थायराइड होने पर क्या कभी वजन कम नहीं हो सकता? एक्सपर्ट्स ने दूर किए ये 3 बड़े मिथक

थायराइड से जुड़ी बहुत सी ऐसी धारणाएं हैं, जो लोगों ने बनाई हुई हैं और वे बिल्कुल भी सच नहीं हैं। इस लेख में हेल्थ एक्सपर्ट्स ऐसे ही कुछ मिथकों के बारे में बताने वाले हैं, जो अक्सर लोगों को थायराइड की समस्याओं को लेकर होते हैं।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : May 28, 2026 2:36 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Vineeta Singh Tandon

आजकल थायराइड से जुड़ी समस्याएं काफी आम होने लगी हैं और देखा जा रहा है कि कम उम्र के लोगों में भी थायराइड के मामले देखे जा रहे हैं। खासतौर पर महिलाओं में थायराइड से जुड़ी समस्याओं के तेजी से बढ़ रहे मामले काफी चिंताजनक हैं और इन समस्याओं से कई महिलाओं को वजन बढ़ने की समस्याएं भी हो रही हैं। थायराइड के कारण कुछ महिलाओं का वजन तेजी से बढ़ने लगता है और ऐसे में कई महिलाओं का मानना यह होता है कि अगर थायराइड से जुड़ी किसी बीमारी के कारण वजन बढ़ा हुआ है, तो उसे कम नहीं किया जा रहा है। लेकिन इस पर हेल्थ एक्सपर्ट्स क्या राय दे रहे हैं यह जानना जरूरी है। डॉ. विनीता सिंह टंडन, सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, ISIC Multispeciality Hospital ने इस बारे में काफी महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं, जिनकी मदद से हम थायराइड की समस्याओं से जुड़े कुछ मिथकों को दूर कर पाएंगे।

क्या थायराइड होने के बाद वजन कम हीं हो सकता?

डॉ. विनीता सिंह टंडन ने बताया कि यह सबसे बड़ा मिथक है, कि थायराइड से जुड़ी बीमारियां होने के बाद शरीर का वजन कम नहीं किया जा सकता है। दरअसल, हाइपोथायरायडिज्म में शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, जिससे वजन बढ़ सकता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वजन कम करना संभव ही नहीं है। बल्कि सही डाइट और नियमित एक्सरसाइज की मदद से वजन को कंट्रोल किया जा सकता है।

हालांकि, थायराइड के मरीजों में यह देखा जाता है कि वजन थोड़ा धीरे-धीरे कंट्रोल होता है। कई लोग दवा शुरू होने के बाद भी बिना एक्टिव लाइफस्टाइल के सिर्फ दवा से वजन कम होने की उम्मीद करते हैं, जो न तो सही है और न ही स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित।

(और पढ़ें - भारतीय खाने में बढ़ता नमक कैसे थायराइड रोगों का कारण बन रहा है)

थायराइड सिर्फ महिलाओं को होता है

आज भी कई लोगों को लगता है कि थायराइड की समस्या सिर्फ महिलाओं को ही होती है और लोग इसे महिलाओं की बीमारी ही समझते हैं। जबकि यह सच नहीं है क्योंकि पुरुषों और बच्चों में भी यह समस्या देखी जा सकती है। आजकल खराब लाइफस्टाइल, तनाव, नींद की कमी और प्रोसेस्ड फूड के कारण युवाओं और बच्चों में भी थायराइड के मामले बढ़ रहे हैं। हालांकि, यह देखा गया है कि पुरुष अक्सर थकान, तनाव और कमजोरी जैसे लक्षणों को आम बीमारियां मान लेते हैं जिस कारण से कई बार इस बीमारी की पहचान देरी से होती है।

थायराइड सिर्फ वजन बढ़ने की समस्या है

आज भी बहुत से लोग यही मानकर बैठे है कि थायराइड सिर्फ वजन बढ़ाने वाली एक बीमारी है और इसके अलावा स्वास्थ्य को कोई और समस्या नहीं होती है। जबकि थायराइड की समस्या को सिर्फ मोटापा समझ लेना एक बेहद बड़ी गलती हो सकती है, जिसके कारण आने वाले समय में कई बीमारियां पैदा होने का खतरा भी बढ़ जाता है। थायराइड के कारण कई अन्य समस्याएं भी देखी जाती हैं जैसे लगातार थकान रहना, बाल झड़ना, कब्ज रहना, शरीर के अंदर सूजन रहना और दिल की धड़कन तेज होना आदि। इसके अलावा ज्यादा पसीना आना, बेचैनी रहना, अनिद्रा और मूड स्विंग जैसी समस्याएं भी थायराइड के मरीजों में देखी जा सकती हैं।

डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य केवल थायराइड से जुड़ी सही जानकारी देना है और इसमें दी गई किसी भी जानकारी का इस्तेमाल किसी भी बीमारी के इलाज के रूप में नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

FAQs

थायराइड ग्रंथि क्या होती है?

थायराइड एक तितली के आकार की छोटी ग्रंथि होती है, गर्दन के सामने मौजूद रहती है। यह शरीर के मेटाबॉलिज्म को कंट्रोल करती है।

क्या थायराइड पूरी तरह ठीक हो सकता है?

अगर सही समय पर थायराइड की इलाज शुरू कर दिया जाए तो इसे काफी हद तक कम किया जा सकता है। लेकिन, थायराइड का इलाज करने के लिए सिर्फ दवाइयां ही नहीं, सही लाइफस्टाइल भी बहुत जरूरी होता है।

क्या थायराइड जीवनभर रहता है?

थायराइड रोग की दवाइयां जीवनभर लेनी पड़ सकती है। कुछ ही मामलों में थायराइड पूरी तरह ठीक होता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source