साइनस क्या है? इसके लक्षण व उपचार के बारे में बताएं

What is Sinus Disease: साइनस की बीमारी आज के समय में काफी आम होती जा रही है और इस बीमारी से समय रहते निपटने के लिए इसकी सही जानकारी होना जरूरी है। इस लेख में जानें साइनस क्या है, इसके लक्षण व इलाज।

साइनस क्या है? इसके लक्षण व उपचार के बारे में बताएं
VerifiedVERIFIED By: Dr. Shrey Srivastava

Written by Vidya Sharma |Published : August 21, 2025 8:35 AM IST

Symptoms of Sinusitis: आज के समय में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण लोगों में स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। इनमें साइनस की बीमारी भी एक है। दरअसल साइनस हमारे शरीर का ही एक हिस्सा होता है और इसमें होने वाली समस्या को साइनसाइटिस कहा जाता है। लेकिन आम बोलचाल की भाषा में इसे साइनस या साइनस की बीमारी बोल दिया जाता है। अब सवाल आता है कि साइनसाइटिस क्या है

साइनस एक प्रकार की सूजन है जो हमारी नाक के अंदर स्थित एयर-फील्ड स्पेस में होती है। यह एक सामान्य स्वास्थ्य समस्या है। साइनसाइटिस तब होता है जब साइनस में सूजन आ जाती है, जिससे उनकी सामान्य क्रिया में रुकावट आती है। साइनस हमारे चेहरे की हड्डियों के अंदर होते हैं और हवा से भरे होते हैं। ये साइनस नाक से जुड़ी नलियों से जुड़े होते हैं, जिनकी मदद से म्यूकस बाहर निकलता है। जब इन नलियों में सूजन आती है, तो म्यूकस बाहर नहीं निकल पाता और संक्रमण या सूजन की समस्या उत्पन्न होती है।

साइनसाइटिस के प्रकार

साइनसाइटिस के प्रमुख तीन प्रकार हैं, जो अलग-अलग स्थितियों में होते हैं और इनके कुछ लक्षण भी एक दूसरे से अलग हो सकते हैं। लेकिन ये तीनों ही हमारे साइनस को प्रभावित करते हैं। चलिए जानते हैं साइनस के ये प्रमुख 3 प्रकार

Also Read

More News

  1. एक्यूट साइनसाइटिस (Acute Sinusitis): एक स्वस्थ व्यक्ति को जब अचानक से साइनसाइटिस हो जाए या लक्षण महसूस होने लगें तो इस स्थिति को एक्यूट साइनसाइटिस कहा जाता है। यह एक अस्थायी स्थिति है, जो आमतौर पर: ठंड या फ्लू के कारण उत्पन्न होती है। इसका इलाज कुछ सप्ताहों में हो सकता है।
  2. क्रोनिक साइनसाइटिस (Chronic Sinusitis): यह लंबे समय से चलती आ रही एक बीमारी होती है। हालांकि, ऐसा नहीं है कि अन्य लाइलाज बीमारियों की तरह इसका कोई इलाज नहीं है। यह क्रोनिक इसलिए है क्योंकि इसके लक्षण एकदम से विकसित नहीं होते हैं और यह इलाज के साथ धीरे-धीरे ठीक होती है। सरल शब्दों में कहें तो क्रोनिक साइनसाइटिस लंबे समय तक रहने वाली एक साइनस की बीमारी है।
  3. सबएक्यूट साइनसाइटिस (Sub-acute Sinusitis): यह एक्यूट साइनसाइटिस और क्रोनिक साइनसाइटिस के बीच की स्थिति होती है। इस स्थिति में दिखे वाले लक्षण एक्यूट साइनसाइटिस से ज्यादा समय तक रहते हैं और क्रोनिक साइनसाइटिस से कम समय तक रहते हैं।

साइनसाइटिस के लक्षण

साइनस की बीमारी के लक्षण हर व्यक्ति के स्वास्थ्य, साइनसाइटिस के प्रकार, मौसम और अन्य कई स्थितियों के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं। लेकिन कुछ लक्षण हैं, जो लगभग सभी साइनस के रोगियों में देखे जा सकते हैं और ये लक्षण कुछ इस प्रकार हैं:

नाक बंद होना – साइनस में सूजन के कारण नाक बंद हो जाती है, जिससे सांस लेने में कठिनाई होती है। हालांकि, ये लक्षण साइनसाइटिस के अलावा अन्य कई स्वास्थ्य समस्याओं में भी देखे जा सकते हैं।

सिर दर्द – साइनस में दबाव होने से सिर में दर्द महसूस हो सकता है, खासकर माथे या आंखों के पास। सिरदर्द के अन्य कारण भी हो सकते हैं, ऐसे में आपको देखना होगा कि सिरदर्द के साथ-साथ आपको साइनसाइटिस से जुड़े अन्य कौन से लक्षण महसूस हो रहे हैं।

चेहरे के कुछ हिस्सों में दर्द – साइनस के आसपास के हिस्सों में दर्द और भारीपन महसूस हो सकता है। दर्द के साथ-साथ कुछ लोगों को दबाव व सांस लेते समय साइनस वाले हिस्से में ज्यादा दर्द महसूस हो सकता है।

