कब पड़ती है टॉन्सिल्स के ऑपरेशन की जरूरत? डॉक्टर बता रहे हैं किसके लिए है जरूरी

मौसम में बदलाव होने पर कई लोगों को गले की समस्या होने लगती है। इस समस्या को मेडिकल भाषा में टॉन्सिल की परेशानी कहा जाता है। गंभीर मामलों में टॉन्सिल के ऑपरेशन की जरूरत होती है।

WrittenBy

Written By: Ashu Kumar Das | Published : August 9, 2026 11:28 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. (Major) Rajesh Bhardwaj

फिर से गले में दर्द... फिर से बुखार। मौसम में बदलाव होते ही बहुत से लोगों के लिए ये लाइन हर महीने की कहानी बन जाती है। और जब डॉक्टर गले में टॉर्च डालकर देखते हैं तो कहते हैं - टॉन्सिल बढ़े हुए हैं।टॉन्सिल का नाम सुनते ही सबसे पहला सवाल मन में आता है क्या ऑपरेशन करवाना पड़ेगा? अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो बिल्कुल डरिए मत। हर बार टॉन्सिल बढ़ने का मतलब ऑपरेशन नहीं होता है। दिल्ली के मेडफर्स्ट ईएनटी सेंटर के ENT Specialist डॉ. (मेजर) आर. के. भारद्वाज का कहना है कि बढ़े हुए टॉन्सिल के कुछ ही मामलों में ऑपरेशन की जरूरत पड़ती है। तो चलिए जानते हैं कब पड़ती है टॉन्सिल में ऑपरेशन की जरूरत।

टॉन्सिल होते क्या हैं? और बीमार क्यों पड़ते हैं?

डॉ. भारद्वाज बताते हैं कि हमारे गले में पीछे की तरफ दोनों तरफ बादाम के आकार की 2 गिल्टियां होती हैं। इन्हें ही टॉन्सिल कहते हैं। इन्हें आप शरीर का पहला सिक्योरिटी गार्ड समझ लीजिए। नाक और मुंह से जाने वाले बैक्टीरिया और वायरस को ये पहले पकड़ते हैं ताकि वो फेफड़ों तक न पहुंचें। लेकिन दिक्कत तब आती है जब ये खुद ही इंफेक्शन का शिकार हो जाते हैं। इस कंडीशन को मेडिकल भाषा में टॉन्सिलाइटिस कहा जाता है।

टॉन्सिल की परेशानी गंभीर होती है। टॉन्सिल की परेशानी गंभीर होती है।

टॉन्सिलाइटिस के लक्षण क्या हैं?

टॉन्सिलाइटिस के आम लक्षण हैं

  1. गले में तेज दर्द
  2. निगलने में दिक्कत
  3. बुखार
  4. मुंह से बदबू
  5. गर्दन की गिल्टियों का सूज जाना।

टॉन्सिल में कब पड़ती है ऑपरेशन की जरूरत?

इस सवाल का जवाब देते हुए डॉक्टर बताते हैं कि टॉन्सिल के ऑपरेशन यानी टॉन्सिलेक्टॉमी का फैसला 3 चीजों पर होता है - कितनी बार हुआ, कितना सीवियर था और दवाइयों से फायदा हुआ या नहीं। डॉक्टर आमतौर पर इन 5 स्थितियों में ऑपरेशन की सलाह देते हैं:

1. बार- बार इंफेक्शन का खतरा

किसी व्यक्ति को बार- बार इंफेक्शन हो रहा है तो इस स्थिति में ऑपरेशन करवाने की सलाह ज्यादा दी जाती है। डॉक्टर कहते हैं कि अगर 1 साल में 7 बार से ज्यादा या 2 साल में हर साल 5 बार से ज्यादा, 3 साल में हर साल 3 बार से ज्यादा टॉन्सिलाइटिस हो रहा है, तो डॉक्टर ऑपरेशन सोचते हैं। आसान भाषा में कहें तो हर 2 महीने में एंटीबायोटिक खानी पड़ रही है तो ये नॉर्मल नहीं है।

