
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Updated : January 4, 2023 9:26 AM IST
overuse of nasal spray symptoms: ठंड के मौसम में सेहत का ध्यान रख पाना बहुत मुश्किल काम हो जाता है, क्योंकि इस मौसम में तरह-तरह की एलर्जी और संक्रमण होने का खतरा कम हो जाता है। सर्दियों में सबसे ज्यादा हमें बार-बार नाक बंद होने की समस्या होती है, जो कि काफी परेशान कर देने वाली हो सकती है। वैसे तो कई घरेलू उपायों की मदद से बंद नाक को आसानी से खोला जा सकता है, लेकिन इनसे तुरंत आराम नहीं मिल पाता है और लोग इंस्टेंट रिलीफ की तरफ भागते हैं। यही कारण है कि बाजारों में मिलने वाले नेजल स्प्रे आदि का इस्तेमाल किया जाता है, क्योंकि इनकी मदद से बंद नाक तुरंत खुल जाती है। लेकिन बहुत ही कम लोग जानते हैं कि कुछ प्रकार की नेजल स्प्रे आपके लिए नुकसानदायक भी हो सकती हैं। चलिए जानते हैं नेजल स्प्रे का इस्तेमाल करने से क्या नुकसान हो सकते हैं -
अगर आप लंबे समय से लगातार नेजल स्प्रे का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो यह कई गंभीर स्थितियां पैदा कर सकता है। लंबे समय से नेजल स्प्रे के इस्तेमाल से नाक के अंदर अल्सर बन जाते हैं, जिससे नाक से खून बहने जैसी समस्याएं होने लगती हैं। अगर आप गलत तरीके से नेजल स्प्रे का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो भी नाक से खून बहने की समस्या हो सकती है।
अगर आप बहुत ज्यादा नेजल स्प्रे का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो यह आपकी नाक के लिए कई परेशानी पैदा कर सकता है और इनमें से एक है नाक में सूजन आना। दरअसल नेजल स्प्रे में इस्तेमाल किए गए कुछ केमिकल ज्यादा होने पर नाक के अंदर की सेंसिटिव स्किन को इरिटेट कर देते हैं और सूजन होने लगती है।
मुंह का स्वाद बिगड़ना, धातु जैसा स्वाद आना या फिर किसी प्रकार का स्वाद न आना भी ज्यादा नेजल स्प्रे का इस्तेमाल करने के कारण हो सकता है। नेजल स्प्रे का ज्यादा इस्तेमाल करने पर इसमें मौजूद कुछ केमिकल नाक से गले के माध्यम से मुंह तक चले जाते हैं और मुंह के स्वाद को खराब कर देते हैं। इसलिए इसका इस्तेमाल एक सीमित मात्रा में ही करना जरूरी है।
नेजल स्प्रे का बहुत ज्यादा इस्तेमाल गला खराब कर सकता है, क्योंकि इसमें मौजूद केमिकल ज्यादा होने पर नाक के अंदर की संवेदनशील त्वचा को प्रभावित कर देते हैं। नाक के अंदर इसका ज्यादा इस्तेमाल करना नाक की त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है। इस से तेज जलन व खुजली होने जैसी समस्याएं होने लगती हैं।