
Also Read
Medically Verified By: Dr. Akhil Kumar Rustagi
Akele Me Heart Attack Ho To Kya Kare: हर किसी को पता है कि हार्ट अटैक कोई छोटी-मोटी बीमारी नहीं है, बल्कि एक हेल्थ इमरजेंसी है। खराब जीवनशैली, खराब आहार आदतें और काम व रिश्तों से बढ़ते तनाव के कारण आजकल हार्ट के मरीज बढ़ रहे हैं और स्वस्थ लोगों में भी हार्ट अटैक आने का खतरा बढ़ता जा रहा है। हार्ट अटैक अचानक से होने वाली ऐसी कंडीशन है, जिसमें अगर समय रहते मदद न मिल पाए तो मरीज की जान भी जा सकती है। लेकिन जरूरी नहीं है कि हर समय आपके पास कोई न कोई व्यक्ति मदद के साथ रहे। हार्ट अटैक तब भी आ सकता है, जब आप अकेले हों और अचानक से ऐसी कंडीशन हो सकती है कि मरीज कई बार मदद के लिए बुला नहीं पाता है और उससे पहले ही उसे हार्ट अटैक आ सकता है। इसलिए यह जानना जरूरी है कि अगर आप अकेले हैं और आपको हार्ट अटैक आ जाए तो ऐसे में क्या किया जा सकता है जिससे आपकी जान बच सके।
डॉ. अखिल कुमार रुस्तगी ने बताया कि अकेले में अचानक से दिल का दौरा पड़ने का विचार मात्र ही किसी भी व्यक्ति के लिए डरावना हो सकता है और अगर ऐसा वास्तव में होना बेहद भयावह हो सकता है। लेकिन इस स्थिति में घबराने की बजाय सही जानकारी और सही समय पर सही एक्शन लेना आपकी जान बचा सकता है। हार्ट के हर मरीज के लिए यह जानना बहुत जरूरी है कि आप अकेले नहीं हैं – मदद हमेशा उपलब्ध है, बस आपको उस तक पहुंचना है।
हमारा प्रमुख टॉपिक यही है कि हार्ट अटैक तो अकेले में भी आ सकता है और ऐसे में अपनी जान कैसे बचाई जा सकती है। इसलिए जान बचाने के लिए सबसे जरूरी है सही जानकारी और इसके लिए आपको हार्ट अटैक के शुरुआती लक्षणों की अच्छे से पहचान करनी है, ताकि आप बिना देरी किए सही समय पर सही एक्शन ले सकें। डॉ. रुस्तगी ने बताया कि अगर आपको अकेले में छाती में तेज दर्द महसूस हो, जो बाएं हाथ, पीठ, गर्दन, जबड़े या पेट तक फैल रहा हो, साथ में सांस लेने में तकलीफ, पसीने के साथ चक्कर आ रहे हों, तो बिना एक पल भी गंवाए, तुरंत अपने फोन से आपातकालीन नंबर (जैसे 108) पर कॉल करें। यह आपका पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम होना चाहिए।
अब आपने इमरजेंसी कॉल कर दिया है और अब आपने खुद पर ध्यान देना है। सबसे पहले शांत रहें और आराम से बैठ या लेट जाएं और जितना हो सके फिजिकल मूवमेंट कम करें। अगर आपने ज्यादा तंग कपड़े पहने हैं तो पहले ही ढीला कर लें। कपड़े ढीले करते समय भी तेजी न बरतें और धीरे-धीरे कपड़े ढीले करते रहें। उदाहरण के लिए अगर आपको थोड़ा सा भी हार्ट अटैक के लक्षणों की शुरुआत का होने से जैसा महसूस होता है, तो सबसे आरामदायक जगह पर बैठ या लेट जाएं और फिर धीरे-धीरे कपड़े ढीले कर लें।
अगर आप पहले से ही हार्ट के रोगी हैं, तो आपके डॉक्टर ने आपको जरूर इमरजेंसी में इस्तेमाल करने के लिए कोई दवा दी होगी, जैसे एस्पिरिन (300mg) आदि। इस दवा को चबाकर या आपके डॉक्टर द्वारा दी गई सलाह के अनुसार खाएं। यह दवा खून को पतला करने में मदद करती है, खांसने की कोशिश न करें क्योंकि वैज्ञानिक रूप से यह प्रभावी साबित नहीं हुए हैं। शांत रहने की कोशिश करें और एंबुलेंस के आने का इंतजार करें। याद रखें, जितनी जल्दी चिकित्सा सहायता मिलेगी, ठीक होने की संभावना उतनी ही अधिक होगी। आपकी तत्परता ही आपकी सबसे बड़ी ढाल है।
अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।