घर में किसी को टीबी हो जाए तो क्या करें? डॉक्टर बता रहे हैं परिवार के लिए जरूरी सावधानियां
घर में किसी को टीबी हो जाए तो क्या करें? डॉक्टर बता रहे हैं परिवार के लिए जरूरी सावधानियां
डॉ. चंद्रमणि पंजाबी बताते हैं कि सबसे पहली और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि टीबी के मरीज को डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाइयां नियमित रूप से और पूरे कोर्स तक लेनी चाहिए।
Written By:
Ashu Kumar Das
| Published : March 23, 2026 11:24 AM IST
ट्यूबरकुलोसिस यानी टीबी एक संक्रामक बीमारी है जो मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करती है और हवा के माध्यम से फैल सकती है। जब घर में किसी व्यक्ति को टीबी हो जाती है, तो स्वाभाविक रूप से परिवार के अन्य सदस्यों में चिंता बढ़ जाती है। हालांकि सही जानकारी और सावधानियों के साथ इस संक्रमण के फैलने के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
24 मार्च को जब हम वर्ल्ड टीबी डे (World Tuberculosis Day 2024) मना रहे हैं, तब हमने नई दिल्ली स्थित आस्था अस्पताल के पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. चंद्रमणि पंजाबी (Dr. Chandramani Punjabi, Consultant - Pulmonologist, Aastha Hospital, Delhi) से बात की। इस बातचीत में डॉ. चंद्रमणि पंजाबी से हमने यह जानने की कोशिश की, कि अगर परिवार में किसी सदस्य को टीबी हो जाता है, तो अन्य सदस्यों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
परिवार में किसी को टीबी हो जाए, तो अन्य सदस्यों को क्या करना चाहिए?
डॉ. चंद्रमणि पंजाबी बताते हैं कि सबसे पहली और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि टीबी के मरीज को डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाइयां नियमित रूप से और पूरे कोर्स तक लेनी चाहिए। इलाज शुरू होने के कुछ समय बाद संक्रमण फैलने का खतरा काफी कम हो जाता है, इसलिए दवाइयों को बीच में बंद करना या अनियमित रूप से लेना न केवल मरीज के लिए बल्कि परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी जोखिम बढ़ा सकता है।
कमरे में वेंटिलेशन बनाएं- टीबी के मरीज जिस कमरे में रह रहे हैं, वहां पर वेंटिलेशन यानी हवा का अच्छा प्रवाह बनाए रखना भी बहुत जरूरी है। कमरे की खिड़कियां और दरवाजे खुले रखने से ताजी हवा का संचार होता है, जिससे बैक्टीरिया के फैलने की संभावना कम हो जाती है। बंद और भीड़भाड़ वाले कमरों में संक्रमण का खतरा ज्यादा हो सकता है।
सफाई का रखें ध्यान - टीबी के मरीज को खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रूमाल या टिश्यू से ढकने की आदत अपनानी चाहिए। इस्तेमाल किए गए टिश्यू को तुरंत सही तरीके से फेंकना चाहिए। इससे हवा में बैक्टीरिया के फैलाव को रोका जा सकता है। मरीज के अलावा परिवार के अन्य सदस्यों को भी सफाई का सही तरीके से ध्यान रखना चाहिए।
हाथों की सफाई करें- परिवार के सदस्यों को टीबी के मरीज से मिलने से पहले और मरीज से मिलने के बाद हाथों को साबुन और पानी से अच्छे से धोना चाहिए। टीबी के मरीज को खाना परोसने के बाद भी हाथों और कपड़ों को साफ करना चाहिए।
अन्य सदस्य भी करें लक्षणों पर गौर - घर के बाकी लोगों के लिए यह भी जरूरी है कि वे अपनी सेहत पर नजर रखें। यदि किसी सदस्य को लंबे समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना या अत्यधिक थकान जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेकर जांच करवानी चाहिए।
समय पर करवाएं स्क्रीनिंग- कई मामलों में डॉक्टर परिवार के करीबी सदस्यों की स्क्रीनिंग कराने की भी सलाह देते हैं। इसके अलावा, परिवार के सभी सदस्यों को संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और अच्छी जीवनशैली अपनानी चाहिए ताकि शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत बनी रहे। मजबूत इम्युनिटी संक्रमण से बचाव में मदद करती है।
डॉ. चंद्रमणि पंजाबी बताते हैं कि टीबी एक ऐसी बीमारी है, जिसमें मरीज और परिवार के अन्य सदस्य ध्यान रखें, तो उसकी रिकवरी तेज हो सकती है।
Highlights
24 मार्च को बनाया जाता है वर्ल्ड टीबी डे।
टीबी डे मनाने का मकसद इस बीमारी के प्रति जागरूकता लाना है।
टीबी की बीमारी का इलाज 100 प्रतिशत हो सकता है।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts. Cookie Policy.