hamburger icon
A
Read in English

National Doctor’s Day 2026: डॉक्टर के पास जाते समय कौन-कौन सी रिपोर्ट और जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाएं?

अगर आप किसी समस्या से परेशान हैं और डॉक्टर के पास जा रहे हैं, तो कुछ रिपोर्ट्स या जरूर चीजें अपने साथ जरूर ले जाएं। इससे आपको इलाज में आसानी होगी और अनावश्यक जांच भी नहीं करानी पड़ेगी।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Updated : July 1, 2026 12:23 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr Prashant Sinha

National Doctor’s Day 2026: जब हम या आप बीमार पड़ते हैं, तो सीधा डॉक्टर के पास अपनी परेशानी बताने पहुंच जाते हैं। अपने साथ न तो कोई मेडिकल रिपोर्ट्स लेकर जाते हैं और न ही पुराने प्रिस्क्रिप्शन। इससे डॉक्टर को दोबारा पूरी जांच प्रक्रिया करनी पड़ती है और कुछ मामलों में टेस्ट भी कराने पड़ते हैं। इतना ही नहीं, डॉक्टर को बीमारी को समझने में भी ज्यादा समय लग सकता है, क्योंकि डॉक्टर आपसे सारी बातें और समस्याएं जानने के लिए दोबारा वही प्रक्रिया दोहराएंगे।  इसलिए मरीज को डॉक्टर के पास जाने से पहले थोड़ी तैयारी करके जानी चाहिए। अपने साथ कुछ रिपोर्ट्स और जरूरी चीजें लेकर जानी चाहिए, ताकि अस्पताल पहुंचकर आपके इलाज का प्रोसेस सही और आसान तरीके से हो सके। आइए, इस National Doctor's Day (हर साल 1 जुलाई को मनाया जाता है) के मौके पर जानते हैं कि आपको अस्पताल या डॉक्टर के पास जाते समय कौन-सी रिपोर्ट साथ लेकर जानी चाहिए, जिससे डॉक्टर को इलाज करने में आसानी हो सके।

1. डॉक्टर की पुरानी पर्ची

National Institute on Aging के अनुसार, अगर आप पहले से ही किसी बीमारी का इलाज करा रहे हैं, तो डॉक्टर की हर विजिट पर पुरानी पर्ची या प्रिस्क्रिप्शन जरूर लेकर जाएं। अगर आपने डॉक्टर बदला है, तो नए डॉक्टर के पास भी सारी पुरानी पर्चियां लेकर जाएं। इससे डॉक्टर को पता चल पाएगा कि आप कौन-सी दवा ले रहे हैं, आपको इस दवा से कितना फायदा मिला। पुरानी प्रिस्क्रिप्शन से डॉक्टर को पता चल पाता है कि दवा में कोई बदलाव करना है या नहीं।

2. पुराने मेडिकल रिपोर्ट्स

National Institute on Aging के अनुसार, अगर आप डॉक्टर के पास जा रहे हैं तो अपने पुराने मेडिकल रिपोर्ट्स साथ लेकर जरूर जाएं। अगर आपने पहले कोई ब्लड टेस्ट या यूरिन टेस्ट करा रखा है, तो उनकी रिपोर्ट साथ लेकर जरूर जाएं।इससे डॉक्टर को आपकी स्थिति समझने में मदद मिलेगी।

PSRI Hospital के Head of Emergency डॉ. प्रशांत सिन्हा बताते हैं कि अगर संभव हो तो आप डॉक्टर के पास सीबीसी, ब्लड शुगर, थायराइड, लिपिड प्रोफाइल, विटामिन बी12 और विटामिन डी की रिपोर्ट लेकर जा सकते हैं। अगर आपके पास एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई या अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट्स हैं, तो उन्हें भी अपने साथ जरूर लेकर जाएं। इससे आप अनावश्यक जांचों से बच सकते हैं।

