हीट एंग्जाइटी क्या होती है, कैसे ज्यादा गर्मी तनाव को बढ़ाती है? बता रहे हैं डॉक्टर
ज्यादा गर्मी का असर सिर्फ हमारे शरीर पर नहीं बल्कि मेंटल हेल्थ पर भी पड़ता है। इसी स्थिति को मेडिकल टर्म में हीट एंग्जाइटी कहा जाता है। आइए जानें क्या होती है यह स्थिति।
देश के कई राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी के कहर को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई जगहों पर रेड अलर्ट जारी किया है। ज्यादा तापमान और गर्मी के कारण दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के हॉस्पिटल में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। क्योंकि इस भीषण गर्मी का असर सिर्फ शरीर पर ही नहीं, बल्कि हमारे दिमाग और मेंटल हेल्थ पर भी पड़ता है।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की बेवसाइट पर छपी रिपोर्ट बताती है कि ज्यादा गर्मी के कारण चिड़चिड़ापन, गुस्सा, बेचैनी, शारीरिक थकान और तनाव जैसी परेशानियां होती हैं। गर्मी की वजह से होने वाले मेंटल हेल्थ प्रॉब्लम को हीट एंग्जाइटी कहा जाता है। दिल्ली के मॉडल टाउन स्थित यथार्थ हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन के हेड डॉ. संजय गुप्ता बताते हैं कि ज्यादा गर्मी के कारण हीट एंग्जाइटी होती है और इससे व्यक्ति को कुछ समय के लिए मानसिक बेचैनी की परेशानी हो सकती है। देश में गर्मी बढ़ रही है, तब हम आपको बताने जा रहे हैं हीट एंग्जाइटी से बचने के लिए क्या करें।
हीट एंग्जाइटी के लक्षण क्या हैं?
- लगातार बेचैनी महसूस होना
- दिल की धड़कन तेज होना
- छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आना
- सिर भारी लगना
- किसी एक चीज पर फोकस करने में परेशानी
- नींद न आना
- घबराहट या पैनिक जैसा महसूस होना
- अत्यधिक थकान
हीट एंग्जाइटी से बचाव के लिए क्या करें?
हीट एंग्जाइटी से बचाव करने के लिए आप कुछ आसान घरेलू उपायों को अपना सकते हैं।
1. शरीर को ठंडा रखें
हीट एंग्जाइटी से बचने के लिए दिन के समय ज्यादा धूप में बाहर निकलने से बचें। गर्मी में पसीने से बचाव करने के लिए हमेशा हल्के और सूती कपड़े पहनने की कोशिश करें। जरूरत पड़ने पर गर्मी से राहत पाने के लिए कूलर या पंखे का इस्तेमाल करें।
2. खूब पानी पिएं
गर्मी में हीट एंग्जाइटी से बचने के लिए शरीर को अंदर से ठंडा रखना बहुत जरूरी है। शरीर को अंदर से ठंडा रखने के लिए दिनभर में कम से कम 3 लीटर पानी जरूर पिएं। पानी के साथ रोजाना की डाइट में नारियल पानी, नींबू पानी और ORS जैसे ड्रिंक्स भी शामिल करें। यह शरीर को हाइड्रेट करते हैं।
3. कैफीन और शराब से दूर बनाएं
गर्मियों में बहुत ज्यादा चाय और शराब का सेवन करने के कारण भी हीट एंग्जाइटी की समस्या हो सकती है। हीट एंग्जाइटी से बचने के लिए बहुत ज्यादा चाय, कॉफी और तला-भुना खाने से बचें।
4. मेडिटेशन और डीप ब्रीदिंग करें
गर्मी के दौरान मानसिक तनाव कम करने के लिए योग, ध्यान और गहरी सांस लेने की एक्सरसाइज करें। डॉ. संजय गुप्ता का कहना है कि हीट एंग्जाइटी के मामलों में मेडिटेशन और डीप ब्रीदिंग करना फायदेमंद होता है। गर्मियों में सुबह सूरज उगने से पहले या शाम को मेडिटेशन करना फायदेमंद होता है।
5. सोशल कनेक्शन बनाएं
गर्मी में ज्यादा मानसिक तनाव महसूस हो रहा है तो अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों से बात करें। रिसर्च और हेल्थ एक्सपर्ट इस बात को मानते हैं कि अकेलापन मानसिक दबाव को बढ़ाता है, इसलिए अपने आसपास के लोगों से बात जरूर करें।
अगर घबराहट, तनाव या उदासी लगातार बनी रहे और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होने लगे, तो इस स्थिति में डॉक्टर से बात करके इलाज करवाएं।
Disclaimer: तेज गर्मी सिर्फ मौसम की परेशानी नहीं है, यह मेंटल हेल्थ को भी गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है। गर्मियों में हीट एंग्जाइटी को नजरअंदाज करना सही नहीं है। सही खानपान, पर्याप्त पानी, अच्छी नींद और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखकर गर्मी के असर को काफी हद तक कम किया जा सकता है।