2. दवाइयों से ठीक न होना

कई बार इंफेक्शन इतना जिद्दी होता है कि 10-14 दिन की एंटीबायोटिक के बाद भी बुखार और दर्द नहीं जाता। मवाद बन जाता है। इसे पेरिटॉन्सिलर एब्सेस कहते हैं। ऐसी स्थिति में टॉन्सिल निकालना ही एकमात्र रास्ता बचता है।

मौसम में बदलाव होने पर यह परेशानी होना आम बात है।

3. सांस लेने में परेशानी होना

कुछ बच्चों और बड़ों के टॉन्सिल जन्म से ही बहुत बड़े होते हैं। वो इतने बढ़ जाते हैं कि गले का रास्ता आधा बंद कर देते हैं। इसका नतीजा यह होता है कि रात में खर्राटे, सांस रुक-रुक कर आना जिसे स्लीप एपनिया कहते हैं और खाना निगलने में दिक्कत हो सकती है। इस स्थिति में भी डॉक्टर ऑपरेशन करवाने की सलाह दे सकते हैं।

4. टॉन्सिल में गांठ

अगर सिर्फ एक तरफ का टॉन्सिल बहुत ज्यादा बढ़ जाए, उसमें छाले या सफेद पैच बन जाएं जो ठीक न हों, तो डॉक्टर बायोप्सी के लिए उसे निकालने की सलाह देते हैं। ये बहुत कम होता है पर इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

5. बार- बार गले में खराश

कुछ लोगों के टॉन्सिल में छोटे-छोटे सफेद पत्थर जैसे बन जाते हैं। इन्हें टॉन्सिलोलिथ कहते हैं। इनसे मुंह से बहुत बदबू आती है और बार-बार गले में खराश होती है। जब सफाई और दवाओं से आराम न मिले तो आखिरी ऑप्शन ऑपरेशन ही होता है।

किसे नहीं करवाना चाहिए टॉन्सिल का ऑपरेशन?

इस सवाल का जवाब देते हुए डॉ. भारद्वाज कहते हैं कि टॉन्सिल का ऑपरेशन हर किसी के लिए नहीं है। डॉक्टर इन स्थितियों में टालने की सलाह देते हैं:

  1. सिर्फ 1-2 बार इंफेक्शन हुआ हो- साल में एक बार सर्दी-जुकाम के साथ टॉन्सिल होना आम है। इसके लिए आपको ऑपरेशन करवाने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है।
  2. छोटे बच्चे- जब तक बहुत जरूरी न हो, डॉक्टर 5-6 साल के बच्चों को टॉन्सिल का ऑपरेशन करवाने की सलाह बिल्कुल भी नहीं देते हैं। क्योंकि इस उम्र में टॉन्सिल इम्यूनिटी में मदद करते हैं।
  3. ब्लीडिंग की बीमारी हो- हीमोफीलिया जैसे मरीजों में ऑपरेशन रिस्की हो सकता है।
  4. इंफेक्शन के समय- जब गले में एक्टिव इंफेक्शन चल रहा हो तब ऑपरेशन नहीं करते हैं।

डॉक्टर बताते हैं कि टॉन्सिल का ऑपरेशन कोई बहुत बड़ी सर्जरी नहीं है। पर ये भी जरूरी नहीं कि हर गले के दर्द में चाकू चले। अगर टॉन्सिल आपकी रोजमर्रा की जिंदगी खराब कर रहे हैं, स्कूल व ऑफिस छूट रहा है, सांस लेने में दिक्कत है या हर महीने दवा खानी पड़ रही है - तो डॉक्टर से ऑपरेशन के बारे में बात जरूर करें।

Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी के लिए है। अगर आपको बार- बार टॉन्सिल की परेशानी हो रही है तो इस बारे में अपने डॉक्टर से बात करें।