मुंह से बदबू आना जैसे ये 5 लक्षण हो सकते हैं लिवर कमजोर होने का संकेत, समय रहते हो जाएं सतर्क

Weak Liver Symptoms: लिवर कमजोर होने पर शरीर कुछ संकेत देता है, जिन्हें आपको गलती से भी इग्नोर नहीं करना चाहिए। आइए, जानते हैं लिवर कमजोर होने के लक्षण क्या हैं?

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : December 18, 2023 12:16 PM IST

Weak Liver Symptoms: लिवर हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। यह शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को फिल्टर करने का काम करता है। साथ ही, पाचन तंत्र को मजबूत बनाने से लेकर रेड ब्लड सेल्स के निर्माण में अहम भूमिका निभाता हैं। इसलिए शरीर को स्वस्थ रखने के लिए लिवर का स्वस्थ होना बहुत जरूरी है। लेकिन गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण लिवर कमजोर होने लगता है। अगर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो फैटी लिवर और लिवर सिरोसिस जैसी कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। लिवर कमजोर होने पर शरीर कई तरह के संकेत देता है। इन लक्षणों को पहचानकर समय पर उचित इलाज लेने से आप लिवर डैमेज के खतरे से बच सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे लक्षणों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके जरिए पता लगा सकते हैं कि आपका लिवर कमजोर हो गया है।

मुंह से बदबू आना - Bad Smell From Mouth

मुंह से बदबू आना भी लिवर कमजोर होने का एक संकेत हो सकता है। दरअसल, जब लिवर ठीक ढंग से काम नहीं कर पाता है, तो खून से विषाक्त पदार्थ फिल्टर नहीं हो पाते हैं। ऐसे में, वह श्वसन प्रणाली तक पहुंच जाते हैं, जिसके कारण मुंह से बदबू आती है। हालांकि, कई अन्य कारणों की वजह से भी मुंह से बदबू आने की समस्या हो सकती है। इसलिए डॉक्टर से मिलकर अपना मेडिकल चेकअप करवाएं।

त्वचा संबंधी समस्याएं - Skin Related Problems

जब हमारा लिवर कमजोर होने लगता है, तो इसके संकेत चेहरे पर भी दिखाई देते हैं। इसकी वजह से चेहरे पर दाग-धब्बे या मुंहासे हों सकते हैं। दरअसल, लिवर कमजोर होने पर शरीर में एस्ट्रोजन और टायरोनेज का स्तर बढ़ने लगता है, जिसके कारण चेहरे पर काले धब्बे पड़ने लगते हैं। आमतौर पर हम इसे स्किन प्रॉब्लम समझकर नजरंदाज कर देते हैं। लेकिन ये लक्षण लिवर में पल रही किसी बड़ी बीमारी का संकेत हो सकते हैं।

त्वचा पर नीली रेखाएं पड़ना - Blue Lines On The Skin

लिवर कमजोर होने पर त्वचा पर नीली रेखाएं बनने लगती हैं, जो देखने में मकड़ी के जाले जैसी लगती हैं। दरअसल, ऐसा शरीर में एस्ट्रोजन की मात्रा बढ़ने की वजह से होता है। अगर आपको भी अपनी त्वचा पर ऐसी नीली रेखाएं नजर आएं, तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

खुजली होना - Itching

स्किन एलर्जी या इंफेक्शन के कारण त्वचा में खुजली की समस्या हो सकती है। लेकिन अगर आपको कुछ दिनों से लगातार खुजली की समस्या बनी हुई है, तो यह लिवर कमजोर होने का संकेत हो सकता है। दरअसल, जब लिवर में बनने वाला बाइल जूस खून में घुलने लगता है, तो यह त्वचा के नीचे जमा हो जाता है। इसकी वजह से खुजली की समस्या हो सकती है।

हथेलियां लाल होना - Redness On Palms

अगर आपकी हथेलियां नियमित रूप से लाल रहती हैं या फिर उनमें जलन और खुजली होती है, तो ये लिवर कमजोर होने की ओर इशारा करता है। लिवर में किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर हथेली में रैशेज की समस्या देखने को मिल सकती है। ऐसे लक्षण नजर आने पर आपको डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source