
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Medically Verified By: Dr V. Nagarjuna Maturu
Long Time Sleep
Weekend oversleeping : अगर आप सोचते हैं कि पूरे सप्ताह कम सोने के बाद शनिवार या रविवार को ज्यादा देर तक सोकर नींद की कमी पूरी की जा सकती है, तो यह पूरी तरह सही नहीं है। कई डॉक्टर्स का कहना है कि वीकेंड पर कुछ घंटों की ज्यादा नींद लेने से आपको थोड़ी राहत जरूर महसूस हो सकती है, लेकिन यह लंबे समय से चली आ रही नींद की कमी की भरपाई नहीं कर पाती।
यशोदा हॉस्पिटल्स के सीनियर कंसल्टेंट, क्लिनिकल एंड इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी डॉ. वी. नागार्जुना मातुरु का कहना है कि वीकेंड पर देर तक सोने से शरीर को कुछ समय के लिए आराम मिल सकता है और थकान या नींद महसूस होना कम हो सकता है। लेकिन अगर आप लगातार कई दिनों तक पर्याप्त नींद नहीं लेते हैं, तो इसका असर शरीर की बायोलॉजिकल क्लॉक, हार्मोन संतुलन और दिमाग की कार्यक्षमता पर पड़ता है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के मुताबिक, लंबे समय तक नींद की कमी इम्यून सिस्टम, मेटाबॉलिज्म और दिल की सेहत पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है।
डॉ. मातुरु बताते हैं कि अगर आप पूरे सप्ताह कम सोते हैं और फिर वीकेंड पर कई घंटे ज्यादा सोते हैं, तो इससे सोशल जेट लैग की स्थिति पैदा हो सकती है। इसमें शरीर की नींद-जागने की प्राकृतिक लय बिगड़ जाती है, जिससे सोमवार की सुबह उठने में परेशानी, सुस्ती, ध्यान लगाने में कठिनाई और मूड खराब रहने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
डॉक्टर बताते हैं कि एक स्वस्थ व्यक्ति को हर रात 7 से 9 घंटे की नींद लेनी चाहिए। सबसे जरूरी बात सिर्फ नींद की अवधि नहीं, बल्कि रोजाना लगभग एक ही समय पर सोना और उठना भी है। नियमित स्लीप शेड्यूल शरीर की आंतरिक घड़ी को संतुलित रखता है और अच्छी सेहत बनाए रखने में मदद करता है।
अगर किसी वजह से कुछ दिनों तक आपकी नींद कम हुई है, तो उसे पूरा करने के लिए वीकेंड पर बहुत ज्यादा देर तक सोने के बजाय पूरे सप्ताह थोड़ा-थोड़ा जल्दी सोने की कोशिश करें। साथ ही, सोने से पहले मोबाइल या लैपटॉप का इस्तेमाल कम करें, कमरे को शांत और अंधेरा रखें और रोजाना एक निश्चित समय पर सोने-उठने की आदत बनाएं। अगर इसके बावजूद दिनभर अत्यधिक नींद आती है या लंबे समय से नींद से जुड़ी समस्या बनी हुई है, तो स्लीप स्पेशलिस्ट से सलाह लेना बेहतर रहेगा।
Disclaimer : यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं है। यदि आपको लंबे समय से नींद न आने, दिनभर अत्यधिक नींद आने या किसी अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्या का सामना करना पड़ रहा है, तो किसी योग्य डॉक्टर या स्लीप स्पेशलिस्ट से परामर्श अवश्य लें।