
... Read More
Written By: Atul Modi | Published : December 15, 2023 2:44 PM IST
हर किसी की जिंदगी में कभी न कभी ऐसा दौर आता है, जब सबके बीच में होते हुए भी वे अकेला महसूस करते हैं। कई बार असफलताएं, संघर्ष, धोखा या फिर किसी अपने को खो देने के कारण भी लोग उदासी महसूस करते हैं। एक अजीब सा दुख, निराशा उन्हें घेर लेती है। उन्हें कुछ भी अच्छा लगना बंद हो जाता है। वे किसी भी बात पर दिल से खुश नहीं हो पाते। अगर आपके साथ ही कुछ ऐसा ही हो रहा है तो हो सकता है कि आप डिप्रेशन का शिकार हों। डिप्रेशन एक मानसिक रोग है। अधिकांश लोग समय रहते इसका अंदाजा नहीं लगा पाते। हालांकि समय पर इसका उपचार जरूरी है। चलिए जानते हैं क्या हैं डिप्रेशन के शुरुआती लक्षण।
डिप्रेशन यानी अवसाद का पहला लक्षण है उदासी। अगर आप दो या इससे ज्यादा सप्ताह तक लगभग हर दिन उदासी महसूस कर रहे हैं। आपको खालीपन लग रहा है या फिर आपका मूड खराब है तो ये डिप्रेशन के शुरुआती लक्षणों में से एक हो सकता है।
आपकी नींद का पैटर्न भी डिप्रेशन की ओर इशारा करता है। यदि आपको अनिद्रा की शिकायत है या फिर इसके उल्ट बहुत ज्यादा नींद आ रही है तो यह सामान्य नहीं है। नींद के पैटर्न में यह बदलाव अवसाद का कारण हो सकता है।
डिप्रेशन आपकी ऊर्जा को 'खत्म' कर देता है, खासकर कि क्लीनिकल डिप्रेशन। अगर आप डिप्रेशन में हैं तो आपको हमेशा ऊर्जा की कमी महसूस होगी। आप हमेशा थके हुए रहेंगे। कभी-कभी तो आपको अपने दैनिक कार्यों को करने में भी परेशानी हो सकती है।
आपकी भूख के पैटर्न में बदलाव भी डिप्रेशन को बताता है। अगर आपको अचानक से बहुत ज्यादा भूख लगने लगी है या फिर एकदम से आपकी भूख बिल्कुल कम हो गई है तो ये दोनों ही स्थितियां डिप्रेशन का संकेत हैं। डिप्रेशन के कारण आपका वजन बढ़ भी सकता है और कम भी हो सकता है।
जब आप डिप्रेशन में होते हैं तो आपका किसी भी काम में मन नहीं लगता। यहां तक कि पहले जो काम या गतिविधियां आपको अच्छी लगती थीं, उनमें भी आपकी रुचि खत्म हो जाती है। आपको किसी से मिलना, दोस्तों के साथ बाहर जाना, खेलना आदि कुछ भी अच्छा नहीं लगता। यह डिप्रेशन का एक गंभीर लक्षण है।
डिप्रेशन से पीड़ित शख्स हर गलत काम या परिणाम के लिए खुद को जिम्मेदार मानने लगता है। वह अपराध बोध से ग्रसित हो जाता है। उसे महसूस होने लगता है कि जो कुछ भी गलत हुआ है उसका कारण वही है।
डिप्रेशन के कारण लोगों को अपने निर्णय लेने में काफी परेशानी होने लगती है। वे किसी भी काम पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पाते हैं, ऐसे में वे निर्णय लेने में भी डरने लगते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा है तो आपको इसके लिए उपचार लेने की आवश्यकता है।
जब भी कोई इंसान डिप्रेशन में होता है तो उनके मस्तिष्क के साथ ही उनके शारीरिक लक्षण भी इसका संकेत देते हैं। डिप्रेशन का शिकार हुए अधिकांश लोग अक्सर सिरदर्द, पेट दर्द, जोड़ों में दर्द जैसी परेशानियों से जूझते नजर आते हैं।
Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.