Advertisement

टीबी की खांसी और सामान्य खांसी में होता है अंतर, जानिए टीबी होने पर दिखने वाले 5 बड़े लक्षण

World Tuberculosis Day 2024: आमतौर पर लोग टीबी की खांसी को सामान्य खांसी मान लेते हैं, जिसके कारण टीबी बिगड़ने की आशंका बढ़ जाती है।

Written By Atul Modi
Updated : March 22, 2024 7:01 AM IST

टीबी यानी ट्यूबरक्लोसिस, एक संक्रामक बीमारी है जो माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोजी नामक जीवाणु के कारण होती है। यह जीवाणु आमतौर पर फेफड़ों को संक्रमित करता है, लेकिन यह शरीर के अन्य हिस्सों को भी प्रभावित कर सकता है, जैसे कि लिम्फ नोड्स, हड्डियां, मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी। टीबी से पीड़ित रोगी को तेज खांसी आती है। आमतौर पर लोग इसे सामान्य खांसी मान लेते हैं, जिसके कारण टीबी बिगड़ने की आशंका बढ़ जाती है। समय पर उपचार न मिलने से कई बार जान तक जा सकती है। ऐसे में यह जरूरी है ​कि हर कोई आम खांसी और टीबी के कारण होने वाली खांसी का अंतर पहचाने। अगर आप भी इस अंतर को नहीं जानते तो इन बातों ध्यान देना जरूरी है।

खांसी और टीबी की खांसी में है ये अंतर

वैसे तो आपको किसी भी खांसी को हल्के में नहीं लेना चाहिए और डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए। फिर भी मौसमी खांसी और टीबी के कारण होने वाली खांसी के कुछ अंतर पहचानना जरूरी है।

Advertisement

1. अवधि: आमतौर पर मौसमी खांसी एक से दो वीक में कम होने लगती है। लेकिन टीबी की खांसी में ऐसा नहीं होता है। यह खांसी तीन से चार वीक बाद भी उतनी ही बनी रहती है। ऐसी स्थिति में आपको डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए।

2. कफ: सर्दी-जुकाम के कारण जो खांसी होती है उसमें कफ निकलता है। लेकिन टीबी की खांसी में कफ या बलगम के साथ खून भी निकलने लगता है। इसे हैमोप्टिसिस कहते हैं, ये टीबी का संकेत होता है।

Advertisement

टीबी के अन्य लक्षणों को भी पहचानें - (Symptoms of TB)

टीबी हवा के माध्यम से फैलता है, जब कोई संक्रमित व्यक्ति खांसता, छींकता या बोलता है तो उसके मुंह से निकली बूंदें हवा में तैरती हैं और अन्य लोगों को संक्रमित कर देती हैं।

थकान : कमजोरी और थकान टीबी के प्रमुख लक्षणों में से एक है। अगर आपको पूरा आराम करने के बावजूद थकान महसूस होती है। साथ ही शरीर में ताकत की लगातार कमी हो रही है तो आपको चैकअप करवाना चाहिए।

वजन घटना : टीबी का असर आपकी भूख पर भी होता है। इसके कारण आप कुछ खा नहीं पाते और वजन में तेजी से गिरावट आ जाती है। इसके कारण मांसपेशियां भी कमजोर होने लगती हैं। कई बार इतनी कमजोरी का जाती है कि पीड़ित शख्स को चलने तक में परेशानी आने लगती है।

बुखार : उपर बताए गए लक्षणों के साथ ही अगर आपको शाम होने के साथ ही बुखार होने लगता है तो आपको सावधान होने की जरूरत है। यह टीबी का एक प्रमुख लक्षण है। सही समय पर उपचार न लेने के कारण यह बुखार कई बार हफ्तों या महीनों तक बना रहता है।

पसीना आना : अगर आपको रात के समय खासतौर पर सोने के दौरान ज्यादा पसीना आता है तो यह टीबी का लक्षण हो सकता है। कई बार तो इतने पसीने आते हैं कि कपड़े और चादर तक भीग जाते हैं।

चेस्ट पेन : सीने में दर्द होना टीबी का सामान्य लक्षण है। आमतौर पर लोग इसे खांसी से जोड़कर देखते हैं, लेकिन असल में यह संक्रमण के कारण बढ़ जाता है। अगर खांसी और गहरी सांस लेने पर यह दर्द असहनीय हो रहा है तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। कई बार ऐसा फेफड़ों और आसपास के ऊतकों में सूजन के कारण होता है।

About the Author

  • twitter

... Read More