खाने-पीने की किन गलतियों के कारण यूरिक एसिड बढ़ने लगता है और इसे कैसे कम करें

Uric Acid Causes: हम खानपान से जुड़ी बहुत सी ऐसी गलतियां करते रहते हैं, जिनके कारण यूरिक एसिड का खतरा बढ़ने लगता है। इस लेख में हम ऐसी ही कुछ गलतियों के बारे में जानेंगे और यूरिक एसिड के बारे में भी समझेंगे।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : April 23, 2026 5:47 PM IST

Foods That Causes Uric Acid: यूरिक एसिड ऐसी हेल्थ कंडीशन है, जो इतनी दर्दनाक स्थिति पैदा करते हुए भी लोग इसे गंभीरता से नहीं लेते हैं। हालांकि, ऐसा नहीं है कि इस बीमारी को कोई गंभीरता से नहीं लेता, क्योंकि जिन लोगों को एक बार यूरिक एसिड की समस्या हो जाती है फिर वे इसे गंभीरता से लेने लग जाते हैं। लेकिन बात है स्थिति को पहले से ही गंभीरता से लेने की ताकि यूरिक एसिड बढ़ने पर होने वाले दर्द का सामना ही न करना पड़े। दरअसल, तेज चुभने वाला दर्द तो बार में शुरु होता है, पहले तो इससे जोड़ों में हल्की अकड़न, दर्द और सूजन जैसी समस्या होने लगती है और लोग इसे सामान्य जोड़ों की समस्या समझ कर इग्नोर कर देते हैं। समस्या तभी शुरू होती है, जब हम इसे इग्नोर करना शुरू कर देते हैं, क्योंकि समय रहते अगर अपने डेली लाइफस्टाइल और खानपान में जरूरी बदलाव किए जाएं तो इस समस्या से बचा जा सकता है या फिर अगर हो भी गई है तो इसे गंभीर होने से पहले ही कंट्रोल किया जा सकता है। इस लेख में हम यूरिक एसिड से बचने और इसे गंभीर होने से कंट्रोल करने के लिए बात करेंगे और खानपान से जुड़ी उन गलतियों के बारे में बात करेंगे जो इस समस्या का कारण बनती हैं।

पहले समझें क्यों होता है यूरिक एसिड

हमारे शरीर में प्यूरिन नाम का एक केमिकल कंपाउंड होता है, जो हमारे शरीर की कोशिकाओं में पाया जाता है और कुछ प्रकार के खाद्य पदार्थों में भी पाया जाता है। किन खाद्य पदार्थों में पाया जाता है इसके बारे में हम आगे बात करेंगे, पहले जान लेते हैं कि इसका यूरिक एसिड बढ़ने और जोड़ों में दर्द होने से क्या कनेक्शन है। दरअसल, प्यूरीन हमारे शरीर के लिए कई जरूरी काम करता है, जिसमें से एक है डीएनए और आरएनए बनने में भूमिका निभाना।

जब शरीर प्यूरीन को ब्रेकडाउन करता है यानी टुकड़ों में तोड़ता है, तो इस प्रोसेस के दौरान एक वेस्ट प्रोडक्ट यानी अपशिष्ट पदार्थ बनता है, जिसे यूरिक एसिड कहा जाता है। जब यूरिक एसिड जरूरत से ज्यादा होने लगता है, तो यह खून में होने लगता है और छोटे-छोटे नुकीले पत्थर जैसी आकृति बन जाता है, जैसे कि क्रिस्टल। यही नुकीले क्रिस्टल जोड़ों में जमा होने लगते हैं और वहीं से शुरू होता है गंभीर दर्द, चुभन और सूजन का सिलसिला। जब आप यह पूरी प्रोसेस समझ जाएंगे तो यूरिक एसिड बढ़ने के लक्षण आप इग्नोर नहीं करेंगे।

कैसे यूरिक एसिड दर्द का कारण बनता है

अब सवाल आता है कि जब प्यूरीन का ब्रेकडाउन होना एक नेचुरल प्रोसेस है, तो यूरिक एसिड के कारण दर्द क्यों होता है? दरअसल, यूरिक एसिड को शरीर से बाहर निकालने का काम किडनी का होता है। लेकिन अगर यूरिक एसिड बहुत ज्यादा मात्रा में बन रहा है, तो किडनी इसे पूरी तरह से शरीर से बाहर निकाल नहीं पाती है और बचा हुआ यूरिक एसिड जोड़ों में जमा होने लगता है और दर्द व सूजन का काम करने लगता है।

(और पढ़ें - क्या दूध पीने से यूरिक एसिड बढ़ता है?)

