
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : May 24, 2024 5:31 PM IST
लिवर हमारे शरीर का एक अहम हिस्सा है। लिवर पित्त का उत्पादन करता है। यह एक पाचक रस है जो वसा को पचाने में मदद करता है। इसी के साथ लिवर रक्त से विषाक्त पदार्थों को हटाता है। यह रेड ब्लड सेल्स का उत्पादन भी बढ़ाता है। लिवर में आई थोड़ी सी भी खराब आपको बड़ी परेशानी में डाल सकती है। अगर आपको महसूस हो रहा है कि आपका लिवर ठीक से काम नहीं कर रहा है तो आपको लिवर फंक्शन टेस्ट यानी एलएफटी जरूर करवाना चाहिए। यह आपके लिवर की सेहत के बारे में सटीक जानकारी देता है। क्या है लिवर फंक्शन टेस्ट और क्यों है यह जरूरी, आइए जानते हैं।
लिवर की क्षति या बीमारी का पता लगाने के लिए यह टेस्ट करवाया जाता है। जब लिवर ठीक से काम नहीं करता है तो उसके कई लक्षण नजर आते हैं। पेट में दर्द या सूजन, भूख न लगना, मतली और उल्टी, थकान, पीलिया, गहरे पीले रंग का यूरिन आना, खुजली, नाक से खून बहना, तेजी से वजन कम होना, पैरों या टखनों में सूजन आदि लिवर के बीमार होने के संकेत हैं। इनमें से अगर कोई भी लक्षण आपको नजर आएं तो एलएफटी जरूर करवाना चाहिए। आमतौर पर यह सुबह खाली पेट किया जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार लिवर के बीमार होने के कई कारण हैं। जिन लोगों का वजन ज्यादा होता है या जो शराब का सेवन ज्यादा करते हैं, उनका लिवर खराब होने की आशंका ज्यादा होती है। इसी के साथ डायबिटीज, हेपेटाइटिस ए, बी या सी का संक्रमण, हाई ब्लड प्रेशर भी लिवर को बीमार करता है। कई बार दवाएं भी लिवर को नुकसान पहुंचाती हैं। अगर आपका पारिवारिक इतिहास लिवर की बीमारी का है तो भी आपको सावधान रहना चाहिए।
अपनी दिनचर्या और जीवनशैली में बदलाव करके आप लिवर को हेल्दी रख सकते हैं।
फल, सब्जियां और साबुत अनाज का सेवन ज्यादा करें। इनमें फाइबर, विटामिन और खनिज होते हैं जो आपके लिवर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। लीन प्रोटीन जैसे- मछली, चिकन, बीन्स और टोफू का सेवन करें। साथ ही ओलिव आयल, एवोकैडो और नट्स जैसे हेल्दी फैट खाएं। सैचुरेटेड फैट, ट्रांस फैट से बचें। शक्कर और नमक का सेवन सीमित करें।
सेहतमंद रहने के लिए नियमित व्यायाम करें। हर सप्ताह कम से कम 150 मिनट व्यायाम करें। यह आपके लिवर को स्वस्थ रखने और वजन कम करने में मदद करता है।
अत्यधिक शराब का सेवन लिवर को नुकसान पहुंचाता है। आप शराब को लिवर का दुश्मन कह सकते हैं। इसलिए इसे तुरंत छोड़ने की कोशिश करें। इसी के साथ धूम्रपान से भी दूर रहेें।
कुछ दवाएं लिवर को नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसलिए दवाओं का सेवन करते समय हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें। बिना जानकारी के ली गई दवाएं आपका मर्ज बढ़ा सकती हैं।
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.