hamburger icon
A
Read in English

महिलाओं के पेशाब से बदबू क्यों आती है? जानें इसके कारण और बचाव के उपाय

Smelly Urine In Women: महिलाओं के पेशाब से बदबू आने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -

WrittenBy

Written By: priya mishra | Updated : May 5, 2025 4:16 PM IST

Causes Of Smelly Urine In Women: कई लोग पेशाब से बदबू आने की समस्या से परेशान रहते हैं। आमतौर पर, डिहाइड्रेशन, चाय-कॉफी का अत्यधिक सेवन या कुछ खाद्य पदार्थों के सेवन के कारण पेशाब से गंध आ सकती है। पेशाब से कभी-कभार हल्की बदबू आना सामान्य है। लेकिन अगर पेशाब से असामान्य तेज या बदबूदार गंध आ रही है, तो आपको इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बार महिलाओं के पेशाब से काफी गंदी और तेज बदबू आती है, जो किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। महिलाओं के पेशाब से बदबू आने के कई कारण हो सकते हैं। अगर लंबे समय से आपके पेशाब से असामान्य तेज बदबू आ रही है, तो आपको डॉक्टर को दिखाने की जरूरत है। आज इस लेख में हम आपको बताने जा रहे हैं कि महिलाओं के पेशाब से बदबू आने के क्या कारण हो सकते हैं और इससे छुटकारा कैसे पाएं? इस विषय पर  बेहतर जानकारी के लिए हमने नई दिल्ली स्थित पीएसआरआई के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ राहुल मनचंदा से बातचीत की।

महिलाओं के पेशाब से बदबू आने के कारण - Causes Of Smelly Urine In Women In Hindi

यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI)

यूरीनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (यूटीआई) महिलाओं में होने वाला सबसे आम बैक्‍टीरियल इंफेक्‍शन है। यह तब होता है जब बैक्टीरिया मूत्रमार्ग के माध्यम से मूत्र तंत्र में प्रवेश कर जाते हैं और मूत्राशय में बढ़ने लगते हैं। इसके कारण पेशाब के दौरान बदबू, जलन और दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर आपको ऐसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से मिलकर जांच करवाएं।

वेजाइनाइटिस (Vaginitis)

महिलाओं के पेशाब से बदबू आने का एक कारण वेजाइनाइटिस हो सकता है। दरअसल, यह एक तरह का वैजाइनल इंफेक्शन है, जिसमें योनि में जलन और दर्द होता है। वेजायनाइटिस होने पर पेशाब में मरी हुई मछली जैसी बदबू आ सकती है। इसके अलावा, इसमें योनि से डिस्चार्ज होने के साथ-साथ खुजली और सूजन भी हो सकती है। आमतौर पर वजाइनल बैक्टीरिया के संतुलन में बदलाव होने की वजह से ऐसा होता है। इसके अलावा, मेनोपॉज के कारण एस्ट्रोजन लेवल में बदलाव की वजह से वेजाइनाइटिस की समस्या हो सकती है।

यीस्ट इंफेक्शन (Yeast Infection)

महिलाओं के पेशाब से बदबू आने का एक कारण यीस्ट इंफेक्शन भी हो सकता है। दरअसल, हमारी त्वचा पर कैंडिडा नामक एक फंगस मौजूद होता है। यह महिलाओं की योनि में भी पाया जा सकता है। जब यह फंगस बहुत अधिक मात्रा में पैदा होता है, तो इससे यीस्ट इंफेक्शन की समस्या हो सकती है। यीस्ट इंफेक्शन होने पर पेशाब में तेज बदबू आती है। इसके अलावा, योनि में सूजन, लालिमा और व्हाइट डिस्चार्ज भी हो सकता है।

बैक्टीरियल वेजाइनोसिस (Bacterial Vaginosis)

बैक्टीरियल वेजाइनोसिस महिलाओं योनि में होने वाला एक संक्रमण है। यह योनि में मौजूद प्राकृतिक बैक्टीरिया के बढ़ने की वजह से होता है। इस स्थिति में पेशाब से बदबू आने लगती है। इसके अलावा, पेशाब करते समय दर्द, जलन और खुजली भी महसूस हो सकती है। साथ ही, व्हाइट डिस्चार्ज की समस्या भी हो सकती है।

डायबिटीज (Diabetes)

पेशाब से बदबू आना डायबिटीज का संकेत भी हो सकता है। दरअसल, डायबिटीज होने पर शरीर अतिरिक्त शुगर (ग्लूकोज) को पेशाब के माध्यम से बाहर निकालने की कोशिश करता है, जिससे बार-बार या फिर रुक-रुक कर पेशाब आता है। अगर आपको ऐसे लक्षण नजर आ रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से मिलकर चेकअप करवाएं।

पेशाब की दुर्गंध दूर करने के उपाय - Smelly Urine Home Remedies in Hindi

भरपूर पानी पिएं

पेशाब से बदबू आने का एक बड़ा कारण शरीर में पानी की कमी होता है। ऐसे में, दिनभर में कम से कम 8–10 गिलास पानी जरूर पिएं। इससे शरीर डिटॉक्स होता है और पेशाब की दुर्गंध कम होती है।

धनिया का पानी पिएं

पेशाब में झाग और बदबू आने पर धनिया का पानी पीना बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। इसका सेवन करने से आपको यूटीआई की समस्या में भी बहुत फायदा मिलता है। इसके लिए आप एक चम्मच साबुत धनिया एक कप पानी में अच्छी तरह उबालें। इसके बाद पानी को छानकर इसका सेवन करें। दिन में 2 से 3 बार इसका सेवन करने से आपको जल्द लाभ मिल सकता है।

आंवला जूस पिएं

आंवले का जूस पीने से भी आपको पेशाब में बदबू और बार-बार पेशाब आने की समस्या में फायदा मिलता है। दरअसल, इसमें विटामिन-सी भरपूर मात्रा में होता है, जो इम्यूनिटी बूस्ट करने और संक्रमण से बचाव करने में मदद करता है। इसके अलावा, इसके सेवन से शरीर डिटॉक्स होता है। इसके लिए आप सुबह खाली पेट एक गिलास आंवला जूस का सेवन करें। नियमित रूप से कुछ दिनों तक इसका सेवन करने से आपको जल्द राहत मिल सकती है।

खट्टे फलों का सेवन करें

संतरा, अमरूद, आंवला जैसे खट्टे फलों में विटामिन-सी भरपूर मात्रा में मौजूद होता है, जो मूत्र संक्रमण को रोकने में मदद करता है। इसके सेवन से पेशाब की जलन और बदबू से राहत मिल सकती है।

Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।