3. जो दवाइयां अभी ले रहे हैं

डॉ. प्रशांत सिन्हा बताते हैं कि अगर आप कोई दवा, सप्लीमेंट, इनहेलर, आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां या ओवर-द-काउंटर (OTC) दवाएं ले रहे हैं, तो इन्हें भी अपने साथ जरूर लेकर जाएं। NIH के अनुसार,  आपको सिर्फ प्रिस्क्रिप्शन वाली दवाइयां नहीं, जो आप खुद ही सप्लीमेंट्स या OTC लेते हैं, उन्हें भी अपने साथ लेकर जाना जरूरी है। इससे डॉक्टर को पता चल पाएगा कि आपको दवाइयां और सप्लीमेंट्स एक साथ लेने हैं या नहीं, क्योंकि कुछ दवाइयां प्रतिक्रिया भी कर सकती हैं।

4. डॉक्टर से पूछने वाले सवालों की लिस्ट

कई मरीज डॉक्टर के पास पहुंचकर भूल जाते हैं कि उन्हें क्या-क्या बात करनी है और कौन-कौन सी समस्याओं को लेकर चर्चा करनी है। इसलिए अपने साथ एक लिस्ट लेकर जाएं, जिसमें डॉक्टर से पूछे जाने वाले सभी सवाल लिखे हों। National Institute on Aging के अनुसार, आपको इन सवालों को लिस्ट में लिखना चाहिए-

  • मुझे कौन-कौन सी दिक्कतें हो रही हैं?
  • कौन-से लक्षण महसूस हो रहे हैं?
  • मेरी बीमारी की वजह क्या हो सकती है?
  • क्या मुझे कोई जांच करानी चाहिए?
  • दवाइयां कितने दिन तक और किस समय लेनी हैं?
  • अब अगले फॉलो-अप के लिए कब मिलना है?

अगर आपको किसी फूड, दवा या ड्रिंक से एलर्जी है, तो डॉक्टर को इस बात की जानकारी भी जरूर दें।

5. पुरानी बीमारियों की रिपोर्ट्स लेकर जाएं

डॉ. प्रशांत सिन्हा बताते हैं कि अगर आपको कोई पुरानी बीमारी है, तो उसकी रिपोर्ट भी अपने साथ जरूर लेकर जाएं। अगर आपको डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, अस्थमा, हार्ट डिजीज, किडनी या लिवर की बीमारी, थायरॉयड आदि है तो डॉक्टर को जरूर बताएं। अगर इनकी रिपोर्ट उपलब्ध है, तो उसे भी साथ जरूर रखें।

इसके अलावा, अगर परिवार में किसी को गंभीर बीमारी जैसे- कैंसर, हार्ट अटैक, स्ट्रोक, जेनेटिक बीमारी है तो डॉक्टर को इसकी जानकारी भी दें।

6. आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड भी साथ रखें

अगर आप सरकारी अस्पताल या आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के तहत इलाज कराने जा रहे हैं, तो आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड (अगर बना हो) साथ लेकर जरूर जाएं। इससे रजिस्ट्रेशन और इलाज से जुड़ी प्रक्रियाएं जल्दी पूरी हो सकती हैं।

Disclaimer:  डॉक्टर के पास जाते समय अपने साथ मेडिकल रिपोर्ट्स, आधार कार्ड और अगर है तो आयुष्मान कार्ड साथ रखें। साथ ही, आपको डॉक्टर से क्या-क्या पूछना है, उसकी भी एक लिस्ट बनाकर अपने साथ ले जाएं, ताकि आप डॉक्टर से कुछ भी डिस्कस करना न भूले। साथ ही, डॉक्टर से कुछ भी छुपाना सही नहीं है। आपको डॉक्टर से हर जरूरी चीज डिस्कस करनी चाहिए। डॉक्टर को अपनी स्वास्थ्य स्थिति, दवाओं, एलर्जी और पुरानी बीमारियों के बारे में पूरी जानकारी दें, तभी सही और आसान इलाज मिलने में मदद मिल सकती है। अगर संभव हो, तो अपने किसी परिवार जन या दोस्त को साथ लेकर डॉक्टर से मिलने जाएं।