स्किन पर नजर आ रहे हैं ये 10 लक्षण तो आप हो सकते हैं डायबिटीज का शिकार

डायबिटीज के कई लक्षण आपकी स्किन पर भी नजर आते हैं। इन्हें देखकर भी आप इस बीमारी का पता लगा सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : December 13, 2023 7:02 PM IST

डायबिटीज एक गंभीर बीमारी है, जो तेजी से सभी उम्र के लोगों में बढ़ रही है। चिंता की बात ये है कि इसका कोई स्थाई और सटीक इलाज अभी तक नहीं खोजा जा सका है। यह बीमारी आपके अंगों को गंभीर रूप से प्रभावित करती है। ऐसे में ये बहुत जरूरी है कि आप समय रहते इस लाइलाज बीमारी के लक्षणों पर ध्यान दें। डायबिटीज के कई लक्षण आपकी स्किन पर भी नजर आते हैं। इन्हें देखकर भी आप इस बीमारी का पता लगा सकते हैं। चलिए जानते हैं कौन से हैं वे लक्षण।

ये 10 स्किन प्रॉब्लम्स बताती हैं आपको हो सकती है डायबिटीज

स्किन का रूखा या कठोर होना

कंधों, गर्दन और पीठ के ऊपरी हिस्से की स्किन का रूखा, कठोर, मोटा या सूजन जैसा दिखना डायबिटीज का लक्षण हो सकता है। कई बार आपके हाथ और पैरों की अंगुलियों पर भी यह समस्या नजर आ सकती है।

पीले, लाल, भूरे धब्बों पर दें ध्यान

कई बार आपकी स्किन पर बड़े पिंपल्स से उभर आते हैं, जो धीरे-धीरे धब्बों का रूप ले लेते हैं। इनका रंग पीला, लाल या भूरे रंग का होता है। इस स्थिति को नेक्रोबायोसिस लिपॉइडिका कहा जाता है। यह भी डायबिटीज का एक लक्षण है।

स्किन पर फफोले पड़ना

डायबिटीज के शुरुआती लक्षणों में से एक है स्किन पर फफोले पड़ना, हालांकि यह एक दुर्लभ लक्षण है। इसमें पीड़ित के हाथ, पैरों पर अचानक फफोले पड़ने लगते हैं। कई बार ये बड़े आकार में होते हैं तो कई बार ये छोटे-छोटे फफोले के समूह में होते हैं।

काली गर्दन देखकर संभलें

आपने गौर किया होगा कि कुछ लोगों की गर्दन, बगल आदि की स्किन काफी काली होती है। यह मैल के कारण नहीं होता, बल्कि यह आपके खून में इंसुलिन की अधिक मात्रा को दिखाता है। यह प्रीडायबिटीज का पहला लक्षण हो सकता है।

स्किन इंफेक्शन है खतरा

अगर आपकी स्किन पर बार-बार इंफेक्शन यानी संक्रमण होता है तो यह भी डायबिटीज का एक लक्षण हो सकता है। इस स्थिति में स्किन पर खुजलीदार दाने हो जाते हैं। कई बार स्किन पर सूजन और दर्द की शिकायत हो सकती है।

क्या आपके घाव भर नहीं रहे

अगर आपकी स्किन पर हुए घाव जल्दी ठीक नहीं हो पाते हैं तो ऐसे में आपको डायबिटीज जरूर चेक करवानी चाहिए। दरअसल, खून में शुगर की मात्रा अधिक होने के कारण नर्व डैमेज होने का खतरा भी बढ़ जाता है। ब्लड फ्लो बिगड़ने के कारण घाव जल्दी ठीक नहीं हो पाते हैं।

त्वचा पर धब्बे होना

त्वचा पर धब्बे या लाइनें भी डायबिटीज की ओर इशारा करती हैं। यह डायबिटीज से पीड़ित लोगों में अक्सर नजर आती हैं, इसे डायबिटिक डर्मोपैथी कहते हैं। अक्सर ऐसे धब्बे आपकी पिंडलियों पर नजर आते हैं। कई बार ये बाहों, जांघों और धड़ पर भी दिखते हैं।

पलकों के पास पीले रंग के धब्बे

अगर आपकी पलकों या आंखों के पास पीले रंग के पपड़ीदार धब्बे नजर आएं तो ये डायबिटीज के लक्षण हो सकते हैं। इसे जैंथेलस्मा कहा जाता है। जब आपके ब्लड में वसा का स्तर बढ़ जाता है तो यह स्थिति आती है।

स्किन पर टैग या मस्से होना

अगर आपकी पलकों, गर्दन, कमर या बगल में छोटे-छोटे मस्सों के समूह हैं तो आशंका है कि आपको डायबिटीज हो सकती है। यह स्थिति ब्लड में अधिक इंसुलिया या फिर टाइप 2 डायबिटीज के कारण होती है।

छोटे, लाल-पीले दाने

कई बार स्किन पर लाल-पीले छोटे दाने हो जाते हैं, जो अचानक नजर आते हैं और कुछ ही दिनों गायब हो जाते हैं। पिंपल्स के विपरीत ये बहुत जल्दी पीले रंग के हो जाते हैं। आमतौर पर ऐसे दाने नितंबों, कोहनियों और जांघों पर होते हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.