
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Updated : November 4, 2024 3:31 PM IST
Side effects of taking antibiotics without prescription: जब आप बीमार पड़ते हैं और आपको किसी प्रकार का बैक्टीरियल इन्फेक्शन हो जाता है, तो उसका इलाज करने के लिए डॉक्टर कुछ प्रकार की एंटीबायोटिक देते हैं। एंटीबायोटिक्स वे दवाएं होते हैं, जिनका इस्तेमाल शरीर में पनप रहे बैक्टीरियल इन्फेक्शन को खत्म करने के लिए किया जाता है। ये बैक्टीरिया को मारकर या उनकी वृद्धि को रोक कर काम करती हैं, जिससे संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है। एंटीबायोटिक का उपयोग तब किया जाता है जब शरीर का प्रतिरक्षा तंत्र खुद से संक्रमण को नियंत्रित नहीं कर पाता। विशेषज्ञ कहते हैं कि एंटीबायोटिक्स का बिना डॉक्टर की सलाह के उपयोग करने से कई प्रकार की समस्याएं हो सकती हैं, जैसे कि एंटीबायोटिक प्रतिरोध (antibiotic resistance), जिसमें बैक्टीरिया दवाओं के प्रति प्रतिरोधक हो जाते हैं। इसलिए एंटीबायोटिक का उपयोग हमेशा डॉक्टर के परामर्श से ही करना चाहिए। बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक्स लेना सेहत के लिए गंभीर खतरे पैदा कर सकता है। यहां आज हम आपको इससे होने वाले 5 नुकसान बताने जा रहे हैं, जो इसके कारण हो सकते हैं।
बार-बार बिना जरूरत के एंटीबायोटिक लेने से बैक्टीरिया में इनके प्रति प्रतिरोध विकसित हो जाता है, जिससे भविष्य में यह दवाएं असरदार नहीं रहती। इसके कारण संक्रमण गंभीर रूप ले सकते हैं, जो इलाज में कठिन हो सकते हैं। इस स्थिति को एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस कहा जाता है।
एंटीबायोटिक्स अच्छे बैक्टीरिया को भी मार सकते हैं, जो पाचन तंत्र के लिए जरूरी होते हैं। इससे कब्ज, पेट दर्द, दस्त, और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं। साथ ही आपकी पाचन तंत्र से जुड़ी कई गड़बड़ियों का सामना करना पड़ सकता है। खासतौर पर जो लोग लंबे समय से ये दवाएं ले रहे हैं, तो उन्हें ये बीमारियां होने का खतरा ज्यादा रहता है।
बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक लेने से एलर्जी या गंभीर रिएक्शन हो सकता है, जैसे स्किन रैश, खुजली, सांस लेने में दिक्कत आदि। कुछ मामलों में यह जानलेवा भी हो सकता है। इसलिए आपको किसी भी तरह के एंटीबायोटिक लेने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
यह आपकी किडनी और लिवर को भी नकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकते हैं। एंटीबायोटिक शरीर में जाकर किडनी और लिवर पर दबाव डालते हैं, जो इन अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। लंबे समय तक इनका अनियंत्रित इस्तेमाल किडनी और लिवर की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकता है।
एंटीबायोटिक्स का अनावश्यक उपयोग शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर कर सकता है, जिससे शरीर का नेचुरल इम्यून सिस्टम कमजोर होता है और अन्य संक्रमणों के प्रति संवेदनशील हो जाता है। इन कारणों से एंटीबायोटिक लेने से पहले डॉक्टर से परामर्श अवश्य करें।