Leg Cramps: सोते समय अचानक से क्यों खिंच जाते हैं पैर? परमानेंट नस डैमेज होने से पहले जान लें कारण

Leg Cramps Reason in Hindi: अचानक से पैर या टांग के किसी हिस्से में ऐंठन महसूस होना कई बार किसी अंदरूनी समस्या का संकेत हो सकता है और लंबे समय तक इसे इग्नोर नहीं किया जाना चाहिए।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : February 23, 2026 7:52 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Arvind K. Agarwal

Causes of Sudden Cramps in Legs: नींद हर किसी को अच्छी लगती है, लेकिन नींद में खलल डालने वाली कई चीजें होती हैं और उनमें से एक है लैग क्रैम्प्स। कल्पना कीजिए आप आराम से अपने आरामदायक बिस्तर पर सो रहे हैं और सुबह उठने से पहले आपने अंगड़ाई लेने की कोशिश की और अचानक से पैर की कोई नस खिंच गई। हम जिस दर्द की बात कर रहे हैं, उस दर्द को सिर्फ वही व्यक्ति समझ सकता है जिसे पहले कभी लेग क्रैम्प हुआ हो। लेकिन जिन्हें लेग क्रैम्प के बारे में पता नहीं है, उन्हें इस बारे में जरूर जान लेना चाहिए क्योंकि जब यह होती है तो एक बार तो यह लगने लगता है कि अब बचने का कोई ठिकाना नहीं है। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि लेग क्रैम्प्स कई बार शरीर में किसी विटामिन या जरूरी पोषक तत्व की कमी के कारण होते हैं। दिल्ली के श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर - इंटरनल मेडिसिन डॉ. अरविंद के. अग्रवाल ने इस बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी।

लेग क्रेम्प्स के पीछे कई कारण

रात के समय पैरों में अचानक उठने वाले दर्दनाक ऐंठन यानी लेग क्रैम्प्स को लेकर हड्डी एवं नस रोग के पीछे कई कारण हो सकते हैं, लेकिन कुछ विटामिन और मिनरल की कमी प्रमुख भूमिका निभाती है। सबसे आम कारण विटामिन D की कमी है। विटामिन D शरीर को खाने से मिलने वाले कैल्शियम को अपनाने में मदद करता है, जिससे हड्डियां और मांसपेशियां मजबूत रहती हैं और ठीक से काम कर पाती हैं।

विटामिन D की कमी से क्या होता है

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि शरीर में विटामिन D की कमी होने पर एक साथ कई बदलाव देखे जा सकते हैं। खासतौर पर इसकी कमी होने पर मांसपेशियां जल्दी थकने लगती हैं और इस कारण से रात के समय ऐंठन आने की समस्या बढ़ सकती है। सरल भाषा में कहें तो अगर किसी व्यक्ति के शरीर में विटामिन डी की कमी हो गई है, तो रात के समय उसे एक या ज्यादा बार लेग क्रैम्प्स हो सकते हैं। हालांकि, यह हर व्यक्ति के शरीर की प्रकृति (नेचर) और इस बात पर भी निर्भर करता है कि शरीर में विटामिन डी की कमी कितनी है।

विटामिन बी12 की कमी से लेग क्रैम्प्स

सिर्फ विटामिन D ही नहीं बल्कि शरीर में अगर विटामिन बी12 की कमी हो जाती है, तो इससे भी लैग क्रैम्प्स का खतरा बढ़ सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि विटामिन बी12 की कमी होने पर नसें प्रभावित होने लगती हैं और इस कारण से पैर सुन्न होना, झुनझुनी महसूस होना, पैरों के तलवों में जलन और पैरों में ऐंठन (क्रैम्प्स) जैसे लक्षण देखे जा सकते हैं। कई बार विटामिन B कॉम्प्लेक्स की कमी होने पर मांसपेशियां सही तरीके से सिकुड़-फैल नहीं पाती, जिससे ऐंठन और दर्द की समस्या हो सकती है।

अन्य जरूरी पोषक तत्व

आगे डॉ. अग्रवाल ने बताया कि सिर्फ विटामिन ही नहीं बल्कि अन्य कई जरूरी मिनरल्स व अन्य पोषक तत्व हो सकते हैं, जिनकी शरीर में कमी होने पर लेग क्रेम्प्स जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इनमें प्रमुख रूप से मैग्नीशियम, पोटेशियम और कैल्शियम जैसे मिनरल शामिल हैं। अगर शरीर में इन जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो जाती है, तो भी रात को सोते समय या फिर दिन के समय में ही पैर में अचानक से ऐंठन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

किन बातों का ध्यान रखना जरूरी

अगर किसी व्यक्ति को हफ्ते में कई बार पैरों, पिंडलियों या जांघ के हिस्से में अचानक से ऐंठन हो जाती है तो इसे लंबे समय तक इग्नोर न करें। डॉक्टर के पास जाएं और अपनी स्थिति के बारे में उनसे बात करें। ब्लड टेस्ट के जरिए विटामिन D, B12 और अन्य इलेक्ट्रोलाइट लेवल की जांच कराई जा सकती है। जिससे बार-बार ऐंठन होने के अंदरूनी कारण का पता भी लगाया जा सकता है।

इसके अलावा रोजाना 15 से 20 मिनट सुबह की धूप में बैठना, पोषक तत्वों से भरपूर और संतुलित आहार लेना (जैसे दाल, सब्जियां, दाले, अंडा, दूध और ड्राई फ्रूट्स आदि) ऐसी समस्याएं होने के खतरे को दूर रखता है। नियमित रूप से पर्याप्त पानी पीना भी जरूरी है, ताकि आपका शरीर हाइड्रेट रहे और रोजाना हल्की फुल्की एक्सरसाइज करें और ध्यान रखें कि एक्सरसाइज करने से पहले और बाद में स्ट्रेचिंग जरूर करें। स्ट्रेचिंग व एक्सरसाइज सीखने के लिए ट्रेनिंग लेना और बेहद होगा।

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source