यूरो-गायनेकोलॉजिस्ट से जानें कैसे महिलाओं में बार-बार यूरिन इन्फेक्शन होने से रोकें
महिलाओं में बार-बार यूरिन इन्फेक्शन यानी यूटीआई होना एक गंभीर और काफी परेशान कर देने वाली समस्या पैदा हो कर सकता है। इस लेख में एक्सपर्ट्स से जानेंगे ऐसा क्यों होता है और इससे बचाव करने के क्या तरीके हैं।
बार-बार यूरिन इन्फेक्शन होने की समस्या पुरुषों और महिलाओं दोनों में हो सकती है, लेकिन ज्यादातर मामलों में यह समस्या आमतौर पर महिलाओं में देखी जाती है। लेकिन अगर यह बार-बार हो रही है, तो कई बार इसके पीछे कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं, जिनका पता लगाना आपके लिए बेहद जरूरी है। डॉ. मीरा वी. वी. राघवन, कंसल्टेंट यूरो-गाइनेकोलॉजिस्ट एंड रोबोटिक, अपोलो हॉस्पिटल चेन्नई के अनुसार यूरिन इन्फेक्शन ऐसी समस्या है, जिसमें पेशाब के दौरान जलन होना, पेट के निचले हिस्से में दर्द होना, कमर के दोनों तरफ दर्द, बुखार, ठंड लगना और यहां तक कि कभी-कभी पेशाब में खून आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर किसी व्यक्ति को छह महीने में दो से ज्यादा बार या एक साल में बार-बार यूटीआई हो तो उस स्थिति को रिकरंट यूटीआई कहा जाता है।
महिलाओं को क्यों ज्यादा होता है यूटीआई
देखा गया है कि यूरिन इन्फेक्शन की समस्या पुरुषों की तुलना में महिलाओं में ज्यादा देखी जाती है और महिलाओं में बार-बार यूटीआई होने के मामले ज्यादा देखने को मिलते हैं। लगभग हर दो में से एक महिला को जीवन में कभी न कभी यूरिन इन्फेक्शन जरूर होता है और हर चार में से एक महिला को बार-बार यह समस्या होने का खतरा रहता है। खासतौर पर यह भी देखा गया है कि जिन लड़कियों में पीरियड्स शुरू होने से पहले या फिर बच्चे होने से पहले यूटीआई हो गया हो, तो आगे जाकर उनमें बार-बार यूटीआई होने का खतरा बढ़ सकता है। महिलाओं के जुड़ी कुछ प्रमुख स्थितियां जिनके कारण बार-बार यूटीआई होने का खतरा बढ़ सकता है -
- गर्भावस्था
- डिलीवरी
- हार्मोनल बदलाव
- मेनोपॉज
महिलाओं में यूटीआई का खतरा उनके शरीर की बनावट भी बढ़ाती है जैसे मूत्र मार्ग छोटा होना और मूत्र द्वार व मलद्वार के बीच दूरी कम होना। इसके अलावा अगर महिला को स्वास्थ्य से जुड़ी निम्न समस्याएं हैं तो भी उससे बार-बार यूटीआई होने का खतरा बढ़ता है जैसे -
- मोटापा
- डायबिटीज या अन्य कोई क्रोनिक बीमारी
- शरीर में पानी की कमी
- कब्ज
बार-बार यूटीआई होने से कैसे बचाव करें
महिलाओं में हो रही बार-बार यूटीआई की समस्या को से बचाव करने के लिए कुछ खास बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, जो इस प्रकार है -
- रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें
- जंक फूड्स आदि न खाएं ताकि कब्ज न हो
- रोजाना खूब मात्रा में फल व सब्जियां खाएं
- लंबे समय तक पेशाब न रोकें
- चाय या कॉफी का ज्यादा सेवन न करें
इसके अलावा नियमित रूप से साफ-सफाई रखना बेहद जरूरी है और किसी भी ऐसे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल न करें जो अच्छे बैक्टीरिया को खत्म कर देते हैं। क्योंकि ऐसा करने से यूटीआई होने का खतरा उल्टा और ज्यादा बढ़ जाता है।
ध्यान रखना जरूरी
सामान्य तौर पर कहें तो महिलाओं में बार-बार यूटीआई होना एक आम समस्या हो सकती है और यह भी हो सकता है कि इसे पूरी तरह से कंट्रोल न किया जा सके। लेकिन इतना कहा जा सकता है कि अगर आप नियमित रूप से साफ-सफाई रखते हैं और हेल्दी डाइट व लाइफस्टाइल मेंटेन करते हैं तो बार-बार यूटीआई होने जैसी कंडीशन को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है और आप अपनी इंटिमेट हाइजीन को भी बनाए रख सकती हैं।
डिसक्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी इंटरनेट पर मौजूद रिपोर्ट्स व खबरों पर आधारित है। इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी का इस्तेमाल किसी भी बीमारी के इलाज के रूप में नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।