार प्रति किलोग्राम एक ग्राम प्रोटीन की आवश्यकता होती है।

डाइट में करें इन्हें शामिल : अगर आप शाकाहारी हैं तो दाल, मटर और क्विनोआ आदि खाद्य पदार्थों का सेवन करें। वहीं मांसाहारी लोगों को अंडे, मछली आदि का सेवन करना चाहिए।

2. ओमेगा-3 फैटी एसिड लाता है चमक

ओमेगा-3 फैटी एसिड शरीर के लिए जरूरी है, लेकिन इसका निर्माण शरीर खुद नहीं करता। यह फैटी एसिड शरीर, बालों और खोपड़ी के लिए बेहद आवश्यक है। यह बालों को मुलायम और चमकदार बनाने के साथ ही उन्हें टूटने-झड़ने से बचाता है। फैटी एसिड से बालों का विकास तेजी से होता है और यह बालों को सफेद होने से भी बचाता है। शरीर को प्रतिदिन 250 मिलीग्राम ओमेगा-3 फैटी एसिड की जरूरत होती है। जिसे आप अपने आहार से प्राप्त कर सकते हैं।

डाइट में करें इन्हें शामिल : शाकाहारी लोगों को अलसी के बीज, चिया बीज, अखरोट, सोयाबीन आदि से ओमेगा-3 फैटी एसिड आसानी से प्राप्त हो सकता है। वहीं मांसाहारी लोग वसायुक्त मछली जैसे सैल्मन या क्रिल आदि का सेवन कर सकते हैं।

3. बालों को काला बनाता है विटामिन डी

विटामिन डी आपके बालों के रोमों को पोषण देता है। इसकी कमी के कारण बाल सफेद होने लगते हैं। द इंटरनेशनल जर्नल ऑफ ट्राइकोलॉजी में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार जिन बच्चों में विटामिन डी का स्तर कम होता है, उनके बाल जल्दी सफेद होने लगते हैं। हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार विटामिन डी की कमी बालों के लिए जितनी खतरनाक है, विटामिन डी की अधिकता उतनी ही नुकसानदायक हो सकती है। इसलिए इसका संतुलित सेवन जरूरी है। एक वयस्क को प्रतिदिन 1500 से 2000 आईयू विटामिन डी की जरूरत होती है।

डाइट में करें इन्हें शामिल : विटामिन डी का सबसे अच्छा स्रोत है सूरज की रोशनी, इसी के साथ शाकाहारी लोग दूध और साबुत अनाज के सेवन से इसे प्राप्त कर सकते हैं। मांसाहारी लोगों को अंडे और मछली से ये मिलता है।

4. आयरन और कॉपर है जरूरी

आयरन और कॉपर को बालों को टूटने व सफेद होने से बचाते हैं। आयरन की कमी से बालों की जड़ों में ब्लड सर्कुलेशन बाधित हो जाता है और ये टूटने लगते हैं। वहीं कॉपर बालों को सफेद होने से बचाता है। प्रतिदिन लगभग 8 से 10 मिलीग्राम आयरन और लगभग 1000 से 1200 एमसीजी कॉपर का सेवन आपके लिए बेस्ट है।

डाइट में करें इन्हें शामिल : कॉपर और आयरन की पूर्ति के लिए आप नियमित रूप से हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करें। डार्क चॉकलेट और अंडे भी इसका अच्छा स्रोत हैं।

5. बी कॉम्प्लेक्स विटामिन से बढ़ेगी ग्रोथ

बालों के लिए सबसे जरूरी विटामिन की लिस्ट में विटामिन बी कॉम्प्लेक्स सबसे ऊपर आता है। बी कॉम्प्लेक्स विटामिन जैसे बी12, बायोटिन और बी 6 बालों को मजबूत बनाने के साथ ही काला भी बनाते हैं। इनसे बालों की ग्रोथ तेज होती है। वयस्कों को प्रतिदिन लगभग 500 से 600 एमसीजी बी कॉम्प्लेक्स विटामिन की आवश्यकता होती है।

डाइट में करें इन्हें शामिल : शाकाहारी लोगों के लिए मेवे, हरी पत्तेदार सब्जियां, खमीर उठे खाद्य पदार्थ बी कॉम्प्लेक्स विटामिन के सबसे अच्छे स्रोत हैं। वहीं मांसाहारी लोग अंडे, मांस आदि के सेवन से इसे प्राप्त कर सकते हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source