कान में बार-बार ईयर बड डालने की न करें गलती, जानिए कान साफ करने का सबसे सरल तरीका

Earbud Side Effects :  कान में जमा गंदगी को साफ करने के लिए बार-बार ईयरबड का इस्तेमाल न करें। इससे आपके कान में संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। इसे साफ करने के लिए आप कई अन्य सुरक्षित उपायों का सहारा ले सकते हैं। आइए जानते हैं इस बारे में-

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Published : February 8, 2023 10:15 AM IST

Earbud Side Effects : कान में जमा मैल या फिर वैक्स को साफ करने के लिए कई लोग अपने कान में बार-बार ईयरवड डालते हैं। ईयरबड डालने से भले ही आपको कुछ समय के लिए राहत मिले, लेकिन अगर आप बार-बार ईयरबड का इस्तेमाल करते हैं, तो इससे कान में वैक्स अंदर की ओर जा सकता है। इससे आपके कान में कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं। साथ ही संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। आइए जानते हैं कान में ईयरबड डालने से होने वाले नुकसान और इसे साफ करने का क्या है तरीका?

बार-बार कान में ईयरबड डालने के नुकसान

कान में बार-बार ईयरबड डालने से आपको कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं। इससे ईयरवैक्स साफ होने के बजाय कान के अंदर चला जाता है, जिसकी वजह से संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। इसके अलावा इसकी वजह से कई तरह की परेशानियां बढ़ सकती हैं, जैसे-

  • कान में दर्द की परेशानी
  • ईयर वैक्स ब्लॉकेज की समस्या
  • कान से पस निकलना
  • कान से खून आना, इत्यादि।

कान साफ करने का सही तरीका क्या है? 

कान साफ करने के लिए कॉटन ईयरबड का इस्तेमाल करने के बजाय आप घरेलू नुस्खों का सहारा लें। आइए जानते हैं इसके बारे में-

बेकिंग सोडा का करें प्रयोग

कान में ईयरबड डालने से बेहतर है कि आप कान साफ करने के लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें। इसके लिए आधा टी स्पून बेकिंग सोडा लें। इसमें आधा कप गुनगुने पानी डालें। अब इसे एक स्प्रे बोतल में रखें। अब इसकी 5 से 10 ड्रॉप्स अपने कानों में डालें। करीब 1 घंटे बाद अपने कान को कपड़े की मदद से साफ कर लें। 

हाइड्रोजन पैराक्साइड से कान करें साफ

कान को साफ करने के लिए आप हाइड्रोजन पैराक्साइड का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे कान से  इयरवैक्स आसानी से निकल सकते हैं। इसके लिए कान में 5 से 10 बूंदें हाइड्रोजन पैराक्साइड की डालें। 5 मिनट बाद कान को झुका लें। सप्ताह में 1 बार इसका प्रयोग करने से आपके कान की गंदगी साफ हो सकती है।

ऑयल से निकाले कान की गंदगी

कान की गंदगी साफ करने के लिए आप कान में ऑयल भी डाल सकते हैं। इससे वैक्स नरम होकर बाहर आ जाते हैं। कान में आप बेबी ऑयल, ऑलिव ऑयल, नारियल का तेल डाल सकते हैं। तेल डालने से पहले इसे थोड़ा सा गर्म कर लें। इसके बाद इसे अपने कान में डाल लें। अगले दिन आपके कान में जमा वैक्स नरम होकर ऊपर आ जाएंगे, जिसे आप कपड़े की मदद से साफ कर सकते हैं।

कान में ईयरबड डालने के बजाय आप इन तरीकों से कान को साफ कर सकते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि अगर आपको अधिक परेशानी हो रही है तो इस स्थिति में डॉक्टर से जरूर सलाह लें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source