
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : September 21, 2024 1:35 PM IST
Signs Of Heart Inflammation: आजकल के गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण लोग कई तरह की गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। पिछले कुछ समय में हार्ट से जुड़ी बीमारियों के मामले काफी तेजी से बढ़े हैं। अक्सर लोग दिल से जुड़े लक्षणों को समय पर पहचान नहीं पाते हैं, जिसके कारण बाद में चलकर स्थिति गंभीर हो सकती है। हम अक्सर सर्दी-जुकाम, सीने में जलन, सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याओं का सामना करते हैं। लेकिन हर बार यह सिर्फ फ्लू या पेट से जुड़ी समस्याओं के कारण नहीं होता है। बल्कि यह कुछ मामलों में इस तरह के समस्याएं दिल में सूजन का संकेत भी हो सकती हैं। दिल में सूजन को मेडिकल भाषा में 'मायोकार्डिटिस' कहा जाता है। इस स्थिति में दिल की मांसपेशियों में सूजन आ जाती है। इसकी वजह से आपको हार्ट फेलियर, हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी कई गंभीर बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। सही समय पर इसका इलाज न कराने से मरीज की जान भी जा सकती है। दिल में सूजन होने पर शरीर में कई तरह के लक्षण दिखाई देते हैं। यदि समय रहते इन लक्षणों की पहचान कर ली जाए, तो इलाज संभव हो सकता है। आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे दिल में सूजन के लक्षणों के बारे में बताने जा रहे हैं। तो आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से –
सीने में दर्द होना दिल में सूजन का सबसे आम लक्षण है। यह दर्द छाती के आसपास होता है और सांस लेने, लेटने या शारीरिक गतिविधि करने पर बढ़ सकता है। अगर आपको अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हो, तो इसे भूलकर भी नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
हर समय अत्यधिक थकान और कमजोरी महसूस होना भी दिल में सूजन का संकेत हो सकता है। दरअसल, दिल में सूजन होने पर दिल पूरी क्षमता से काम नहीं कर पाता। इससे शरीर के विभिन्न हिस्सों को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती है, जिसके कारण थकान और कमजोरी महसूस होती है। अगर सही डाइट और पर्याप्त आराम के बाद भी आपको हर वक्त थकान और कमजोरी महसूस होती है, तो डॉक्टर से मिलकर अपना चेकअप करवाएं।
सांस फूलना या सांस लेने में दिक्कत होना भी दिल में सूजन का संकेत हो सकता है। दरअसल, जब दिल में सूजन होती है, तो दिल ठीक तरह से पंप नहीं कर पाता है। इसके कारण फेफड़ों में तरल पदार्थ जमा हो सकता है, जिससे सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। खासकर, लेटने के दौरान या शारीरिक गतिविधि के दौरान यह समस्या बढ़ सकती है।
दिल में सूजन होने पर शरीर के कुछ हिस्सों में सूजन और दर्द की समस्या हो सकती है। अगर आपको बिना किसी स्पष्ट कारण के अपने हाथों, पैरों, टखनों या चेहरे पर सूजन नजर आ रही है, तो इसे भूलकर भी नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
Disclaimer: हमारे लेखों में साझा की गई जानकारी केवल इंफॉर्मेशनल उद्देश्यों से शेयर की जा रही है इन्हें डॉक्टर की सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। किसी भी बीमारी या विशिष्ट हेल्थ कंडीशन के लिए स्पेशलिस्ट से परामर्श लेना अनिवार्य होना चाहिए। डॉक्टर/एक्सपर्ट की सलाह के आधार पर ही इलाज की प्रक्रिया शुरु की जानी चाहिए।