फैटी लिवर की पहली स्टेज में कौन से लक्षण दिखते हैं? डॉक्टर ने बताया रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर कैसे रखें अपना ध्यान

Fatty Liver Ki First Stage Mai Kya Hota Hai: आजकल फैटी लिवर की समस्या इतनी आम हो गई है कि लोग इसकी पहली स्टेज पार कर जाते हैं और उन्हें पता भी नहीं चलता। आइए आपको बताते हैं फैटी लिवर के शुरुआती लक्षण कौन से होते हैं।

WrittenBy

Written By: Vidya Sharma | Updated : April 24, 2026 5:56 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Rakesh Kochhar

Fatty Liver Ki First Stage Ke Lakshan: कई स्वास्थ्य समस्याएं हैं जो बड़े-बूढ़ों से लेकर युवाओं तक को अपनी चपेट में ले रही हैं। उन्हीं में से एक है फैटी लिवर। यह एक ऐसी स्थिति है जब हमारे लिवर की कोशिकाओं में एक्स्ट्रा फैट जमा हो जाता है। वसा जमने से यह सही से काम नहीं कर पाता है और फिर धीरे-धीरे थकान-कमजोरी,पेट में दर्द, सूजन और सिरोसिस होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। आमतौर पर फैटी लिवर के 4 चरण होते हैं, जिसमें अगर पहले पर ही रोक लगा दी जाए तो व्यक्ति ठीक हो सकता है।

फैटी लिवर की पहली स्टेज, जिसे आमतौर पर ग्रेड 1 कहा जाता है, ऐसी स्थिति होती है जिसमें लिवर में हल्की मात्रा में फैट जमा होना शुरू हो जाता है। इस स्टेज की सबसे खास बात यह है कि इसमें ज्यादातर लोगों को कोई खास लक्षण महसूस नहीं होते। इसी वजह से कई बार यह समस्या लंबे समय तक बिना पता चले बनी रहती है और अक्सर किसी रूटीन चेकअप या अल्ट्रासाउंड के दौरान ही सामने आती है। आइए हम पारस हेल्थ में गैस्ट्रो साइंसेज के डायरेक्टर डॉक्टर राकेश कोचर से इस विषय पर विस्तार से जानते हैं।

फैटी लिवर की पहली स्टेज- शरीर में दिखने वाले बदलाव

डॉक्टर बताते हैं कि कुछ लोगों को शरीर में हल्के बदलाव महसूस हो सकते हैं। जैसे पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में भारीपन या हल्का दर्द, बिना ज्यादा काम किए थकान महसूस होना, खाने का मन कम होना या कभी-कभी पेट फूलना। ये लक्षण इतने सामान्य होते हैं कि लोग इन्हें आम गैस या कमजोरी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन अगर ये चीजें लगातार महसूस हो रही हों, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए।

फैटी लिवर की रिपोर्ट पॉजिटिव आए तो क्या करें?

अगर आपकी रिपोर्ट में फैटी लिवर पॉजिटिव आया है, तो सबसे पहले घबराने की जरूरत नहीं है। यह एक ऐसी स्थिति है जिसे शुरुआत में ही संभाल लिया जाए तो आगे बढ़ने से रोका जा सकता है। डॉक्टर आमतौर पर इस स्टेज पर लाइफस्टाइल में बदलाव की सलाह देते हैं, क्योंकि यही इसका सबसे असरदार इलाज होता है।

फैटी लिवर ठीक करने के लिए कौन से बदलाव जरूरी हैं?

सबसे जरूरी बदलाव खाने-पीने में करना होता है। कोशिश करें कि तला-भुना, ज्यादा मसालेदार और प्रोसेस्ड खाना कम से कम खाएं। बाहर का फास्ट फूड, पैकेट वाले स्नैक्स, और ज्यादा मीठी चीजें जैसे कोल्ड ड्रिंक्स या मिठाइयां लिवर पर असर डालती हैं। इसकी जगह घर का बना सादा खाना, हरी सब्जियां, फल, दालें और साबुत अनाज ज्यादा शामिल करें। पानी पर्याप्त मात्रा में पीना भी जरूरी है, ताकि शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकलते रहें।

अगर वजन ज्यादा है तो क्या करें?

अगर वजन ज्यादा है, तो उसे धीरे-धीरे कम करना बहुत फायदेमंद साबित होता है। अचानक डाइटिंग या बहुत तेजी से वजन घटाने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे उल्टा असर भी पड़ सकता है। रोजमर्रा की जिंदगी में थोड़ा एक्टिव रहना काफी मदद करता है- जैसे रोज 30 मिनट टहलना, सीढ़ियां इस्तेमाल करना या हल्की-फुल्की एक्सरसाइज करना।

ड्रिंक करने वालों को हो सकती है दिक्कत

शराब का सेवन करते हैं तो उसे बंद करना या पूरी तरह से अवॉइड करना बेहतर होता है, क्योंकि इससे लिवर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसी तरह, बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा लेने से बचना चाहिए, क्योंकि कुछ दवाइयां लिवर को नुकसान पहुंचा सकती हैं।

डॉक्टर ने दी फैटी लिवर वालों को सलाह

डॉक्टर की सलाह के अनुसार समय-समय पर जांच कराते रहना भी जरूरी है, जैसे लिवर फंक्शन टेस्ट या अल्ट्रासाउंड। इससे यह समझने में मदद मिलती है कि स्थिति में सुधार हो रहा है या नहीं। अच्छी बात यह है कि फैटी लिवर की पहली स्टेज में अगर समय रहते ध्यान दिया जाए, तो इसे काफी हद तक ठीक किया जा सकता है। इसके लिए बस नियमितता, संतुलित खानपान और थोड़ा सा अनुशासन जरूरी है। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके आप अपने लिवर को स्वस्थ रख सकते हैं और आगे होने वाली जटिलताओं से बच सकते हैं।

निष्कर्ष- अगर आपको रिपोर्ट देखते ही पता चल गया है कि फैटी लिवर थोड़ा बढ़ा हुआ आया है, जोकि पहली स्टेज है। तो तुरंत ही अपने खान-पान व लाइफस्टाइल में बदलाव करें और समस्या अधिक बढ़ने पर डॉक्टर से सलाह लें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source