Osteoporosis: बुढ़ापा आने से पहले ही कमजोर होने लगती है हड्डियां, जानें कैसे करें इस बोन डिजीज से बचाव
Haddi ki Kamjori Kaise Dur Kare: आज के समय में सही डाइट व लाइफस्टाइल न होने के कारण हड्डियों से जुड़ी कई समस्याएं होने लगी हैं, जिनमें ऑस्टियोपोरोसिस सबसे ज्यादा होने वाली बीमारियों में से एक है।
Haddi Majboot Kaise Kare: आज की तेज रफ्तार जीवनशैली में लोग अक्सर अपनी सेहत की अनदेखी कर देते हैं। खास तौर पर हड्डियों के स्वास्थ्य पर बहुत कम ध्यान दिया जाता है, क्योंकि कई लोगों को लगता है कि हड्डियों से जुड़ी समस्याएं केवल बुजुर्ग अवस्था में ही होती हैं। इसी सोच के कारण लोग समय रहते सावधानी नहीं बरतते। लेकिन यह लापरवाही धीरे-धीरे हड्डियों को कमजोर बना सकती है और हमें इसका पता भी नहीं चलता। इसी वजह से ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारी को 'साइलेंट किलर' कहा जाता है। इस रोग के शुरुआती चरण में कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते और जब तक समस्या का पता चलता है, तब तक हड्डियां काफी कमजोर हो चुकी होती हैं। इसलिए जरूरी है कि कम उम्र से ही सही जीवनशैली अपनाई जाए। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ आदतें हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करती हैं, जिससे भविष्य में हड्डियों से जुड़ी परेशानियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।
कैल्शियम और विटामिन-डी
अगर आपको भी हड्डियों से कट-कट की आवाज आने जैसा महसूस होता है, तो आपकी हड्डियां कमजोर हैं उन्हें कैल्शियम और विटामिन-डी की सख्त जरूरत है। अक्सर दूध, दही, पनीर, हरी सब्जियां और धूप की कमी से शरीर में इन पोषक तत्वों की कमी हो जाती है। नतीजतन हड्डियां कमजोर हो जाती हैं और इनके टूटने और फ्रैक्चर होने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए अपनी डाइट में कैलिशियम और विटामिन डी से रिच फूड्स को शामिल करना बेहद जरूरी है।
शारीरिक गतिविधि की कमी
आज कल अधिकतर लोगों की नौकरी ऐसी है, जिसमें लोग घंटों तक कुर्सी पर बैठकर काम करते रहते हैं। ऐसे में किसी तरह की कोई एक्सरसाइज या शारीरिक गतिविधि न करने से हड्डियां अपनी मजबूती धीरे-धीरे खोने लगती है और ऑस्टियोपोरोसिस समेत अनेक हड्डियों जुड़ी परेशानी होने लगती है। सेडेंटरी लाइफस्टाइल के कारण ही आजकल लोगों में तेजी से ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
जंक फूड और सॉफ्ट ड्रिंक
जंक फूड और सॉफ्ट ड्रिंक तो हमें बहुत पसंत आते हैं, मगर इनमें मौजूद शुगर और केमिकल्स शरीर में कैल्शियम के अवशोषण को प्रभावित करते हैं, जिससे शरीर कैल्शियम का अवशोषण नहीं कर पाता और फिर हड्डियां धीरे-धीरे कमजोर होने लगती हैं। आजकल लोग ये जंक फूड्स काफी ज्यादा खाने लगे हैं और इसके कारण भी ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा तेजी से बढ़ रहा है।
धूम्रपान और शराब
सिगरेट और शराब स्वास्थ्य के लिए हर तरह से हानिकारक है और हड्डियों के लिए भी। इनके अधिक सेवन से हड्डियों का घनत्व काफी कम हो जाता है। ऐसे में अगर आप अधिक मात्रा में इन चीजों का सेवन करते हैं तो यह आदतें कम उम्र में ही ऑस्टियोपोरोसिस के खतरे को बढ़ा देती है। अगर आप हड्डियों की कमजोरी को दूर करना चाहते हैं, तो आपको जल्द से जल्द धूम्रपान और शराब का सेवन छोड़ना होगा।
धूप से दूर रहना
अगर आप हमेशा धूप से बचने का प्रयास करते हैं तो यह आपकी हड्डियों के लिए सही नहीं है। धूप विटामिन-डी का सबसे बड़ा स्रोत है। लेकिन अगर आप ज्यादातर समय घर या ऑफिस में बिताते हैं और धूप से लगभग दूर ही रहते हैं, तो इससे शरीर में विटामिन-डी की कमी हो सकती है, जो हड्डियों को कमजोर बना सकती है। सुबह की ताजी धूप के संपर्क में जरूर आना चाहिए।
आप हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए दैनिक जीवन में केवल संतुलित आहार ही लें। नियमित व्यायाम को तवज्जो दें, सुबह की पहली धूप लें और जितना हो सके नशे से दूरी बनाएं। सही उम्र में छोटी-छोटी अच्छी आदतें अपनाकर आप हड्डियों को लंबे समय तक मजबूत और स्वस्थ बनाए रख सकती हैं।
अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।