क्या होता है अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स और इन्हें सिगरेट की तरह खतरनाक क्यों माना गया है?

अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स को स्वास्थ्य के लिए किसी भी नजर से अच्छा नहीं माना जाता है और इस लेख में हम जानेंगे कि अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स क्या है और हेल्थ से उसका क्या नुकसान हो सकता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : June 17, 2026 7:19 PM IST

अगर खाना बनाने का मन नहीं है या फिर कुछ टेस्टी खाने का मन करता है तो हम सीधा फोन उठाते हैं और ऑर्डर कर देते हैं। अब बाहर के खाने को इतनी साफ-सफाई और सावधानी से नहीं बनाया जाता, जितना आप घर पर बनाते हैं और साथ ही वह ज्यादा मसालेदार व ऑयली होता है जो हेल्थ के लिए अच्छा नहीं है। अब आप सोच रहे होंगे कि पैकिंग वाले फूड्स तो खा ही सकते हैं? अगर आप भी ऐसा ही सोच रहे हैं तो शायद आपने अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स के बारे में नहीं सुना होगा, जिसके बारे में हम आपको बताने वाले हैं। अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स की तुलना डाइट व हेल्थ एक्सपर्ट्स अक्सर सिगरेट के साथ करते हैं। हालांकि, अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स और सिगरेट के बीच कोई कनेक्शन नहीं है, बस उनका बताने का मतलब यह है कि अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स भी बेहद खतरनाक हो सकते हैं।

प्रोसेस्ड फूड्स की तुलना सिगरेट से क्यों की जाती है?

जैसा कि हमने आपको ऊपर भी बताया कि वैसे तो इन दोनों के बीच कोई कनेक्शन नहीं है, लेकिन कुछ समानताएं हैं, जो इस प्रकार हो सकती हैं -

  • प्रोसेस्ड फूड्स खाने की आदत एक तरह से एडिक्शन की तरह बनती जा रही है और सिगरेट तो दुनिया के सबसे खतरनाक नशे की लत में से एक है, जो कई रिसर्चों में साबित हो चुका है।
  • जहां सिगरेट की ब्रांडिंग फैन्सी और कूल लगने जैसे तरीके से की जाती है वैसे ही कुछ अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स भी लुभावनी पैकिंग में आते हैं और यहां तक कि कुछ तो हेल्दी होने का क्लेम भी करते हैं।
  • जैसे सिगरेट से कैंसर पर हार्ट से जुड़ी बीमारियां होने का खतरा बढ़ता है ठीक उसी की तरह लंबे समय से अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स का सेवन भी कई बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है जिनमें कैंसर व हार्ट से जुड़ी बीमारियां हो सकती हैं।

इस तरह की कई चीजें हैं जो सिगरेट और अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स दोनों में एक जैसी ही होती हैं। हालांकि, वैज्ञानिक तौर पर अगर कहा जाए तो अभी तक ऐसी कोई प्रमाणित रिसर्च नहीं है, जिसमें सिगरेट व प्रोसेस्ड फूड्स को एक जैसा साबित किया जाए।

क्या सभी पैकिंग वाले फूड्स अनहेल्दी होते हैं

आपके इस सवाल का जवाब देना थोड़ा पेचीदा हो सकता है, क्योंकि उससे पहले हमें प्रोसेस्ड फूड्स क्या होता है इसके बारे में समझना होगा। प्रोसेस्ड फूड्स आमतौर पर उसे कहा जाता है, जब किसी किसी खाद्य पदार्थ को मशीनों से प्रोसेस करके तैयार किया जाता है और फिर पैक किया जाता है। अब ऐसे में प्रोसेस्ड फूड्स आमतौर पर तीन प्रकार होते हैं -

  • मिनीमली प्रोसेस्ड फूड्स - इन्हें आमतौर पर हेल्दी श्रेणी में रखा जाता है जिसमें खाने-पीने की चीजों सुरक्षित रखने के लिए पैक किया जाता है। इसमें किसी तरह के केमिकल का उपयोग आमतौर पर नहीं किया जाता है। इन फूड्स में आमतौर पर दाल, आटा, नट्स-सीड्स और डेयरी प्रोडक्ट्स आदि शामिल हैं।
  • मॉडरेटली प्रोसेस्ड फूड्स - इनमें आमतौर पर ऐसे फूड्स आते हैं, जिन्हें किसी बड़ी प्रोसेस से तो नहीं गुजारा जाता है, लेकिन उन्हें सुरक्षित रखने या शुद्ध बनाने के लिए कुछ थोड़ी बहुत प्रोसेस से गुजारा जाता है और उसमें प्रिजरवेटिव का इस्तेमाल किया जाता है जैसे तेल, पैक्ड फ्रूट जूस और पीनट बटर आदि।
  • अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स - जिन फूड्स को अल्ट्रा प्रोसेस से होकर गुजरना पड़ता है, उन्हें पूरी तरह से अनहेल्दी फूड्स की श्रेणी में रखा जाता है। इन फूड्स को हेल्दी, सुंदर और क्रिस्पी बनाने के लिए ऐसी हाई प्रोसेस से गुजारा जाता है जिसके कारण उनका न्यूट्रिशन पूरी तरह से खत्म हो जाता है। इनमें आमतौर पर चिप्स, कोल्ड ड्रिंक्स, नमकीन, बिस्किट और फ्रोजन फूड्स व आइसक्रीम आदि शामिल है।

ऐसे में अगर आपका सवाल है कि क्या सारे पैकिंग वाले फूड्स अनहेल्दी होते हैं, तो ऐसा नहीं है क्योंकि पैकिंग वाले कुछ फूड्स हेल्दी भी होते हैं। वहीं अगर आपका सवाल है कि क्या अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स सरे अनहेल्दी होते हैं,तो इसका जवाब हां होगा।

डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य सिगरेट और अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स की आपस में तुलना करना नहीं, बल्कि यह बताने की कोशिश करना है कि जिस प्रकार सिगरेट स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है उसी प्रकार के अल्ट्रा प्रोसेस्ड फूड्स भी स्वास्थ्य के लिए अच्छे नहीं माने जाते हैं। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source