बोन हेल्‍थ को नुकसान पहुंचाती हैं ये आदतें, आज ही छोड़ दें 

कॉफी आपके ब्रेन को तो एक्टिव कर देती है, पर लंबे समय तक इसके सेवन से बोन डेन्सिटी कमजोर होने लगती है।

WrittenBy

Written By: Yogita Yadav | Published : September 28, 2019 4:18 PM IST

बोन हेल्‍थ (Bone health) के लिए हेल्‍दी लाइफस्‍टाइल बहुत जरूरी है। अनजाने में या कभी-कभी व्‍यस्‍तता के कारण हम ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिनसे बोन डेन्सिटी (Bone density) कम होने लगती है। इसका अर्थ हुआ कि आपकी बोन्‍स कमजोर हो रहीं हैं। अगर आप चाहें तो अपने लाइफस्‍टाइल और डाइट में बदलाव लाकर इन्‍हें कमजोर होने से बचा सकते हैं। आइए जानें वे आदतें जिनके कारण बोन्‍स को नुकसान पहुंचता है।

बोन हेल्‍थ को नुकसान पहुंचाने वाली आदतें

बार-बार कॉफी

अगर आप बार-बार कॉफी पीने के आदी हो गए हैं तो ये आपकी बोन हेल्‍थ के लिए काफी नुकसानदायक हो सकता है। अकसर लोग काम की व्‍यस्‍तता में सुस्‍ती दूर करने के लिए कॉफी पीते रहते हैं। कॉफी आपके ब्रेन को तो एक्टिव कर देती है, पर लंबे समय तक इसके सेवन से बोन डेन्सिटी कमजोर होने लगती है।

छोड़ दें स्‍मोकिंग

सिगरेट चाहें वह कोई भी हो, उसमें निकोटीन होता ही है। सिगरेट स्‍मोकिंग भले ही आपको स्‍टाइल लगे लेकिन बोन हेल्‍थ के लिए यह बिल्‍कुल भी ठीक नहीं है। इससे आपकी बोन्‍स कमजोर होने लगती है। धीरे-धीरे उनमें दर्द होने लगता है और आप अपना डेली रूटीन वर्क करने में भी मुश्किल महसूस करने लगते हैं।

ठीक नहीं है शराब

शराब भी आपकी बोन हेल्‍थ के लिए बहुत ज्‍यादा घातक है। लंबे समय तक लगातार शराब का सेवन करने के कारण आपकी बोन्‍स का केल्शियम सूखने लगता है। साथ ही वे और ज्‍यादा केल्शियम ग्रहण करने में भी अक्षम हो जाती हैं। जिससे वे कमजोर हो जाती है और उनके टूटने का डर भी बना रहता है। इसलिए अगर अपनी बोन्‍स की चिंता है तो शराब से दूरी बनाएं।

वर्कआउट से बचते हैं

क्‍या आप व्‍यस्‍तता का बहाना बनाकर वर्कआउट से बचते हैं ? अगर हां, तो यह आपकी बोन हेल्‍थ के लिए सबसे ज्‍यादा घातक है। इससे उनके टिश्‍यूज कमजोर होने लगते हैं। वजन बढ़ने लगता है। इस तरह बोन्‍स पर डबल प्रेशर पड़ने लगता है। और उन्‍हें डबल नुकसान होता है। इसलिए बोन हेल्‍थ के लिए जरूरी है कि सप्‍ताह में पांच दिन वर्कआउट के लिए समय जरूर निकालें।

हमेशा जंक फूड

हेल्‍दी डाइट न लेना अपनी सेहत से दुश्‍मनी निभाने जैसा है। अगर आपको जंक फूड की आदत हो गई है तब तो आपकी बोन हेल्‍थ के लिए काफी मुश्किलें खड़ी होने वाली हैं। इस तरह के फूड में आयरन, केल्शियम और विटामिन्‍स का इनटेक बहुत कम होता है। इसकी बजाए इनमें ट्रांस फैट, सोडियम और शुगर बहुत ज्‍यादा होती है। जो वजन बढ़ाने और बोन हेल्‍थ को नुकसान पहुंचाने का काम करती है।