Advertisement

सलीम खान हेल्थ: ब्रेन हेमरेज के बाद क्या होता है, जानें ट्रीटमेंट-रिकवरी सब कुछ

Salim Khan Brain Hemorrhage: ब्रेन हेमरेज के चलते सलमान खान के पिता सलीम खान आईसीयू में हैं और इस लेख में हम ब्रेन हेमरेज, उसकी गंभीरता, लक्षणों व इलाज के विकल्पों के बारे में कुछ खास जानकारियां लेगें।

Written By Mukesh Sharma | Published : February 26, 2026 6:17 PM IST

What is Brain Hemorrhage in Hindi: दुनिया की सबसे खतरनाक और जानलेवा बीमारियों में से एक ब्रेन हेमरेज भी है, जिससे इस समय बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के पिता और जाने-माने स्क्रीन राइटर सलीम खान इस समय जूझ रहे हैं। लेटेस्ट रिपोर्ट्स के अनुसार बॉलीवुड एक्टर आमिर खान ने बताया कि अभी भी सलीम खान साहब आईसीयू में हैं और वे उनसे मिल नहीं पाए हैं। दरअसल, ब्रेन हेमरेज एक इमरजेंसी कंडीशन है, जो आमतौर पर तब होती है जब ब्रेन के अंदर कोई नस फट जाती है और खून बहने लगता है। इस बीमारी के बारे में सही और सटीक जानकारी हर किसी को होनी चाहिए, इसके शुरुआती लक्षण क्या हो सकते हैं और इसका इलाज कैसे किया जाता है आदि के बारे में भी पर्याप्त जानकारी होना मरीज की समय रहते जान बचा सकता है। बेंगलुरु के यशवंतपुर में स्थित स्पर्श हॉस्पिटल की कंसल्टेंट न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अपुरूपा जन्नभाटला ब्रेन हेमरेज से जुड़ी समस्याओं के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं और इनके बारे में हर किसी को जानना चाहिए। चलिए जानते हैं न्यूरोलॉजिस्ट ब्रेन हेमरेज जैसी जानलेवा और जीवन परिवर्तनीय बीमारी के बारे में क्या कहते हैं।

न्यूरोलॉजिकल इमरजेंसी है ब्रेन हेमरेज

डॉ. जन्नभाटला के अनुसार ब्रेन हेमरेज एक बेहद गंभीर गंभीर न्यूरोलॉजिकल इमरजेंसी है, जिसके कारण मरीज को परमानेंट पैरालिसिस (लकवा) या मृत्यु होने का खतरा काफी ज्यादा रहता है। हालांकि, अगर समय पर इलाज मिल जाए और सही तरीके से इलाज के बाद अन्य चीजों का ध्यान भी रखा जाए जैसे एक्सरसाइज व थेरेपी कराना आदि, तो कई मरीज फिर से सामान्य जीवन की ओर लौट सकते हैं।

Advertisement

किन चीजों पर निर्भर करता है इलाज

ब्रेन हेमरेज का इलाज कितना सफलतापूर्वक हुआ है और उसके बाद मरीज की कितनी रिकवरी हो पाती है यह कई अलग-अलग चीजों पर निर्भर करती है। लेकिन मुख्य तौर पर इस बात पर निर्भर करती है कि कि ब्रेन हेमरेज के कारण दिमाग का कौन-सा हिस्सा प्रभावित हुआ, नस फटने के कारण दिमाग के अंदर कितना ज्यादा खून बहा है और ब्रेन हेमरेज होने के बाद मरीज को कितना जल्दी अस्पताल पहुंचाया गया था।

ठीक होने का बाद जीवन पर असर

अगर ब्रेन हेमरेज का इलाज सफलतापूर्वक हो गया है, तो उसके बाद मरीज का जीवन कैसा होगा यह भी ऐसी ही चीजों पर निर्भर करता है। अगर ब्रेन हेमरेज ज्यादा नहीं था और समय पर सही इलाज मिल गया तो कुछ मरीज सामान्य महसूस कर सकते हैं। वहीं अन्य मरीजों में इलाज के बाद भी कुछ जटिलताएं देखी जा सकती हैं जैसे शरीर के एक हिस्से में कमजोरी, बोलने में दिक्कत, याददाश्त कमजोर होना या व्यवहार में बदलाव जैसी समस्याएं हो सकती हैं। वहीं कुछ लोगों को रिकवरी के दौरान इस तरह के कुछ लक्षण महसूस होते हैं और धीरे-धीरे इन लक्षणों की गंभीरता कम हो जाती है।

Advertisement

ट्रीटमेंट के बाद जरूरी हैं ये चीजें

ब्रेन हेमरेज के केस में इमरजेंसी ट्रीटमेंट की जरूरत होती है और जब ट्रीटमेंट पूरा हो जाता है तो उसके कुछ निश्चित समय के बाद रिकवरी ट्रीटमेंट शुरू होते हैं। फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी और दिमागी एक्सरसाइज आदि ब्रेन हेमरेज के मरीज के लिए रिकवरी ट्रीटमेंट होते हैं। साथ ही ब्लड प्रेशर, शुगर, धूम्रपान और तनाव को कंट्रोल में रखना बेहद जरूरी है, ताकि दोबारा ऐसी समस्या न हो। मरीज के लिए परिवार का साथ और मानसिक सहारा भी बहुत जरूरी होता है, जो उसकी रिकवरी को तेज करता है।

लोगों को इसके शुरुआती लक्षणों के बारे में जानकारी होनी चाहिए, जैसे -

  • अचानक बहुत तेज सिरदर्द
  • शरीर का एक तरफ का हिस्सा सुन्न होना
  • शरीर के एक हिस्से में कमजोरी आना
  • अचानक से बेहोश हो जाना या बार-बार बेहोशी

अगर इस तरह के संकेत नजर आते हैं तो उन्हें इग्नोर न करें बल्कि तुरंत अस्पताल पहुंचें। इलाज के बाद भी नियमित रूप से न्यूरोलॉजिस्ट से जांच कराते रहना सुरक्षित रिकवरी के लिए जरूरी है।

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।