
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
High Cholesterol Symptoms: आजकल की खराब जीवनशैली और गलत खानपान के कारण कई तरह की क्रॉनिक बीमारियां आम हो गई हैं।इन्हीं में से एक है हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या। आज के समय में केवल बुजुर्ग ही नहीं, बल्कि युवा वर्ग के लोग भी हाई कोलेस्ट्रॉल की चपेट में आ रहे हैं। दरअसल, कोलेस्ट्रॉल हमारे खून में मौजूद मोम जैसा पदार्थ होता है, जो स्वस्थ कोशिकाओं के निर्माण के लिए जरूरी होता है। लेकिन हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल शरीर के लिए काफी घातक होता है। यह नसों में ब्लॉकेज का कारण बन सकता है। इसकी वजह से हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हार्ट फेलियर जैसी गंभीर बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर हाथों और पैरों में कुछ लक्षण दिखाई देते हैं, जिन्हें ज्यादातर लोग साधारण समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन हाई कोलेस्ट्रॉल के लक्षणों को समय रहते पहचानकर इलाज शुरू करने से आप कई गंभीर बीमारियों से बच सकते हैं। इस लेख में हम आपको हाई कॉलेस्ट्रॉल में हाथों और पैरों पर दिखाई देने वाले लक्षणों के बारे में बताने जा रहे हैं।
शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने पर हाथों और पैरों की उंगलियों में दर्द होने लगता है। दरअसल, नसों में कोलेस्ट्रॉल जमने पर ब्लड वेसल्स ब्लॉक हो सकती हैं। इसकी वजह से हाथ-पैरों में काफी दर्द महसूस होता है। साथ ही, कई बार उनमें सूजन भी आ जाती है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
हाई कोलेस्ट्रॉल की स्थिति में हाथों और पैरों की त्वचा के रंग में भी बदलाव आ सकता है। शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ने पर हथेलियों और पैरों का रंग पीला सा दिखने लगता है। वहीं, आंखों के आसपास की त्वचा भी पीली पड़ने लगती है। ऐसी स्थिति में आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
अगर आपको कुछ दिनों से हाथ-पैरों में झनझनाहट या सुन्नपन महसूस हो रहा है, तो इसे भूलकर भी नजरअंजदाज न करें। यह हाई कोलेस्ट्रॉल का संकेत हो सकता है। दरअसल, बैड कोलेस्ट्रॉल नसों में जमा हो जाता है, जिससे ब्लड फ्लो प्रभावित होता है। ऐसी स्थिति में आपको डॉक्टर की सलाह पर ब्लड टेस्ट करवाना चाहिए।
शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने की वजह से हाथ-पैरों के नाखूनों में पीलापन नजर आने लगता है और नाखून मोटे भी हो जाते हैं। इसके अलावा, नाखूनों में दरारें भी दिखने लगती हैं। इस तरह के लक्षणों को भूलकर भी नजरअंदाज न करें।
शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने पर हाथों या पैरों पर मस्से भी विकसित हो सकते हैं। मेडिकल भाषा में इसे जैंथेल्मा कहा जाता है। जैंथेल्मा छोटे, पीले और फैट युक्त मस्से होते हैं, जो मुख्य रूप से आंखों, हाथों और पैरों के आसपास होते हैं। यह ब्लड में लिपिड असंतुलन होने का संकेत होता है। इसलिए आपको इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।