हाथों-पैरों में झुनझुनी से हैं परेशान, ये घरेलू नुस्खे करेंगे इसका समाधान

हाथ-पैर सुन्न तब होते हैं, जब हाथ-पैरों पर अधिक दबाव पड़े, साथ ही तंत्रिका में चोट, ठंडी चीज का ज्यादा सेवन करना, अधिक शराब और धूम्रपान का सेवन करना, डायबिटीज, थकान आदि के कारण भी यह समस्या होती है।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Published : September 15, 2018 6:11 PM IST

जब भी आप देर तक हाथों-पैरों को दबाकर बैठते हैं तो आपके हाथ-पैर सुन्न हो जाते हैं? साथ ही हाथों-पैरों में तेज झनझनाहट या झुनझुनी, जलन, दर्द और कमजोरी भी महसूस होती है, तो इसे आपको हल्के में नहीं लेना चाहिए। हालांकि, यह बहुत कॉमन शारीरिक समस्या है, जो एक मिनट में दूर हो जाती है, पर जब बार-बार ऐसा होने लगे तो एक बार डॉक्टर से जरूर मिलें। इस समस्या से लगभग हर किसी को कभी न कभी दो-चार होना पड़ता है।

कई बार खानपान में पोषक तत्वों की कमी के कारण भी ऐसा होने लगता है। हाथों-पैरों में ऐसा तब भी होता है, जब हम बहुत ज्यादा वजन उठाते हैं, देर तक एक ही अवस्था में बैठे रहते हैं, खचाखच भरे वाहनों में सफर करते हैं। जिन लोगों को अक्सर ऐसा महसूस होता है, उन्हें थोड़ा सावधान होने की जरूरत है।

कब होती है यह समस्या

यह समस्या अक्सर तब होती है, जब हाथ-पैरों पर दबाव, तंत्रिका में चोट, ठंडी चीज का ज्यादा सेवन करना, अधिक शराब और धूम्रपान का सेवन करना, डायबिटीज, थकान, विटामिन बी या मैग्‍नीशियम जैसी पोषक तत्वों की कमी जैसे इस समस्या के कई कारण हो सकते हैं। इसके अलावा यह कोई बड़ी और गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है लेकिन अगर थोड़ी सावधानी बरती जाए तो इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है। इन घरेलू उपचारों को आजमाकर आप इस समस्या से बचे रह सकते हैं।

ये घरेलू नुस्खे दूर करेंगे सुन्न होने की समस्या

- यदि आप सिंकाई करेंगे तो हाथों-पैरों में होने वाली यह समस्या दूर हो सकती है। इसके लिए थोड़ा सा गर्म पानी लें। उसमें एक कपड़े को डालकर गीला करें, पानी निचोड़ दें। अब इस गर्म कपड़े को 5-7 मिनट के लिए प्रभावित जगह पर रखकर सेंके। लाभ होगा।

- जैतून, नारियल या सरसों के तेल से मसाज करने से भी आराम मिलता है। इन तेलों की मसाज शरीर में रक्त प्रवाह बढ़ाती है।

- यदि आप नियमित रूप से एक्सरसाइज नहीं करते हैं, तो आज से ही करना शुरू कर दें। हाथ-पैरों को सुन्न होने या फिर झनझनाहट की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। साथ ही एक्सरसाइज करने से आप कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के होने से भी बचे रहेंगे।

- हल्दी को पानी में मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे प्रभावित अंगों पर लगाएं। थोड़ी देर तक मसाज करें। फिर धो लें। इससे भी हाथ-पैर सुन्न होने से बचते हैं।

- एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच दालचीनी पाउडर मिलाएं। इसका नियमित रूप से सेवन करें। आप इसकी जगह एक चम्‍मच दालचीनी पाउडर में थोड़ा सा शहद मिलाकर भी खा सकते हैं। काफी आराम मिलेगा।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source