गर्मियों में क्यों होता है पेट दर्द? सीनियर कंसल्टेंट से जानें कैसे करें इसे कम
गर्मियों में कुछ लोगों को पेट दर्द की परेशानी काफी ज्यादा होती है। इसके पीछे कई वजह हो सकती हैं। इस लेख में जानते हैं गर्मियों में क्यों होता है पेट दर्द और कैसे करें इस परेशानी को कम?
गर्मियों का मौसम आते ही पेट से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ने लगती हैं। कई लोगों को अचानक पेट दर्द, गैस, एसिडिटी, उल्टी, दस्त और पेट में मरोड़ जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। तेज गर्मी और लू का असर सिर्फ शरीर की बाहरी ऊर्जा पर ही नहीं पड़ता, बल्कि पाचन तंत्र पर भी गहरा प्रभाव डालता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही पेट को बिगाड़ सकती है। इस विषय की अधिक जानकारी के लिए हमने जयपुर स्थित नारायणा हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉ. अमित कुमार संघी से बातचीत की है। आइए डॉक्टर से जानते हैं गर्मियों में क्यों होता है पेट दर्द और कैसे करें इसे कम?
गर्मी में क्यों होता है पेट में दर्द?
गर्मी के दिनों में शरीर से अधिक पसीना निकलता है, जिससे पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी होने लगती है। डिहाइड्रेशन की स्थिति में पाचन प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है और पेट में जलन, भारीपन और दर्द महसूस होने लगता है। कई बार लोग धूप से आकर तुरंत ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक या बाहर का मसालेदार खाना खा लेते हैं, जिससे पेट पर अचानक दबाव पड़ता है और समस्या बढ़ जाती है।
इसके अलावा डॉक्टर बताते हैं कि गर्मियों में फूड पॉइजनिंग और इंफेक्शन का खतरा भी ज्यादा रहता है। बाहर रखा हुआ खाना जल्दी खराब हो जाता है। कटे हुए फल, खुला स्ट्रीट फूड और लंबे समय तक फ्रिज में रखा भोजन बैक्टीरिया को बढ़ावा देता है। यही कारण है कि इस मौसम में दस्त, पेट दर्द और उल्टी के मामले तेजी से बढ़ते हैं।
गर्मी में पेट दर्द कैसे करें कम?
अगर आप गर्मी के दिनों में होने वाली पेट दर्द की परेशानी को कम करना चाहते हैं, तो कुछ नुस्खों का सहारा ले सकते हैं। आइए जानते हैं-
शरीर को हाइड्रेट रखना है जरूरी
अगर पेट दर्द हल्का है, तो सबसे पहले शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी माना जाता है। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और ओआरएस जैसे ड्रिंक्स शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पूरी करने में मदद करते हैं। बहुत ज्यादा ठंडे ड्रिंक्स के सेवन से बचना चाहिए। क्योंकि ये पेट की अंदरूनी परत को प्रभावित कर सकते हैं।
गर्मी में खाएं आसानी से पचने वाली चीजें
खानपान में भी सावधानी जरूरी रहती है। गर्मियों में हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन पेट को आराम देता है। खिचड़ी, दही, केला, दलिया और ताजे फल अच्छे विकल्प माने जाते हैं। तला-भुना, ज्यादा मसालेदार और ऑयली खाना पेट में गैस और एसिडिटी बढ़ा सकता है। कई लोग गर्मियों में बार-बार बाहर का खाना खाते हैं, जिससे इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
बहुत ज्यादा खाने से बचें
गर्मी के दौरान खाने के समय का ध्यान रखना भी जरूरी रहता है। लंबे समय तक खाली पेट रहने से एसिडिटी बढ़ सकती है। वहीं, बहुत ज्यादा खाना भी पाचन तंत्र पर दबाव डालता है। इसलिए थोड़ी-थोड़ी मात्रा में समय पर भोजन करना फायदेमंद माना जाता है।
पर्याप्त रूप से नींद लेना है जरूरी
तनाव और खराब नींद भी पेट दर्द का कारण बन सकते हैं। गर्मियों में शरीर जल्दी थक जाता है, जिससे पाचन पर असर पड़ता है। पर्याप्त नींद और आराम शरीर को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करते हैं।
घरेलू नुस्खे भी हैं कारगर
कुछ घरेलू उपाय भी हल्के पेट दर्द में राहत दे सकते हैं। सौंफ का पानी, अदरक, पुदीना और जीरा पेट को शांत करने में मदद करते हैं। हालांकि अगर दर्द बार-बार हो रहा है, तो केवल घरेलू उपायों पर निर्भर रहना सही नहीं माना जाता।
बिना डॉक्टरी सलाह के न लें दवाईयां
डॉक्टर कहते हैं कि पेट दर्द होने पर लोग अक्सर बिना सलाह के दर्द निवारक दवाइयां ले लेते हैं। लेकिन कुछ दवाइयां पेट की समस्या को और बढ़ा सकती हैं। अगर पेट दर्द लगातार बना रहता है, तेज बुखार, उल्टी, खून की शिकायत या लगातार दस्त दिखाई देते हैं, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी माना जाता है।
Disclaimer : गर्मियों में पेट को स्वस्थ रखने के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखना सबसे जरूरी कदम माना जाता है। खाना खाने से पहले हाथ धोना, ताजा भोजन खाना और पर्याप्त पानी पीना पेट संबंधी कई समस्याओं से बचाव कर सकता है। छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर गर्मियों में पेट दर्द और पाचन संबंधी परेशानियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।