सर्दियों में हार्ट को स्वस्थ रखने के लिए क्या करना चाहिए? स्पेशलिस्ट से जानिए टिप्स

सही तरह से कपड़े पहनकर, घर के अंदर सक्रिय रहकर और हृदय स्वास्थ्य को प्राथमिकता देकर, आप सर्दियों के मौसम का आनंद भी ले सकते हैं और अपने हार्ट को भी स्वस्थ रख सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : February 1, 2024 9:28 PM IST

नार्थ इंडिया में वर्तमान में शीतलहर अपने चरम पर है। सुबह-शाम का तापमान औसतन 3 डिग्री तक पहुंच चुका है। इतने ठंडे मौसम में जहां लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं वहीं, इतने सर्द मौसम में हार्ट मरीजों की परेशानियां भी बढ़ जाती है। जब तापमान कम होता है तो हार्ट संबंधी कई समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है। इस आर्टिकल के माध्यम से मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में सीनियर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अभिजीत बोरसे कुछ ऐसी टिप्स बता रहे हैं जिन्हें फॉलो कर आप बढ़ती सर्दी में भी अपने हार्ट को स्वस्थ रख सकते हैं।

1. लेयर्स में कपड़े पहनें

सर्दियों में अपने हार्ट को स्वस्थ रखने के लिए पहला कदम आपको अपने शरीर को गर्म रखकर उठाना चाहिए। इसके लिए आपको लेयर्स में कपड़े पहनने चाहिए। ठंड के मौसम के कारण आपके हृदय को शरीर के सामान्य तापमान को बनाए रखने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है। शरीर में सबसे ज्यादा ठंड हाथ और पैरों से जाती है, इसे रोकने के लिए टोपी और दस्ताने पहनें। पर्याप्त रूप से गर्म रहकर, आप अपने दिल को अनावश्यक तनाव के बिना अपना सामान्य कार्य बनाए रखने में मदद कर सकते हैं।

2. हैवी फिजिकल एक्टिविटी करते समय ब्रेक जरूर लें

ऐसी गतिविधियों में शामिल होने से जिनमें बहुत अधिक ऊर्जा खर्च होती है, जैसे कि बर्फ में खेलना, आपकी हृदय गति और रक्तचाप को बढ़ा सकता है। अत्यधिक परिश्रम को रोकने के लिए, बीच-बीच में ब्रेक लेते रहें ताकि हार्ट पर ज्यादा दबाव न पड़े और रिकवरी होती रहे। शरीर में हो रहे हर छोटे-बड़े बदलाव पर नजर रखें और ज़रूरत पड़ने पर डॉक्टर के पास जाने से संकोच न करें। ठंड में शारीरिक गतिविधियां करने से आपके दिल पर दबाव पड़ सकता है और हृदय रोग का खतरा बढ़ सकता है।

3. खुद को हाइड्रेट रखें

सर्दियों के मौसम में गर्मी की तरह प्यास नहीं लगती है, इसलिए कई बार लोग पानी पीना जरूरी नहीं समझते हैं। ऐसे लोगों की गलतफहमी होती है कि प्यास लगने पर ही पानी पीएंगे। लेकिन हार्ट हेल्थ को बनाए रखने के लिए बॉडी को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। डिहाड्रेशन हार्ट रेट को बढ़ाने के साथ ही हृदय पर एक्स्ट्रा प्रेशर डाल सकता है। सर्दियों में हार्ट हेल्थ को दुरुस्त रखने के लिए समय समय पर गुनगुना पानी पीते रहे। पानी के अलावा आप हर्बल टी और सूप आदि भी पी सकते हैं। कैफीन और एल्कोहल की मात्रा को सीमित रखें, ये डिहाइड्रेशन को बढ़ा सकते हैं।

4. ज्यादा शराब न पीएं

जहां ठंड के मौसम में गर्म पेय पीना सबको अच्छा लगता है, वहीं अत्यधिक शराब का सेवन आपके दिल पर हानिकारक प्रभाव डाल सकता है। ठंडे तापमान के कारण रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं। ऐसे में यदि जरूरत से ज्यादा शराब को सेवन किया जाए तो स्ट्रोक और दिल के दौरे का खतरा और बढ़ सकता है। अगर आप बाहर रहने का प्लान बनाते हैं तो शराब पीकर अपनी हार्ट हेल्थ के साथ कॉम्प्रोमाइज न करें।

5. हार्ट हेल्थ को प्राथमिकता दें

यदि आपको हृदय रोग, किडनी की समस्या या उच्च रक्तचाप जैसी पहले से ही कोई बीमारी है तो समय पर इनका प्रबंधन और निगरानी करना महत्वपूर्ण है। ऐसी बीमारियों की समय पर जांच कराना बहुत जरूरी है ताकि आने वाले खतरे का तुरंत समाधान किया जा सके। दिल की समस्याओं के जोखिम को कम करने के लिए धूम्रपान छोड़ना एक शक्तिशाली कदम है, क्योंकि धूम्रपान दिल की समस्याओं में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

6. बैलेंस डाइट लें

सर्दी के मौसम में डाइजेशन संबंधी समस्या गर्मी की तुलना में कम होती है। जिसके चलते लोग कैलोरी युक्त खाद्य पदार्थ और खासकर फास्ट फूड का सेवन ज्यादा करना शुरू कर देते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं तो इसे सीमित कर दें। हार्ट और शरीर को हेल्दी रखने के लिए बैलेंस डाइट फॉलो करना बहुत जरूरी है। अपनी डाइट में ताजे फल, सब्जियां, साबुत अनाज और लीन प्रोटीन को शामिल करें।

7. धूप में बैठें और विटामिन डी लें

सर्दियों के दौरान सूरज की रोशनी के सीमित संपर्क से विटामिन डी की कमी हो सकती है, जिसे हृदय संबंधी समस्याओं से जोड़ा गया है। हालांकि इसके लिए कोई प्रूफ मौजूद नहीं है लेकिन यह सुझाव दिया जाता है कि अपनी डाइट में ऐसे फूड या सप्लीमेंट शामिल करें जिनमें विटामिन डी हो। अपनी आवश्यकताओं के लिए सही दृष्टिकोण निर्धारित करने के लिए अपने चिकित्सक से परामर्श करें।

8. इनडोर गतिविधियों का विकल्प चुनें

अगर आपको हार्ट डिजीज की हिस्ट्री है तो सर्दियों के मौसम में फिजिकल एक्टिविटी करने के लिए बाहर जाना अवॉइड करें। आप घर पर ही एक्सरसाइज, योग और फिट रहने के लिए अन्य प्रेक्टिस कर सकते हैं। उदाहरण के लिए घर में आप ट्रेडिमिल पर वॉकिंग, फिटनेस क्लास ज्वॉइन करना और अन्य एक्टिविटी कर सकते हैं। इससे आप सर्द हवाओं की चपेट में आने से खुद को बचा सकते हैं।

सही तरह से कपड़े पहनकर, घर के अंदर सक्रिय रहकर और हृदय स्वास्थ्य को प्राथमिकता देकर, आप सर्दियों के मौसम का आनंद भी ले सकते हैं और अपने हार्ट को भी स्वस्थ रख सकते हैं। याद रखें, व्यक्तिगत सलाह के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करना आपके समग्र स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए हमेशा एक बेस्ट कदम होगा।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source