नाक से म्यूकस का बहना – नाक से गाढ़ा पीला या हरा म्यूकस बना साइनस का संकेत हो सकता है। हालांकि, गले में संक्रमण जैसी कुछ समस्याओं में भी इस तरह के लक्षण देखे जा सकते हैं।

खांसी और गले में खराश – साइनसाइटिस अगर किसी संक्रमण के कारण हुआ है, तो ऐसे में संक्रमण गले में फैल सकता है या फिर गले से साइनस में फैल सकता है और ऐसी स्थितियों में ये लक्षण अक्सर देखे जाते हैं।

सांस से बदबू आना – साइनस में हुआ संक्रमण, एलर्जी या अन्य किसी कारण से साइनस में सूजन व लालिमा के बढ़ने से बदबूदार सांसें जैसे लक्षण देखने को मिल सकते हैं।

थकान और कमजोरी – लंबे समय तक सूजन रहने से शरीर में थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है। ऐसा आमतौर पर ठीक से सांस न ले पाने के कारण भी महसूस हो सकता है।

बुखार – खासतौर पर अगर साइनसाइटिस किसी प्रकार के संक्रमण के कारण हुआ है, तो तेज बुखार जैसे लक्षण भी देखने को मिल सकते हैं।

(और पढ़ें - बार-बार साइनस इंफेक्श होने का क्या कारण है)

साइनसाइटिस का इलाज

साइनस की बीमारी का इलाज कई अलग-अलग स्थितियों पर निर्भर करता है। प्रमुख रूप से सबसे पहले साइनस के कारण और उसके प्रकार को देखा जाता है। क्योंकि अगर साइनसाइटिस किसी प्रकार के संक्रमण के कारण हुआ है, तो पहले संक्रमण के कारण का पता लगाया जाता है। उदाहरण के लिए वायरल इन्फेक्शन के मामलों में एंटी-वायरल दवाएं दी जाती हैं और बैक्टीरियल इन्फेक्शन के मामलों में एंटीबायोटिक दवाएं दी जाती हैं।

इसके अलावा मरीज को महसूस हो रहे लक्षणों को अनुसार भी कुछ दवाएं दी जा सकती हैं, जैसे बुखार कम करने के लिए एंटीपायरेटिक, दर्द कम करने के लिए पेन किलर, एलर्जी कम करने के लिए एंटीहिस्टामिन्स और इनके साथ-साथ बलगम पतला करने वाली दवाएं भी दी जाती हैं। ये सभी दवाएं मरीज के स्वास्थ्य, उम्र और जांच के दौरान बीमारी के कारण के अनुसार दी जाती हैं।

साइनसाइटिस के इलाजके लिए इस्तेमाल की जाने वाली दवाओं में ज्यादातर खाने की दवाएं और नेजल स्प्रे आदि का इस्तेमाल किया जाता है। साथ ही दवाओं के अलावा मरीज को घर पर भी कुछ उपाय करने की सलाह दी जाती है जो इस प्रकार है

  • दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें और ठंडे पानी की बजाय गुनगुने पानी का सेवन करें
  • हेल्दी व बैलेंस्ड डाइट लें, ज्यादा तला हुआ या फिर बाहर का खाना न खाएं
  • अपने खाने में मौसमी फलों व सब्जियों को शामिल करें ताकि रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़े
  • शरीर को पर्याप्त आराम दें, ज्यादा मेहनत वाले काम न करें ताकि जल्दी रिकवरी हो जाए।
  • समय-समय पर गर्म पानी से भाप लेते रहें साथ ही डॉक्टर भाप के पानी में डालकर लेने की कुछ दवाएं भी दे सकते हैं।

डॉक्टर से संपर्क कब करें

अगर आपको ऊपर बताए गए लक्षणों में से कोई भी लक्षण अचानक से महसूस होता है, तो जल्द से जल्द डॉक्टर से इस बारे में संपर्क कर लेना चाहिए। ऐसा इसलिए है क्योंकि अगर आप लंबे समय तक साइनसाइटिस जैसी समस्याओं को इग्नोर करते हैं, तो स्थिति और गंभीर हो जाती है जिसका इलाज करने में ज्यादा समय लगता है। साथ ही लंबे समय तक इग्नोर करने से स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य जटिलताएं होने का खतरा भी बढ़ सकता है।

TRENDING NOW

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

FAQs

क्या साइनस से सांस फूलती है?

जी हां, साइनस में सांस लेने में समस्या हो सकती है।

मुझे कैसे पता चलेगा कि मुझे एलर्जी है या साइनस संक्रमण है?

नाक बंद होना, सिर दर्द, नाक से म्यूकस का बहना, सांस से बदबू आना, थकान व कमजोरी व बुखार आना साइनस के लक्षण हैं।

साइनस में क्या दिक्कत होती है?

इसमें नाक से पानी टपकना (गले के पिछले हिस्से में गाढ़ा बलगम), नाक से हरा बलगम निकलना, नाक बंद होना या नाक बंद होना और चेहरे पर दर्द होना शामिल है।

रेस्पिरेटरी इंफेक्शन क्या है?

श्वसन तंत्र के किसी भी हिस्से में होने वाले संक्रमण को रेस्पिरेटरी इंफेक्शन कहा जाता है,  जैसे नाक, वायुमार्ग, फेफड़े और साइनस आदि में संक्रमण होना।