Vitamin b12: शरीर में इस साधारण विटामिन की कमी से भी आ सकता है हार्ट अटैक

Vitamin and Heart health: शरीर के लिए कुछ जरूरी विटामिन होते हैं और अगर उनमें किसी कारण से कमी हो जाती है तो कुछ लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ समस्याएं हो सकती हैं।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : November 11, 2025 5:31 PM IST

Which Vitamin Deficiency Could Cause Heart Attack: भोजन से हमें कई तरह के पोषक तत्व प्राप्त होते हैं, जैसे- विटामिन, प्रोटीन, खनिज, कार्बोहाइड्रेट, वसा और फाइबर। ये तत्व शरीर को ऊर्जा देते हैं, रोगों से बचाते हैं और अंगों को सुचारू रूप से कार्य में मदद करते हैं। इसलिए विशेषज्ञ हमेशा से ही ऐसा भोजन करने की सलाह देते रहे हैं, जो सेहत के लिए लाभकारी सिद्ध हो। ऐसा ही एक खास पोषक तत्व है। विटामिन बी12 । यह तत्व शरीर के लिए बेहद जरूरी है, जो नसों, दिमाग और ब्लड सेल्स को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाता है। लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, असंतुलित आहार और बढ़ते फास्ट फूड की वजह से बड़ी संख्या में लोग इसकी कमी से जूझ रहे हैं। खास बात यह है कि इसकी कमी सिर्फ थकान या कमजोरी ही नहीं लाती, बल्कि यह हार्ट अटैक जैसी गंभीर बीमारियों का भी कारण बन सकती है। तो आइए जानते हैं कैसे।

होमोसिस्टीन स्तर बढ़ना

विटामिन बी12 न सिर्फ एक पोषक है, बल्कि यह एक रक्षक के रूप में भी काम करता है। असल में जब आपके शरीर में विटामिन बी12 की कमी होती है तो शरीर में होमोसिस्टीन नामक अमीनो एसिड का स्तर बढ़ जाता है। जो कि खून को गाढ़ा कर देता है, जिससे दिल की धमनियों में ब्लॉकेज बनने का खतरा बढ़ जाता है, जो धीरे-धीरे आपको हार्ट अटैक या स्ट्रोक के खतरे की ओर ले जाता है।

ऑक्सीजन की कमी और कमजोरी

जब आपके शरीर में बी12 की कमी होती है तो लाल रक्त कोशिकाएं पर्याप्त मात्रा में नहीं बन पातीं। इस कारण शरीर में ऑक्सीजन की कमी होने लगती है और दिल को खून पंप करने में अधिक मेहनत करनी पड़ती है। ऐसे में अगर लंबे समय तक यह स्थिति बनी रहे तो हार्ट अटैक होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए आपको अपने शरीर में विटामिन बी12 की कमी न होने पर ध्यान देना चाहिए।

नसों और दिमाग पर असर

शोध बताते हैं कि यह विटामिन न सिर्फ दिल पर, बल्कि आपके दिमाग और नर्वस सिस्टम को भी प्रभावित करता है। शरीर में जब इसकी कमी होती है तो व्यक्ति में तनाव, चिड़चिड़ापन और नींद की कमी जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। ऐसे में लगातार मानसिक तनाव ब्लड प्रेशर को बढ़ाने और हृदय रोगों को बढ़ावा देने का काम करने लगते हैं।

खानपान में लापरवाही

शाकाहारी लोगों में विटामिन बी12 की कमी सबसे आम रूप से पाई जाती है, क्योंकि यह मुख्य रूप से मांस, अंडे, मछली और डेयरी उत्पादों में पाया जाता है। ऐसे में डॉक्टर की सलाह से बी12 सप्लीमेंट्स या फोर्टिफाइड फूड्स का सेवन कर इसकी पूर्ति करने का प्रयास करें।

दिल-दिमाग के लिए बेहद जरूरी

विटामिन बी12 बेशक एक छोटा-सा पोषक तत्व है, लेकिन इसकी कमी दिल की सेहत को गंभीर रूप से प्रभावित डालती है। इसलिए अपने आहार को संतुलन रखें और नियमित जांच करवाएं । याद रखें, समय पर ध्यान देकर आप अपनी ऊर्जा बनाए रख सकते हैं और हार्ट अटैक जैसी खतरनाक बीमारियों से भी बच सकते हैं। अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source