पुरुषों में थायराइड होने पर दिखाई देते हैं ये 5 लक्षण, संकेत दिखते ही तुरंत करा लें जांच

Thyroid Symptoms In Men: पुरुषों में थायराइड होने पर इसके कुछ लक्षण दिखाई देते हैं। आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : September 26, 2024 2:17 PM IST

Symptoms Of Thyroid In Men: आज के समय में थायराइड की समस्या से काफी लोग परेशान हैं। दरअसल, थायराइड हमारी गर्दन में मौजूद एक छोटी सी तितली के आकार की ग्रंथि होती है। यह ग्रंथि थायरोक्सिन हार्मोन का उत्पादन करती है, जो शरीर के मेटाबॉलिक रेट और एनर्जी लेवल को कंट्रोल करता है। जब थायराइड ग्रंथि अपना काम ठीक से करना बंद कर देती है, तो शरीर में थायराइड हार्मोन का उत्पादन कम या ज्यादा होने लगता है। इसके कारण कई तरह की गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। पुरुषों की तुलना में महिलाओं को थायराइड होने का जोखिम अधिक होता है। लेकिन पुरुषों को भी थायराइड रोग हो सकता है। आज इस लेख में हम आपको पुरुषों में थायराइड के लक्षणों के बारे में बताने जा रहे हैं। तो आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से –

थकान और कमजोरी

पुरुषों में थायराइड की समस्या होने पर अत्यधिक थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है। अगर आप सही खानपान और पर्याप्त आराम के बाद भी खुद को हमेशा थका हुआ महसूस करते हैं, तो यह थायराइड का संकेत हो सकता है। अगर आपको भी इस तरह के लक्षण नजर आ रहे हैं, तो आपको डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

बालों का झड़ना

पुरुषों में थायराइड के कारण बाल झड़ने की समस्या हो सकती है। दरअसल, टेस्टोस्टेरोन हार्मोन से जुड़ी गड़बड़ियां पुरुषों में गंजेपन की समस्या को बढ़ावा देती हैं। अगर बिना किसी स्पष्ट कारण के आपके बाल तेजी से झड़ रहे हैं, तो आपको डॉक्टर से मिलकर चेकअप करवाना चाहिए।

वजन बढ़ना या घटना

पुरुषों में हाइपोथायरायडिज्म और हाइपरथायरायडिज्म वजन में अचानक बदलाव का कारण बन सकता है। दरअसल, जब थायराइड ग्लैंड पर्याप्त मात्रा में हार्मोन का उत्पादन नहीं कर पाता है, तो इसके कारण शरीर का मेटाबॉलिज्म प्रभावित होता है। इसके कारण आपका तेजी से वजन बढ़ या घट सकता है। अगर आपको ऐसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो फौरन डॉक्टर से मिलकर जांच करवाएं।

मूड स्विंग्स

पुरुषों में थायराइड की समस्या होने पर उन्हें मूड स्विंग्स, चिड़चिड़ापन, अत्यधिक गुस्सा और चिंता जैसे लक्षणों का अनुभव हो सकता है। यहां तक कि थायराइड रोग पुरुषों में एंग्जायटी और डिप्रेशन जैसी समस्याओं का कारण भी बन सकता है। अगर आपको ऐसे संकेत दिखाई दे रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

यौन स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं

थायराइड होने पर टेस्टोस्टेरोन हार्मोन में कमी आने लगती है, जिससे पुरुषों की फर्टिलिटी प्रभावित होती है। इसके कारण पुरुषों में यौन इच्छा में कमी की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, यह इरेक्टाइल डिस्फंक्शन, लो स्पर्म काउंट और खराब स्पर्म क्वालिटी का भी कारण बन सकता है। अगर आपको ऐसे संकेत नजर आ रहे हैं, तो अपने हेल्थ एक्सपर्ट से सलाह लें।

Disclaimer: हमारे लेखों में साझा की गई जानकारी केवल इंफॉर्मेशनल उद्देश्यों से शेयर की जा रही है इन्हें डॉक्टर की सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। किसी भी बीमारी या विशिष्ट हेल्थ कंडीशन के लिए स्पेशलिस्ट से परामर्श लेना अनिवार्य होना चाहिए। डॉक्टर/एक्सपर्ट की सलाह के आधार पर ही इलाज की प्रक्रिया शुरु की जानी चाहिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source