
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Medically Verified By: Dr. Bhushan Prabhakar Bhole
How To Keep Liver Healthy: हमारी बॉडी का एक महत्वपूर्ण अंग है लिवर, जो शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने, भोजन को ऊर्जा में बदलने और कई जीवन-रक्षक प्रोटीन बनाने में सहायता करता है। लेकिन आज के समय में बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान, और हानिकारक आदतों के कारण लिवर से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। अगर हम कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें, तो हम अपने लिवर को लंबे समय तक स्वस्थ रख सकते हैं। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने दिल्ली स्थित पीएसआरआई हॉस्पिटल के जीआई सर्जरी और लिवर स्पेशलिस्ट डॉ भूषण भोले से बातचीत की।
लिवर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए सबसे जरूरी है संतुलित आहार। हमें अपने रोजाना के खाने में फ्रेश फल, हरी पत्तेदार सब्ज़ियाँ, होल ग्रेन्स (जैसे दलिया, दाल, ब्राउन राइस), और हाई-फाइबर वाले फूड्स को शामिल करना चाहिए। ये चीजें लिवर की सफाई और कार्यक्षमता को बेहतर बनाती हैं। वहीं दूसरी ओर, प्रोसेस्ड फूड्स, डिब्बाबंद भोजन, ज्यादा तेल में तली हुई चीजें, और फास्ट फूड लिवर को नुकसान पहुंचाते हैं और फैटी लिवर की संभावना बढ़ा देते हैं। इनका सेवन या तो बहुत कम करें या पूरी तरह से बंद कर दें।
शराब का सेवन किसी भी मात्रा में लिवर के लिए हानिकारक है। यह लिवर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाता है और समय के साथ सिरोसिस या लिवर फेल्योर का कारण बन सकता है। इसलिए अगर आप शराब पीते हैं, तो तुरंत इसे छोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाएं। धूम्रपान भी लिवर को नुकसान पहुंचाता है। सिगरेट में मौजूद टॉक्सिन्स शरीर में जाने के बाद लिवर पर दबाव डालते हैं और लिवर कैंसर की आशंका को बढ़ाते हैं। इसीलिए स्मोकिंग से पूरी तरह दूरी बनाना जरूरी है।
आज की भागदौड़ वाली ज़िंदगी में रेगुलर एक्सरसाइज़ बहुत जरूरी है। यह न सिर्फ वजन को नियंत्रित करता है, बल्कि लिवर में चर्बी जमा होने की प्रक्रिया को भी रोकता है। रोजाना कम से कम 30 मिनट की तेज़ चलना, साइकलिंग, योग, या हल्का रनिंग करने से लिवर की कार्यक्षमता बेहतर होती है और फैटी लिवर से बचाव होता है।
हेपेटाइटिस B और C जैसी बीमारियां वायरस से होती हैं और सीधे लिवर को प्रभावित करती हैं। हेपेटाइटिस B के लिए आज वैक्सीन उपलब्ध है, जिसे समय पर लगवाना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति जोखिम वाले वर्ग में आता है, तो उसे हेपेटाइटिस C की स्क्रीनिंग भी करानी चाहिए। वैक्सीन और स्क्रीनिंग से हम इन गंभीर लिवर रोगों से समय रहते बच सकते हैं।
आजकल बहुत से लोग छोटी-मोटी बीमारियों में सीधे कैमिस्ट से दवाएं खरीद लेते हैं। ओवर-द-काउंटर दवाइयों का बिना परामर्श सेवन लिवर को नुकसान पहुंचा सकता है। विशेष रूप से पेन किलर्स, स्टेरॉयड, और आयुर्वेदिक चूर्ण, जिनमें कई बार हैवी मेटल्स (जैसे लेड, मरकरी) पाए जाते हैं, लिवर को नुकसान पहुंचा सकते हैं। मैंने अपने करियर में ऐसे कई मरीज देखे हैं जिनका लिवर इन दवाओं की वजह से पूरी तरह खराब हो गया। इसलिए किसी भी तरह की दवा शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
पर्याप्त मात्रा में पानी पीना लिवर को साफ रखने के लिए बेहद जरूरी है। पानी शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में मदद करता है। खासतौर पर गर्मियों में शरीर का हाइड्रेटेड रहना और भी जरूरी हो जाता है। लेकिन इस मौसम में लोग कोल्ड ड्रिंक्स या आइस ड्रिंक्स की तरफ आकर्षित हो जाते हैं, जो शरीर और लिवर दोनों के लिए हानिकारक होते हैं। इसलिए कोशिश करें कि पानी या घर के बने हेल्दी ड्रिंक्स (जैसे निम्बू पानी, नारियल पानी) का ही सेवन करें।