
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : December 29, 2023 8:41 PM IST
स्वस्थ शरीर के लिए सभी प्रकार के विटामिन, प्रोटीन और पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। इनमें से किसी भी एक की कमी आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकती है। इन्हीं में से एक महत्वपूर्ण विटामिन है, 'विटामिन डी'। दुनियाभर के करीब एक बिलियन लोग विटामिन डी की कमी से जूझ रहे हैं। यह विटामिन हमारी हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। वहीं इसकी कमी से हमारी हड्डियां इतनी कमजोर हो जाती हैं कि ये चूर चूर तक हो सकती हैं। इतना ही नहीं यह विटामिन हमारे इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए बहुत जरूरी है।
अक्सर लोगों को इस बात की जानकारी नहीं होती कि शरीर के लिए अहम माना जाने वाला विटामिन डी कई प्रकार का होता है। जी हां, विटामिन डी प्रमुख रूप से दो प्रकार के होते हैं, एक विटामिन डी2 और दूसरा विटामिन डी3। ये दोनों की हमारे शरीर में अलग अलग रूप से काम करते हैं। इन दोनों के शरीर में अलग-अलग कार्य होते हैं। विटामिन डी2 अर्गोंकैल्सिफेरॉल से मिलकर बनता है। वहीं विटामिन डी 3 कॉलेकैल्सिफेरॉल नामक तत्व से बना होता है। इन दोनों विटामिन को पाने के स्रोत भी अलग हैं।
विटामिन डी2 खाद्य पदार्थों में पाए जाने वाले कैल्शियम और फास्फोरस को अधिक अवशोषित कर उसे हड्डियों और मांसपेशियों तक पहुंचाता है। विटामिन डी 2 को प्राप्त करने का प्रमुख स्रोत है प्लांट बेस्ड फूड। शरीर में इस विटामिन की पूर्ति के लिए आप अपने आहार में बादाम, सोया मिल्क, संतरे का जूस, साबुत अनाज, मशरूम, ओट्स आदि को शामिल कर सकते हैं। विटामिन डी का प्रमुख स्रोत धूप है, ऐसे में विटामिन डी2 के लिए धूप में उगने वाली चीजें खा सकते हैं।
विटामिन डी3 छोटी आंत में कैल्शियम के अवशोषण में मदद करता है। इससे हड्डियां मजबूत होती हैं, साथ ही ऑस्टियोपोरोसिस का जोखिम भी कम होता है। यह आपके मूड को भी सुधारता है, हृदय संबंधी रोगों का खतरा कम करता है और वजन घटाने में भी मददगार होता है। इसका प्रमुख स्रोत है एनिमल फूड। विटामिन डी3 पाने के लिए आप अपने आहार में दूध, दही, मक्खन, अंडा, मछली, फिश ऑयल और डायटरी प्रोडक्ट्स शामिल कर सकते हैं।
विटामिन डी2 और डी3 दोनों ही हमारे शरीर को पोषण देने में अहम भूमिका निभाते हैं। इस विटामिन से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। यह आपके मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र को आधार देता है। साथ ही हड्डियां और दांतों को मजबूत बनाते हैं। डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए यह विटामिन बेहद आवश्यक है, क्योंकि यह शरीर में इंसुलिन और शुगर की मात्रा को बैलेंस करता है। इसके नियमित सेवन से आपके फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ती है। यह आपके दिल की सेहत को सुधारता है। इतना ही नहीं यह कैंसर के खतरों को भी कम करता है।
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.