अब आप भी यही सोच रहे हैं कि आखिर शरीर में ज्यादा यूरिक एसिड बनता ही क्यों है? और इसका जवाब है खानपान, जिसके बारे में हम शुरुआत में बात कर रहे थे। दरअसल, प्यूरिन नेचुरली हमारी बॉडी में तो होता ही है साथ ही साथ कुछ खाद्य पदार्थों में भी पाया जाता है। ऐसे में अगर आप वे खाद्य पदार्थ ज्यादा मात्रा में खा रहे हैं और आपकी किडनी इतनी हेल्दी नहीं है कि पर्याप्त मात्रा में यूरिक एसिड को बाहर निकाल दें तो उससे यूरिक एसिड जोड़ों में जमा होकर दर्द का कारण बनने लगता है।

(और पढ़ें - यूरिक एसिड कंट्रोल करने में मदद करेंगे ये ड्रिंक्स)

किन खाद्य पदार्थों में पाया जाता है प्यूरीन

अब बात करते हैं कि आखिर वे कौन से फूड्स हैं, जिनमें प्यूरीन पाया जाता है तो इनमें निम्न शामिल हो सकते हैं -

  • कुछ सब्जियां जैसे पालक, एस्पर्जंस, फूलगोभी
  • ऑर्गन मीट और रेड मीट
  • सीफूड जैसे मछली (सार्डिन, कोड फिश)
  • बीयर और कुछ मामलों में अन्य अल्कोहल ड्रिंक
  • फ्रुकोज शुगर वाले ड्रिंक जैसे सोडा आदि

कम मात्रा में पानी पीना भी एक बड़ा कारण

यूरिक एसिड को शरीर से बाहर निकलने का काम किडनियों का है और उसके लिए किडनियों को चाहिए पर्याप्त मात्रा में पानी। ताकि किडनी यूरिक एसिड को फिल्टरआउट करके यूरिन की मदद से बाहर निकाल सके। लेकिन अगर आप पर्याप्त पानी ही नहीं पिएंगे तो बेचारी किडनियां क्या करेंगी। यह भी जोड़ों में यूरिक एसिड बढ़ने का एक बड़ा कारण है।

यूरिक एसिड से बचाव करना बेहद आसान

अब आपको पता चल गया है कि यूरिक एसिड किस कारण से होता है और आप यह भी समझ चुके हैं कि इससे बचाव कैसे किया जा सकता है। लेकिन फिर भी कुछ पॉइंट्स में हम आपको इनके बारे में बता देते हैं -

  • पर्याप्त पानी पीते रहें, ताकि आपकी किडनियों को यूरिक एसिड फिल्टर करने में कोई दिक्कत न हो।
  • खाने में ऐसी चीजें खाएं जिनमें पर्याप्त मात्रा में फाइबर हो जैसे ओट्स, साबुत अनाज आदि
  • संतरा, नींबू और आंवला जैसे विटामिन सी फूड्स लें क्योंकि ये यूरिक एसिड फिल्टर करने में किडनी की मदद करते हैं।
  • शरीर का वजन मेंटेन रखें, क्योंकि बढ़ता वजन भी यूरिक एसिड बढ़ने का एक बड़ा कारण है इसलिए रेगुलर एक्सरसाइज करें

अंत में हम आपको यही कहेंगे कि यूरिक एसिड के किसी भी लक्षण को इग्नोर न करें, अगर आपको जोड़ों में हल्का दर्द, अकड़न या सूजन जैसी समस्या महसूस होती है तो डॉक्टर से संपर्क करें। डॉक्टर कुछ टेस्ट की मदद से यह पता लगा सकते हैं कि आपको यूरिक एसिड बढ़ा है या नहीं।

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source