तंबाकू: हर कुछ सेकेंड में छीन रहा है एक जिंदगी! WHO रिपोर्ट में डराने वाला सच
तंबाकू सेहत के लिए सिर्फ नुकसानदायक ही नहीं, जानलेवा भी होता है। तंबाकू खाने से हर साल लाखों लोग मर जाते हैं। WHO की रिपोर्ट में भी तंबाकू को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
No Tobacco Day: ज्यादातर लोग सिगरेट या तंबाकू का सेवन शौक के तौर पर करते हैं और फिर यही शौक, लत में बदल जाता है। तंबाकू एक ऐसा पदार्थ है, जिसमें निकोटीन होता है जो तेजी से लत लगाता है। लंबे समय तक इसका सेवन करने से शरीर के अंगों को काफी नुकसान पहुंचना शुरू हो जाता है। इसलिए कहा जाता है कि सिगरेट, गुटखा या बीड़ी- किसी भी तरह से तंबाकू का सेवन करना सही नहीं है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के मुताबिक, तंबाकू का सेवन करना किसी महामारी से कम नहीं है, क्योंकि इससे हर साल लाखों लोगों की जान चली जाती है। यही वजह है कि लोगों को तंबाकू के नुकसानों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हर साल 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। लेकिन, इसके बावजूद भी लोग धड़ल्ले से तंबाकू उत्पादों का सेवन करते हैं।
तंबाकू से हर साल मरते हैं इतने लाख लोग
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, तंबाकू की वजह से हर साल 70 लाख से ज्यादा लोग अपनी जान गवां देते हैं। इनमें से करीब 16 लाख लोग ऐसे हैं, जो खुद तंबाकू का सेवन नहीं करते हैं। लेकिन, दूसरों के तंबाकू के धुएं के संपर्क में आकर प्रभावित होते हैं। यानी तंबाकू का असर सिर्फ पीने से नहीं होता है, इसके धुएं के संपर्क में आने से भी शरीर को नुकसान पहुंच सकता है। WHO का साफ कहना है कि तंबाकू का सेवन करने वाले आधे से ज्यादा लोग समय से पहले ही मर सकते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यह भी खुलासा किया हि दुनिया में करीब 1.3 अरब लोग तंबाकू का इस्तेमाल करते हैं। इनमें से लगभग 80 फीसदी लोग कम या मध्यम आय वाले देशों में रहते हैं।
शरीर के इन अंगों को प्रभावित करता है तंबाकू
WHO के अनुसार, तंबाकू खाने से शरीर के कई अंग प्रभावित हो सकते हैं। जो लोग रोजाना तंबाकू का सेवन करते हैं, उनमें कई तरह की बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है।
- तंबाकू को, फेफड़ों के कैंसर का मुख्य कारण माना जाता है।
- तंबाकू खाने से हृदय की बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
- तंबाकू सीओपीडी के खतरे को भी बढ़ाता है। स्ट्रोक का रिस्क भी बढ़ता है।
- तंबाकू खाने से इम्यून सिस्टम कमजोर होता है।
- प्रेग्नेंसी में तंबाकू का सेवन करना बच्चे की सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है।
Disclaimer: विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, तंबाकू सिर्फ एक आदत नहीं है। यह एक धीमा जहर है, जिसे खाकर हर साल लाखों लोग अपनी जान गवां रहे हैं। तंबाकू करोड़ों लोगों की जिंदगी को प्रभावित करता है। यह फेफड़ों के समेत शरीर के कई अन्य अंगों को भी प्रभावित करता है। इसलिए तंबाकू से बचाव बहुत जरूरी है।