समय से पहले जन्मे बच्चों को किन-किन बीमारियों का रहता है खतरा? जानिए बच्चों के डॉक्टर से

Health Risks of Premature Babies : समय से पहले जन्में बच्चों में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं होने का खतरा रहता है। आइए जानते हैं इन खतरों के बारे में-

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Updated : August 7, 2025 5:20 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Narendra Jha

Preterm baby complications  : हर साल लाखों की संख्या में प्रीट्रम बेबी यानि 37 सप्ताह से पहले बच्चे जन्म लेते हैं। इन्हें प्रीट्रम बेबी इसलिए कहा जाता है क्योंकि 37 सप्ताह से पहले गर्भ में शिशु का विकास पूरी तरह से नहीं हुआ होता है। ऐसे नवजात शिशुओं को कई तरह की स्वास्थ्य जोखिमों का सामना करना पड़ सकता है। वैशाली स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल के सीनियर पेडियाट्रिक्स कंसल्टेंट डॉ. नरेंद्र झा से जानते हैं समय से पहले यानि प्रीटम बच्चों में किन-किन बीमारियों के होने का खतरा रहता है?

1. सांस की समस्या (Respiratory Distress Syndrome – RDS)

समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों के फेफड़े पूरी तरह विकसित नहीं होते, जिससे उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। कई बार इन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट या वेंटिलेटर की जरूरत पड़ती है। हालांकि, सभी बच्चों में इस तरह की परेशानी नहीं होती है।

2. कम वजन और तापमान नियंत्रित करने में परेशानी

इन शिशुओं का वजन आमतौर पर 2.5 किलोग्राम से कम होता है। इनका शरीर खुद को गर्म नहीं रख पाता, जिससे हाइपोथर्मिया (Hypothermia) का खतरा रहता है। ऐसे में इन्हें विशेष देखभाल यूनिट (NICU) में रखा जाता है।

3. प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर होना (Weak Immunity)

समय से पहले जन्मे शिशुओं की इम्यूनिटी कमजोर होती है, जिससे उन्हें बार-बार संक्रमण (Infection), न्यूमोनिया और सेप्सिस जैसी बीमारियों का खतरा रहता है। इसलिए इन्हें विशेष देखभाल की जरूरत होती है।

4. मस्तिष्क और आंखों से जुड़ी समस्याएं

प्रीमैच्योर बच्चों में इंट्रावेंट्रिकुलर हेमरेज (मस्तिष्क में रक्तस्राव) का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा, रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमैच्योरिटी (ROP) नामक आंखों की बीमारी भी हो सकती है, जो गंभीर होने पर अंधेपन का कारण बन सकती है।

5. पाचन तंत्र की समस्याएं

इन बच्चों का पाचन तंत्र पूरी तरह से विकसित नहीं होता, जिससे इन्हें दूध पचाने में कठिनाई, अल्सर और नेक्रोटाइजिंग एंटरोकोलाइटिस (NEC) जैसी आंतों की गंभीर समस्या हो सकती है।

6. डेवलपमेंट डिले

समय से पहले जन्म लेने वाले शिशुओं को भविष्य में बोलने में देरी, सीखने में कठिनाई और हाइपरएक्टिविटी जैसी न्यूरो-डिवेलपमेंट संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। ऐसे में उनके विकास पर ध्यान दें और डेवलपमेंट माइलस्टोन की निगरानी करें।

क्या करें?

  • ऐसे बच्चों के लिए नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में विशेष देखभाल बेहद ज़रूरी है।
  • टीकाकरण समय पर कराएं और नियमित फॉलो-अप न चूकें।
  • डाइट और स्वच्छता पर ध्यान दें।
  • बच्चे के विकास के हर चरण की निगरानी करें, मुख्य रूप से उनके वजन, लंबाई, मानसिक विकास पर ध्यान दें।

समय से पहले जन्मे बच्चों में कई स्वास्थ्य जोखिम हो सकते हैं, लेकिन आधुनिक चिकित्सा और समय पर देखभाल से ये बच्चे पूरी तरह स्वस्थ जीवन जी सकते हैं। माता-पिता को जागरूक और सतर्क रहना बहुत ज़रूरी है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source