पेट से जुड़ी ये समस्याएं हो सकती हैं किडनी खराब होने का संकेत, सामान्य समझकर न करें इग्नोर

Signs Of Kidney Damage: पेट से जुड़ी कुछ समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए क्योंकि ये किडनी डैमेज का संकेत हो सकता है। आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -

WrittenBy

Written By: priya mishra | Updated : February 21, 2024 12:13 PM IST

Kidney Damage Symptoms Related To Stomach: किडनी हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। यह शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को फिल्टर करने के साथ ही खून को शुद्ध करने का काम करती है। ऐसे में, शरीर को स्वस्थ रखने के लिए किडनी का स्वस्थ होना बहुत जरूरी है। लेकिन आजकल के गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण लोगों में किडनी से जुड़ी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। अधिकतर लोग किडनी रोग के शुरुआती लक्षणों को पहचान नहीं पाते हैं या नजरअंदाज कर देते हैं, जिसके कारण किडनी डैमेज होने का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि, किडनी खराब होने से पहले शरीर में कुछ लक्षण नजर आते हैं। सही समय पर इन लक्षणों की पहचान करने से इलाज संभव हो सकता है। आपको बता दें कि किडनी डैमेज होने पर पेट से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आज इस लेख में हम आपको पेट से संबंधित ऐसे लक्षणों के बारे में बताएंगे, जो किडनी डैमेज का संकेत हो सकते हैं।

पेट के निचले हिस्से में दर्द होना

अक्सर गलत खानपान के कारण पेट दर्द की शिकायत हो सकती है। लेकिन लंबे समय से पेट के निचले हिस्से में दर्द रहना किडनी डैमेज का संकेत हो सकता है। यह दर्द अक्सर पेट के एक तरफ होता है और पीठ तक जाता है। ऐसे लक्षण महसूस होने पर आपको तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

पेट में सूजन

पेट में सूजन की समस्या भी किडनी खराब होने का एक लक्षण हो सकता है। दरअसल, किडनी में गड़बड़ी आने पर शरीर में तरल पदार्थ का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे पेट में सूजन बढ़ने लगती है। इसके अलावा, हाथों और पैरों में भी सूजन आ सकती है। ऐसी स्थिति में आपको फौरन डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

बार-बार दस्त की समस्या होना

दस्त की समस्या को अधिकतर लोग ज्यादा गंभीरता से नहीं लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि किडनी की बीमारी और दस्त के बीच काफी गहरा संबंध है। लंबे समय तक दस्त होने से किडनी डैमेज का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में, आपको अपने हेल्थ एक्सपर्ट से मिलकर एक बार किडनी की जांच करवा लेनी चाहिए।

भूख न लगना

किडनी की बीमारी होने पर पाचन तंत्र प्रभावित होता है, जिसकी वजह से खाना ठीक से नहीं पच पाता है। ऐसे में, भूख नहीं लगती है और पेट हमेशा भरा-भरा लगता है। इसकी वजह से शरीर का वजन भी कम होने लगता है। इसलिए अगर कुछ समय से आपकी एपेटाइट कम हो गई है, तो आपको डॉक्टर से मिलकर अपना चेकअप करवाना चाहिए।

कब्ज रहना

कब्ज एक ऐसी समस्या है, जिससे आजकल काफी लोग परेशान रहते हैं। लेकिन अगर आपको लंबे समय से कब्ज है, तो आपको इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह किडनी में खराबी का संकेत सकता है। हालांकि, कब्ज की परेशानी के पीछे कई अन्य कारण भी हो सकते हैं। इसलिए आपको डॉक्टर से मिलकर चेकअप करवाना चाहिए, ताकि सही कारण का पता चल सके।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source