hamburger icon
A
Read in English

यूरिक एसिड क्या है और यह कैसे बनता है? सरल शब्दों में जानें इसकी ABCD

What is Uric Acid in Hindi: यूरिक एसिड शरीर में बनने वाला एक वेस्ट प्रोडक्ट है, जो प्यूरिन नामक रसायन के टूटने से बनता है।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : January 15, 2026 4:46 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: DR. Vineet

Uric Acid Kya Hota Hai:यूरिक एसिड क्या होता है? वीएनए हॉस्पिटल (VNA Hospital) के यूरोलॉजी विभाग के डायरेक्टर और हेड डॉ. विनीत मल्होत्रा बताते हैं, "यूरिक एसिड एक नेचुरल वेस्ट प्रोडक्ट है, जो पेशाब के साथ शरीर से बाहर निकल जाता है। जब यह शरीर से बाहर नहीं निकल पाता है तो किडनी में जमा होकर क्रिस्टल बनाता है। इससे किडनी स्टोन का खतरा बढ़ जाता है। हाई यूरिक एसिड, गठिया का कारण भी बनता है। यूरिक एसिड तब खतरनाक बनता है, जब यह सामान्य से काफी ज्यादा हो जाता है और इसे शरीर से बाहर निकालने में मुश्किल होती है। अब कई लोगों का सवाल होता है कि आखिर यूरिक एसिड कैसे बनता है? और यूरिक एसिड बढ़ने से क्या होता है?"

शरीर में यूरिक एसिड कैसे बनता है?

डॉ. विनीत बताते हैं, शरीर में यूरिक एसिड तब बनता है, जब प्यूरीन नामक रसायन टूटते हैं। प्यूरिन शरीर की कोशिकाओं और कुछ खाद्य पदार्थों में पाया जाता है। आपको बता दें कि प्यूरिन बीयर, रेड मीट और सी फूड्स में अधिक मात्रा में पाए जाते हैं। जब इनमें मौजूद प्यूरिन टूटते हैं, तो यही यूरिक एसिड होता है। इसे शरीर का एक प्राकृतिक अपशिष्ट पदार्थ यानी वेस्ट प्रोडक्ट्स माना जाता है। इसे किडनी द्वारा पेशाब के जरिए बाहर निकाला जाता है। जब किडनी इस एसिड को बाहर नहीं निकाल पाती है, तो यह खून में मिलकर गाउट और किडनी में पथरी का कारण बनता है।

शरीर में यूरिक एसिड क्यों बढ़ जाता है?

असंतुलित आहार

असंतुलित आहार, शरीर में यूरिक एसिड बढ़ने का एक मुख्य कारण हो सकता है। गलत खान-पान, यूरिक एसिड बढ़ने की सबसे बड़ी वजह में से एक हो सकता है। जब आप अस्वस्थ आहार लेते हैं, तो इससे प्यूरिन नामक तत्व की मात्रा अधिक हो जाती है। इससे यूरिक एसिड बढ़ जाता है। ज्यादा मात्रा में रेड मीट और मांस खाने से यूरिक एसिड बढ़ सकता है।

मोटापा

मोटापा भी हाई यूरिक एसिड का कारण बन सकता है। जब शरीर में वजन बढ़ता है, तो इंसुलिन रेजिस्टेंस होने लगता है। इसकी वजह से किडनी यूरिक एसिड को सही तरीके से फिल्टर नहीं कर पाता है। इससे खून में यूरिक एसिड की मात्रा बढ़ने लगती है। इससे जोड़ों में दर्द और गठिया जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इससे बचाव के लिए शारीरिक रूप से सक्रिय रहना बहुत जरूरी है।

पानी कम पीना

अगर आप पानी कम पीते हैं, तो बॉडी डिहाइड्रेट हो सकती है और इससे यूरिक एसिड बढ़ सकता है। जब आप पर्याप्त पानी नहीं पीते हैं, तो किडनी यूरिक एसिड को पेशाब के साथ नहीं निकाल पाती हैं। इससे यूरिक एसिड के क्रिस्टल जमा होने लगते हैं। इसकी वजह से किडनी में पथरी का खतरा बढ़ जाता है।

डायबिटीज और किडनी रोग

डायबिटीज और किडनी से जुड़े रोग होने पर भी यूरिक एसिड की मात्रा बढ़ सकती है। डायबिटीज में इंसुलिन की समस्या होने लगती है और यूरिक एसिड शरीर से बाहर नहीं निकल पाता है।

यूरिक एसिड बढ़ने से क्या समस्याएं होती हैं?

  • जोड़ों में दर्द और सूजन (गाउट)
  • पैरों के अंगूठे में तेज दर्द
  • किडनी स्टोन
  • चलने-फिरने में परेशानी

डॉ. विनीत बताते हैं कि अगर समय पर खान-पान और लाइफस्टाइल में बदलाव न किया जाए तो हाई यूरिक एसिड गंभीर बीमारी बन सकती है। इसकी वजह से जोड़ और किडनी बुरी तरह से प्रभावित हो सकते हैं।

Disclaimer : प्र‍िय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्‍य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।