... Read More
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts. Cookie Policy.
Written By: Editorial Team | Updated : September 7, 2018 3:47 PM IST
कोलेस्ट्रॉल वसा की तरह का पदार्थ है जो शरीर की सभी कोशिकाओं में पाया जाता है। © Shutterstock
हमारे शरीर में खाद्य पदार्थों को पचाने में मदद करने और अन्य कार्यों के लिए कोलेस्ट्रॉल की जरूरत होती है। कोलेस्ट्रॉल वसा रूपी पदार्थ है जो शरीर की सभी कोशिकाओं में पाया जाता है। तकनीकी तौर पर यह एक लिपिड है जो कि खून में सर्कुलेट्स के रूप में जाना जाता है। शरीर की हर कोशिका के जीवन के लिए कोलेस्ट्रॉल का होना आवश्यक है।
चूंकि यह वस या फैट युक्त होता है इसलिए यह रक्त में नहीं घुलता और छोटे- छोटे कणों (जिसे लाइपो प्रोटीन कहते हैं) के रूप में संचरित होता है। ब्लड टेस्ट के अलावा आपका शरीर भी आपको कुछ संकेत देने लगता है जिसके ज़रिए आप इस बात का अंदाजा खुद ही लगा सकते हैं कि आपके शरीर में कोलेस्ट्रॉल का लेवल बढ़ रहा है। आखिर कौन से हैं वे संकेत-
हाथ-पैर में सिहरन महसूस होना
जब खून में कोलेस्ट्रॉल का लेवल बहुत अधिक बढ़ जाता है तो शरीर में मौजूद रक्त वाहिकाओं में अवरोध उत्पन्न होने लगता है और वे सिकुड़ने लगती हैं। ऐसे लोगों को अक्सर हाथ और पैर में सिहरन महसूस होती है या फिर बिना किसी वजह के हाथ-पैर में दर्द रहता है। ऐसा इसलिए भी होता है क्योंकि आपके शरीर की पेरिफेरल नसों में पर्याप्त ऑक्सिजन और पोषक तत्व खून के माध्यम से नहीं पहुंच पाते।
गर्दन और सिर के पीछे वाले हिस्से में दर्द
अगर खून में कोलेस्ट्रॉल का लेवल बहुत अधिक बढ़ जाए तो शरीर की कुछ रक्त वाहिकाएं ब्लॉक होने लगती हैं जिससे सिर में रक्त का संचार प्रभावित होता है। इससे सिर की तरफ होनेवाला रक्त के प्रवाह पर भी असर पड़ता है और सिर के पिछले हिस्से में दर्द महसूस होने लगता है। इसके अलावा गर्दन और कंधे में भी समय-समय पर सूजन और दर्द महसूस हो सकता है।
असामान्य हृदय गति
कई बार एक्सरसाइज करने के बाद या तेज़ दौड़ लगाने या सीढ़िया चढ़ने के बाद या फिर कोई भारी फिजिकल ऐक्टिविटी करने के बाद आपके दिल की धड़कन तेज़ हो जाती है। इसमें कोई नुकसान की बात नहीं है। कई बार तनाव, घबराहट या किसी दवा की वजह से भी ऐसा हो सकता है। लेकिन अगर थोड़ा-सा चलने पर ही आपकी सांसें फूलने लगें, थकान महसूस हो और दिल की धड़कन बहुत तेज़ हो जाए यह शरीर में हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल का संकेत होता है।
लगातार वजन बढ़ना
अगर आपका शरीर हमेशा से ही सामान्य वजन वाला रहा है लेकिन अब अचानक बिना किसी कारण के आपके शरीर का वजन लगातार बढ़ रहा हो और आपको हर वक्त भारी-भारी सा महसूस हो तो यह हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल का संकेत हो सकता है। इस लक्षण को नजरअंदाज़ न करें और डॉक्टर से संपर्क कर अपना चेकअप करवाएं।
पलकों पर पीले रंग के धब्बे
क्या आपने भी अपनी आंखों की ऊपर वाली या फिर नीचे वाली पलकों पर पीली रंगत देखी है जिसमें किसी तरह का दर्द नहीं होता? घबराइए नहीं इससे आपकी आंखों की रोशनी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा लेकिन यह इस बात का साफ संकेत है कि आपके खून में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बहुत अधिक बढ़ गई है। वैसे तो एसिड या लेज़र तकनीक का इस्तेमाल कर इन्हें हटाया जा सकता है लेकिन अगर आप चाहते हैं कि यह पीली रंगत पूरी तरह से खत्म हो जाए तो आपको अपने कलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करना होगा।
कॉर्निया में भूरी रंगत या छल्ले
आइने के बेहद नज़दीक खड़े होकर अपनी आंखों को ध्यान से देखें। क्या आपको अपनी आंखों के सफेद भाग यानि कॉर्निया के इर्द-गिर्द भूरे या ग्रे रंग के छल्ले या गोल निशान जैसा कुछ दिखता है? वैसे तो यह बुजुर्गों में काफी आम है लेकिन 45 साल या उससे कम उम्र के लोगों की आंखों में अगर यह दिखे तो समझ जाएं कि आपका कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ गया है।