हार्ट सर्जरी के बाद बच्चे की देखभाल कैसे करें? कितने दिनों तक एक्स्ट्रा केयर की होती है जरूरत

Open heart surgery baby : ओपन हार्ट सर्जरी के बाद बच्चों की एक्स्ट्रा केयर की जरूरत होती है। आइए जानते हैं कितने दिनों तक सही देखभाल की जरूरत है-

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Updated : February 3, 2026 12:36 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Vaibhav Mishra

हार्ट सर्जरी अपने आप में एक बड़ी और मुश्किल प्रक्रिया होती है, जिसमें मरीज को अतिरिक्त देखभाल की जरूरत होती है। सर्जरी के घाव का ध्यान रखने से लेकर खान-पान तक, हर चीज का बहुत ख्याल रखना पड़ता है। वहीं, बात जब बच्चे की हार्ट सर्जरी की आती है, तो मामला थोड़ा और नाजुक हो जाता है। बच्चे की हार्ट सर्जरी के बाद चीरे को ठीक होने में लगभग एक से 2 महीने का वक्त लग जाता है। इस दौरान, बच्चे को खास ख्याल की जरूरत होती है। जैसे बच्चे को ज्यादा भागने या कूदने न देना, संक्रमण से बचाव के लिए भीड़ से दूर रखना और सर्जरी वाली जगह पर पानी डालना या रगड़ने से बचना और उसे हाथों से नहीं बल्कि शरीर को सहारा देकर उठाना आदि। इस आर्टिकल में हम आपको हार्ट सर्जरी के बाद बच्चे का कैसे ख्याल रखना चाहिए, इसी बारे में बताने जा रहे हैं।

ओपन हार्ट सर्जरी के बाद बच्चों की कितने दिनों तक एक्स्ट्रा केयर की जरूरत होती है?

छोटे बच्चों की ओपन हार्ट सर्जरी के बाद कुछ समय तक एक्स्ट्रा देखभाल की जरूरत होती है। पटपड़गंज स्थित मैक्स हॉस्पिटल के सीनियर डायरेक्ट कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर वैभव मिश्रा का कहना है कि हार्ट सर्जरी के बाद बच्चे को ठीक होने में लगभग 4 से 8 सप्ताह का समय लग जाता है। डिस्चार्ज के बाद घर पर शुरुआती रिकवरी के लिए लगभग 3 से 4 सप्ताह की जरूरत होती है। कई प्रोसीजर के लिए हॉस्पिटल में रहना लगभग 15 दिनों का समय लग जाता है।

हार्ट सर्जरी के बाद बच्चे की ऐसे करें देखभाल

घाव की देखभाल

सर्जरी के बाद जिस चीज का सबसे ज्यादा ध्यान रखना होता है, वह है सर्जरी का घाव। दरअसल, घाव को ठीक होने में लगभग एक-दो महीने का वक्त लग जाता है। हालांकि, यह देखभाल पर निर्भर करता है। अगर आप चाहते हैं कि बच्चे का घाव जल्दी ठीक हो जाए, तो चीरे को साफ और खुली हवा में सूखने दें। कोशिश करें कि घाव पानी से बचा रहे। अगर घाव की पट्टी गीली हो जाती है, तो उसे तुरंत बदल दें और डॉक्टर की सलाह के बिना क्रीम या लोशन न लगाएं। एक और ध्यान देने वाली बात यह होती है कि जब तक बच्चे का घाव पूरी तरह ठीक न हो जाए, तब तक उसे पानी में न डुबोएं।

बच्चे को ज्यादा दौड़ने या कूदने न दें

हार्ट सर्जरी होने के करीब डेढ़-दो महीने तक बच्चे को किसी भी तरह की उछलकूद या फिर भागने-दौड़ने न दें। उन्हें वजन उठाने, साइकिल चलाने या फिर ऐसा कोई भी काम न करने दें, जिससे कि उनके हार्ट पर इसका बुरा असर पड़े। बल्कि कोशिश कि जब तक घाव ठीक न हो, वह पर्याप्त आराम करे।

बच्चों को हाथ पकड़कर न उठाएं

अगर बच्चा छोटा है और उसे आप गोद में उठाना चाहते हैं, तो उसे हाथ पकड़कर न उठाएं। दऱअसल, ऐसा करने से सर्जरी के घाव पर जोर पड़ सकता है। इसकी वजह से बच्चे को दिक्कत हो सकती है। इसलिए कोशिश करें कि बच्चों को हाथ पकड़कर उठाने के बजाय शरीर का सहारा देकर उठाएं।

संक्रमण से बचाव

सर्जरी के घाव को संक्रमण से बचाना भी बहुत जरूरी होती है। इसके लिए बच्चे को किसी भी भीड़-भाड़ वाली जगह पर न लेकर जाएं। वहीं, डॉक्टर की सलाह के बिना बच्चे को किसी भी तरह का नया टीका न लगवाएं।

खान-पान का भी रखें ध्यान

बच्चे का घाव जल्दी ठीक हो, इसके लिए डॉक्टर के बताए अनुसार ही बच्चे को खाना खिलाएं। साथ ही खाने में नमक कम हो। बता दें कि सर्जरी के बाद शुरुआती 2-4 हफ्ते बच्चे के लिए बहुत अहम होते हैं। ऐसे में पहले कुछ हफ्तों में बच्चे की पूरी देखभाल करें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से जरूर संपर्क करें।

Highlights

  • छोटे बच्चों की ओपन हार्ट सर्जरी होने के बाद देखभाल की बहुत जरूरत है।
  • कुछ बच्चों को रिकवर होने में 3 से 4 हफ्तों का समय लग जाता है।
  • सर्जरी के बाद इन्फेक्शन से बचाव करना काफी बड़ा चैलेंज होता है।
Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source