30 की उम्र में भी हो रही है हाई बीपी की समस्या? डॉक्टर से जानिए इसके पीछे के कारण और कैसे करें बचाव
Causes of high blood pressure : आजकल 30 की उम्र में भी हाई बीपी की समस्या देखने को मिल रही है, जिसका कारण खराब लाइफस्टाइल है। आइए आपको इस बारे में विस्तार से बताते हैं।
BP at the age of 30 : हाई ब्लड प्रेशर वैसे तो बढ़ती उम्र में होता है, लेकिन आजकल 30 की उम्र में भी यह समस्या आम हो गई है। हालांकि, कई बार इसके लक्षण बिल्कुल नहीं दिखाई देते हैं। यह समस्या लाइफस्टाइल की गलत आदतों की वजह से बढ़ती है। अगर आप स्मोकिंग या फिर एल्कोहल का सेवन करते हैं, तो यह समस्या धीरे-धीरे बढ़ सकती है। इसके अलावा, अगर आप मिलावटी खाना खाते हैं, प्रोसेस्ड स्वीट ड्रिंक्स पीते हैं, ज़्यादा सैचुरेटेड फैट लेते हैं, तो आपको हाई बीपी की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, सुस्त आदतें, पुराना तनाव, नींद की कमी, स्क्रीन टाइम बढ़ना भी इस समस्या का कारण हैं। ये सभी ऐसे कारण हैं जो तुरंत लक्षणों के बिना भी दिल पर दबाव डालते हैं। इस विषय की जानकारी के लिए हमने अहमदाबाद स्थित नारायण हॉस्पिटल के फिजिशियन और डायबेटोलॉजिस्ट, कंसल्टेंट डॉ. डॉ. जूज़र रंगवाला से बातचीत की है। आइए जानते हैं क्या कहते हैं डॉक्टर-
30 की उम्र में हाई बीपी की समस्या होने का कारण
एक्सरसाइज न करना
जिन लोगों में हाई बीपी की समस्या देखी जा रही है, उसका कारण है उनका फिजिकल एक्टिविटी न करना। दरअसल, आजकल की हर किसी की लाइफस्टाइल ऐसी हो गई है कि लंबे समय तक सिटिंग जॉब के बाद लोग थककर, खाना खाकर सो जाते हैं। ऐसे में किसी भी एक्सरसाइज नहीं हो पाती है, जिसकी वजह से हाई बीपी की समस्या हो सकती है।
ज्यादा कैफीन पीना और कम नींद लेना
हाई बीपी इस चीज पर निर्भर नहीं करता है कि आपकी उम्र कितनी है, यह इस बार पर निर्भर करता है कि आप क्या खाते हैं, क्या पीते हैं और कितनी नींद ले रहे हैं। दरअसल, जब आप दिन में चार से पांच कप चाय पीते हैं और 7 घंटों से कम सोते हैं, तो आपका बीपी बढ़ सकता है।
एल्कोहल का सेवन
जो लोग अपनी 20 और 30 की उम्र से ही एल्कोहल का सेवन करना शुरू कर देते हैं, उनमें भी हाई बीपी की समस्या देखी जाती है। दरअसल, शराब पीने के लगभग 13 घंटे बाद बीपी बढ़ना शुरू हो जाता है। अगर यह बीपी लगातार बढ़ा रहे तो आगे चलकर यह स्ट्रोक, हार्ट फेलियर और अनियमित धड़कन का कारण भी बन सकता है।
अत्यधिक तनाव
आप जानते ही हैं कि तनाव सेहत के लिए कितना खतरनाक है। यह अगर लगातार बना रहे, तो इससे आपके शरीर का सारा सिस्टम बिगड़ सकता है। हार्मोन्स ऊपर-नीचे होने लगते हैं, बीपी बढ़ने लगता है, भूख कम हो जाती है, नींद न आने की समस्या बढ़ जाती है और साथ ही डिप्रेशन जैसी समस्या भी बढ़ सकती है। इसलिए ज्यादा तनाव आपकी पूरी हेल्थ को खराब कर देता है।
हाई बीपी की समस्या से निजात पाने के तरीके
अगर आप हाई बीपी की समस्या से निजात पाना चाहते हैं, तो इसके लिए सबसे पहले अपनी लाइफस्टाइल में बदलाव करना जरूरी है। खैर, इससे निजात पाने के लिए निम्न कार्य करें
- रोजाना एक्सरसाइज करें
- तनाव से राहत पाने के लिए मेडिटेशन करें
- हेल्दी खाना खाएं
- स्मोकिंग-ड्रिंकिंग से दूर रहें
- चाय-कॉफी कम पिएं
- पर्याप्त नींद लें
- नमक का सेवन कम करें
डॉक्टर का कहना है कि लाइफस्टाइल को बेहतर करने के साथ-साथ डॉक्टर द्वारा दिए गए मेडिसिन को कभी भी मिस न करें। साथ ही हमेशा दवा एक ही समय पर लें। ताकि ब्लड प्रेशर के लक्षणों को कम किया जा सके।
Highlights
- कम उम्र में लोगों को हाई बीपी की परेशानी खराब लाइफस्टाइल के कारण हो रही है।
- स्मोकिंग और ड्रिंकिंग ब्लड प्रेशर का कारण हो सकती है।
- पर्याप्त नींद न लेना ब्लड प्रेशर का कारण बनती है।
अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।